: हाफ मैराथन में दौड़े 3 हजार धावक, रोमांच और उत्साह के बिखरे रंग
Sun, Mar 3, 2024
•
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित मैराथन में लगभग तीन हजार धावकों ने लिया भाग, दिखा गजब का उत्साह
•
एसिड अटैक सरवाइवर सहित 7 वर्ष के बच्चों से लेकर 90 वर्ष तक के लोगों ने लिया भाग, जगह-जगह ढोल नगाड़े करते दिखा उत्साहवर्धन
आगरा। गजब का उत्साह और रोमांच। बादलों से ढके आसमान में प्रभात की किरणें बिखरने से पहले हजारों धावक स्टेडियम में मौजूद थे। जीतने की ख्वाहिश से अधिक मैराथन में हिस्सा लेना उन्हें ज्यादा उत्साहित कर रहा था और उनके इस उत्साह को बढ़ाने के लिए थे ढोल नगाड़े, धमाकेदार म्यूजिक पर वार्म अप। 7 वर्ष के बच्चों से लेकर 90 वर्ष तक की उम्र के लगभग तीन हजार लोगों ने आज आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ हुई मैराथन में जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। मैराथन में हिस्सा लेने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से धावक पहुंचे। तीन वर्गों (5 किमी, 10 किमी, 21 किमी की हॉफ मैराथन) में आयोजित मैराथन का शुभारम्भ आगरा के पहले आयरन मैन ऋदिम गर्ग ने झंडी दिखाकर किया।
धावकों में जो उत्साह दौड़ प्रारम्भ करते समय नजर आया वहीं दौड़ खत्म पर भी दिखा। न कोई उम्र की सीमा थी और न ही कोई बंधन। डॉक्टर, व्यवसायी, गृहणियां, समाजसेवी हर वर्ग के लोग शामिल थे मैराथन में। एडीशनल कमिश्नर प्रशासन आगरा राजेश कुमार व एसीपी ट्रैफिक अरीब अहमद ने 21 किमी की हॉफ मैराथन में भाग लिया। ज्यादातर धावकों ने 21 किमी की मैराथन को डेढ़ घंटा व 10 किमी की 45 मिनट में व 5 किमी की आधे घंटे में पूरी कर ली। जगह-जगह धावकों के लिए हाइट्रेशन प्वाइंट लगाए गए थे। मैराथन के समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर मुख्य रूप से डॉ. रंजना बंसल, आईएमए अध्यक्ष डॉ. मुकेश गोयल, फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल व उपाध्यक्ष डॉ. संजय गुप्ता, अजय दीपसिंह, डॉ. एनएस लोधी, महेश सारस्वत, भारत सारस्वत, संदीप ढल, आवेग मित्तल, कमलकान्त, संकल्प, दीपक नेगी, डॉ. रचना अग्रवाल, डॉ. सपना, शिवानी वशिष्ठ, गितिका, मोहित, शुभम, विकास, विनय, मोहित, कीर्तिराज, सुमित विभव, पवन चैहान, आलोक अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
ऑन द स्पॉट भी हुए रजिस्ट्रेशन
आगरा में पहली बार आयोजित मैराथन को लेकर लोगों में इतना उत्साह था कि आयोजकों को ऑन द स्पॉट भी रजिस्ट्रेशन करने पड़े। आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेसन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल ने बताया कि लगभग ढाई हजार रजिस्ट्रेशन हुए थे, परन्तु लोगों के आग्रह पर 3 दौड़ शुरु होने से पहले भी रजिस्ट्रेशन किए गए, जिससे मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की संख्या 3 हजार से अधिक पहुंच गई। 5 किमी मैराथन का मार्ग एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होकर मॉल रोड होते हुए करिअप्पा मार्ग पर ढाई किमी के बाद पुनः एकलव्य स्टेडियम पर समाप्त हुई। 10 किमी मैराथन का मार्ग एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होकर लाल किला होते हुए सर्किट मार्ग होते हुए एकलव्य स्टेडियम व 21 किमी की मैराथन का मार्ग एकलव्य स्टेडियम से लाल किला सर्किट हाउस, सेल्फी प्वाइंट, जेपी होटल से यू टर्न लेते हुए फतेहाबाद रोड होते हुए एकलव्य स्टेडियम पर समाप्त हुई।
हृदय रोगियों ने भी लिया मैराथन में भाग
फिरोजाबाद के कुलदीप सिंह, औरेया के हरिशंकर, मैनपुरी के बलराम, जलेसर के माणिक सिंह, मथुरा के भगवान शरण, करहल के उमेश, खंदौली के राजेन्द्र और भूरी सिंह ने भी मैराथन में भाग लिया। खास बात यह थी कि सभी हृदय रोगी थे, जो विशेषतौर पर मैराथन में भाग लेने पहुंचे। कुलदीप व बलराम ने बताया कि डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अब नियमित दौड़ते हैं। उन्होंने सभी को शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए नियमित दौड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
व्हीलचेयर पर मैराथन में हिस्सा लेने पहुंचे लोकेन्द्र
दिव्यांग लोकेन्द्र कुमार गौतम व्हीलचेयर के साथ मैराथन में दौड़े। 32 वर्षीय लोकेन्द्र ने 5 किमी की दौड़ को आधे घंटे में पूरा किया और दिव्यांग लोगों को संदेश दिया कि जीवन में कभी हार न माने, किसी के लिए कुछ भी असम्भव नहीं, तभी तो लोकेन्द्र जोमेटो के लिए डिलीवरी बॉय का काम कर रहे हैं।
: बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने वालों का किया सम्मान
Fri, Mar 1, 2024
होटल पुष्पविला में आयोजित हुआ कार्यक्रम
प्रत्येक माह की 1, 9, 16, 24 तारीख को आयोजित होता है पीएमएसएमए दिवस
पीएमएसएमए दिवस पर जिले की 1.31 लाख गर्भवती ने प्रसव पूर्व जांच कराई
आगरा। आगरा जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस में प्रतिभाग करने वाली स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यरत स्टाफ, परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करने पर शुक्रवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल पुष्पविला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव द्वारा सम्मानित किया गया।
जिला महिला चिकित्सालय की एसआईसी डॉ. नीलम रानी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस दौरान परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत 2022-23 में किए गए महिला नसबंदी, पुरुष नसबंदी, पीपीआईयूसीडी, अंतरा सेवा देने पर ब्लॉक व जिला स्तर पर बेहतर सेवाएं देने वालों अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर उपस्थित प्रतिभागियों को कायाकल्प अवार्ड योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। अभिमुखीकरण में कायाकल्प अवार्ड योजना से संबंधित समस्त जानकारी प्राप्त कराई गई ।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नंदन सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान पूरे आगरा जनपद में समस्त स्वास्थ्य इकाईयो पर प्रत्येक माह की 1,9,16,24 तारीख को आयोजित होता है, लेकिन शहरी क्षेत्र की स्वास्थ्य इकाइयों पर केवल माह की 9 तारीख को ही आयोजित होता है, क्योंकि प्रत्येक गर्भवती एक एमबीबीएस स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखा सके। पीएमएसएमए दिवस पर गर्भवती की प्रसव पूर्व हीमोग्लोबिन, शुगर, यूरिन जांच, ब्लड ग्रुप, एचआईवी, सिफलिस, वजन, ब्लड प्रेशर सहित अल्ट्रासाउंड एवं अन्य जांच की जाती हैं। जिन स्वास्थ्य इकाइयों पर अल्ट्रसाउंड की सुविधा नहीं है उनके नजदीक के निजी केंद्र को सम्बद्ध कर गर्भवती को सरकारी प्रावधानों के अनुसार ई-रुपी वाउचर के जरिए निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड कराने की सुविधा मिल रही है। निजी केंद्रों पर सिर्फ एसएमएस और क्यू आर कोड दिखाकर गर्भवतियों को यह सुविधा मिल जाती है। उन्हें गर्भावस्था के दौरान कोई परेशानी न हो। इससे मातृत्व मृत्यु दर में कमी लाना सरकार का उद्देश्य है। इसके लिए जनपद की स्वास्थ्य इकाइयों पर अच्छा काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया ।
जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता संगीता भारती ने बताया कि वित्तीय वर्ष अप्रैल 2023 से फरवरी 2024 तक पीएमएसएमए दिवस पर जिले की 1.31 लाख गर्भवती ने प्रसव पूर्व जांच कराई, जिसमें 12529 उच्च जोखिम वाली गर्भवती को चिन्हित किया गया। इन्ही चिन्हित उच्च जोखिम वाली गर्भवती को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व क्लीनिक में जनपद के एफआरयू पर जांच संदर्भित किया गया ।
कार्यक्रम में जनपद में पीएमएसएमए दिवस के दौरान गर्भवती को दूसरी व तीसरी तिमाही में सर्वाधिक गुणवत्तापरक प्रसव पूर्व देखभाल की सुविधा प्रदान करने वाले एमओआईसी डॉ. मेघना शर्मा, डॉ. वीनम चतुर्वेदी, सुमन चतुर्वेदी को सम्मानित किया गया ।
जीवनी मंडी स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि इस सम्मान के लिए अपनी टीम को शुभकामनाएं देती हूं। इस तरह की समाज समारोह से सभी मैं अच्छा कार्य करने की भावना पनपती है।
इस मौके पर एडी ऑफिस से डॉ. गोपाल गर्ग, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता संगीता भारती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. कुलदीप भारद्वाज, यूपीटीएसयू के जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ आलोक तबेलाबक्श, आईपास से आलोक चतुर्वेदी, पीएसआई से अनिल द्विवेदी, परिवार सेवा संस्थान से मीनू भार्गव सहित संबंधित चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक प्रभारी, बी.पी.एम. एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे ।
: हॉफ मैराथन 3 मार्च को, दौड़ेंगे दो हजार से अधिक धावक
Fri, Mar 1, 2024
•
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित हॉफ मैराथन का
3 मार्च को एकलव्य स्टेडियम से होगा
शुभारम्भ
•
प्रशासनिक अधिकारी, व्यवसायी, डॉक्टरों सहित कई वर्गों के लोग लेंगे भाग
•
टीशर्ट व मेडल का हुआ अनावरण, 7 से 75 वर्ष से अधिक उम्र के लोग लेंगे भाग
•
शहर के लोगों में मैराथन के लेकर उत्साह, हर रोज हो रही प्रैक्टिस
आगरा। ताजनगरी में एक नई शुरुआत होने जा रही है। पहली बार 21 किमी की हॉफ मैराथन का आयोजन आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा 3 मार्च को एकलव्य स्टेडियम से किया जा रहा है। जिसमें दो हजार से अधिक लोग दौड़ेंगे। एडीशनल कमिश्नर प्रशासन आगरा राजेश कुमार व एसीपी ट्रैफिक अरीब अहमद भी भाग लेंगे। यह जानकारी आज कॉसमॉस मॉल स्थित होटल फेयरफील्ड बॉय मैरिएट में टी-शर्ट व मेडल लॉन्च कार्यक्रम में आयोजकों द्वारा दी गई। मैराथन का शुभाम्भ आगरा के पहले आयरन मैन ऋदिम गर्ग 3 मार्च को सुबह 5.30 बजे झंडी दिखाकर करेंगे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. रंजना बंसल ने टी शर्ट व मेडल का अनावरण करते हुए कहा कि इससे पहले मैराथन में हिस्सा लेने के लिए लोग मुम्बई, दिल्ली और बैंगलोर जैसे शहरों में जाते हैं। आगरा में हाफ मैराथन का आयोजन सराहनीय कदम है। फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल व उपाध्यक्ष डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि सभी अपनी बिब, टीशर्ट, गुडी बैग 2 मार्च को सुबह 10 से शाम 5.30 बजे तक एकलव्य स्टेडियम से प्राप्त कर सकते हैं।
मैराथन का आयोजन तीन कैटेगरी (5 किमी, 10 किमी व 21 किमी) में किया जा रहा है। 5 किमी मैराथन का मार्ग एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होकर मॉल रोड होते हुए करिअप्पा मार्ग पर ढाई किमी के बाद पुनः एकलव्य स्टेडियम पर पहुंचेगा। 10 किमी मैराथन का मार्ग एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होकर लाल किला होते हुए सर्किट मार्ग होते हुए एकलव्य स्टेडियम होगा। 21 किमी की मैराथन का मार्ग एकलव्य स्टेडियम से लाल किला सर्किट हाउस, सेल्फी प्वाइंट, जेपी होटल से यू टर्न लेते हुए फतेहाबाद रोड होते हुए एकलव्य स्टेडियम पर समाप्त होगा। 10 व 21 किमी की मैराथन के धवकों में आरएफआईडी चिप लगी होगी जो दौड़ पूरी करने के समय को प्रतिभागी के मोबाइल दौड़ पूरी होते ही भेजेगी।
इस अवसर मुख्य रूप से अजय दीपसिंह, डॉ. एनएस लोधी, महेश सारस्वत, भरत सारस्वत, संदीप ढल, आवेग मित्तल, कमलकान्त, संकल्प, दीपक नेगी, डॉ. रचना अग्रवाल, डॉ. सपना, शिवानी वशिष्ठ, गितिका, मोहित, शुभम, विकास, विनय, मोहित, कीर्तिराज, सुमित विभव, पवन चैहान, आलोक अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
ये होंगी सुविधाएं
मैराथन के लिए प्रत्येक 1-2 किमी के बीच हाइडिरेशन प्वाइंट बनाए गए हैं। 12 फिजियोथैरिपिस्ट, 4 एम्बूलेंस (विद कम्पलीट मेडिकल सपोर्ट), मार्ग में फल, धावकों का उत्साह बढ़ाने के लिए ढोल नगाड़े व लोक नृत्य करते कलाकार होंगे।