सामाजिक समरसता एकता यात्रा : सामाजिक समरसता यात्रा से एक सूत्र में पिरोएंगे सभी समाज, 3 नवंबर से होगी शुरुआत
Pragya News 24
Mon, Oct 26, 2026
एक माह तक एत्मादपुर क्षेत्र के गांवों और कस्बों में पहुंचेंगे भाजपा नेता सीटू चौहान, महापुरुषों का सम्मान और सहभोज होंगे प्रमुख आकर्षण
जातिगत भेदभाव मिटाने, आपसी भाईचारा बढ़ाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
आगरा। समाज में जातिगत भेदभाव दूर कर सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा नेता सीटू चौहान 3 नवंबर से एक माह तक सामाजिक समरसता एकता यात्रा निकालेंगे। एत्मादपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में पहुंचने वाली इस यात्रा के दौरान सभी समाजों के महापुरुषों का सम्मान करने के साथ सामूहिक सहभोज आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एकजुट कर विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर फिरोजाबाद रोड स्थित रतनदीप फार्म गैलेक्सी में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में सीटू चौहान ने यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी विश्वास, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाकर सामाजिक दूरियां समाप्त करने और समरस समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।
महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से सामाजिक एकता का संदेश
सीटू चौहान ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर मानवता को सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। रामायण की शिक्षाएं प्रेम, सद्भाव और एकता के साथ समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं। यात्रा के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि और भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति, वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनके विचार संपूर्ण समाज की साझा धरोहर हैं। सामाजिक समरसता का वास्तविक अर्थ जातिगत भेदभाव और सामाजिक दूरियों से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान देना है। जब समाज का हर वर्ग स्वयं को राष्ट्र निर्माण का अभिन्न हिस्सा मानेगा, तभी सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी पहुंचाएंगे
समरसता यात्रा के दौरान सामाजिक एकता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना और पीएम-किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सरकारी सुविधाओं की जानकारी देने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सीटू चौहान ने कहा कि अभियान की भावना यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति सामाजिक भेदभाव या जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। यात्रा के माध्यम से सामाजिक सहयोग, समान अवसर और जनसेवा की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज कपूर वाल्मीकि, डीपी सिंह बघेल, गिर्राज पाठक, बसंत यादव, नरेंद्र बघेल और लायक सिंह निषाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन