: लायंस विशाल एवं डॉ दिव्या प्रकाश फाऊंडेशन ने शिवर में कराए 76 से ज्यादा सफल ऑपरेशन
Sun, Mar 3, 2024
लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल, लायंस विशाल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं डॉ दिव्या प्रकाश मेमोरियल फाउंडेशन के निःशुल्क चिकित्सा शिविर का समापन
28 वर्षों से लॉयंस क्लब ऑफ आगरा विशाल और शांतिवेद हॉस्पिटल लगा रहा है निःशुल्क चिकित्सा शिविर
10 में से हर एक व्यक्ति पथरी की समस्या से पीड़ित: डॉ अजय प्रकाश
चिकित्सा शिविर समापन पर चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ का हुआ सम्मान
पित्ताशय की पथरी के इलाज में देरी बन सकती है कई बीमारियों का कारण
आगरा। लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल, लायंस विशाल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं डॉ दिव्या प्रकाश मेमोरियल फाउंडेशन ने शांतिवेद ट्रस्ट के सहयोग से 28 वें निःशुल्क ऑपरेशन शिविर में 76 मरीजों की पथरी की समस्या का ऑपरेशन कर सफल निदान किया गया। गुरु का ताल सिकंदरा स्थित शांतिवेद मेडिकल साइंसेज इंस्टिट्यूट के सभागार में आयोजित चिकित्सा शिविर के समापन समारोह के दौरान सहयोगी चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मानित किया गया।
26 फरवरी से शुरू हुए निःशुल्क चिकित्सा शिविर में शहर के अलावा ग्रामीण अंचल के गरीब बेसहारा और जरूरतमंद पथरी से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन कर दवाई दी गई। लायंस क्लब आगरा विशाल के अध्यक्ष रविंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि पिछले 28 वर्षों से लगातार निःशुल्क पथरी एवं एपेंडिक्स के अपरेशन कर जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सा सहायता देने का प्रयास किया जा रहा है। डॉ दिव्या प्रकाश की पुण्य स्मृति में आयोजित शिविर में मरीजों के ऑपरेशन के साथ उनकी जांच और दवाइयां भी संस्था की ओर से प्रदान की गई है। निःशुल्क ऑपरेशन का उद्देश्य उन जरूरतमंद लोगों की मदद करना है जो आर्थिक तंगी के अभाव में अपने स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रख पाते। उन्होंने बताया कि मरीज परिवर की ओर से एक एक यूनिट रक्तदान भी किया गया।
मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अरुण श्रीवास्तव, डिप्टी सीएमओ डॉ नंदन सिंह ने शिरकत करते हुए सामाजिक संस्था एवं अस्पताल प्रशासन चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरुण श्रीवास्तव ने कहा इस तरह के निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से समाज के उस वर्ग को सरल एवं सुगम बेहतर चिकित्सा मिल जाती है जो कहीं ना कहीं अपनी दम पर इलाज कराने में सक्षम नहीं है। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया।
दोबारा पथरी होने की संभावना रहती है प्रबल डॉक्टर अजय प्रकाश
डॉ अजय प्रकाश ने बताया कि पथरी की संभावना ऑपरेशन होने के बाद भी रहती है। किडनी में पथरी एक वंशानुगत बीमारी है साथ ही शरीर के अन्य अंगों की पथरी खानपान और दिनचर्या से भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा महिलाओं में यह समस्या दिन व दिन बढ़ती जा रही है।
पथरी की समस्या को नजरअंदाज करने से कैंसर का भी खतरा
इस मौके पर लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉक्टर श्वेतांक प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कई वर्षों से संस्था के सहयोग से निःशुल्क ऑपरेशन किए जा रहे हैं। इस बार भी 85 मरीजों का रजिस्ट्रेशन हुआ था जिसमें से जांच के उपरांत 76 मरीजों की सर्जरी कर सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद सभी मरीज स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 3000 से ज्यादा निःशुल्क ऑपरेशन पिछले 27 वर्षों में हो चुके हैं। डॉक्टर श्वेतांक प्रकाश ने बताया कि पित्ताशय की पथरी के इलाज में मरीज को लापरवाही नहीं करनी चाहिए। आयुर्वेदिक होम्योपैथिक एवं देसी इलाज की वजह से कई मरीज पित्ताशय की पथरी की वजह से कैंसर, हेपेटाइटिस, पीलिया जैसी बीमारियों से ग्रसित हो जाते हैं। उन्होंने कहा आज के समय में पथरी का दूरबीन विधि से सफल इलाज है एक दिन के बाद मरीज को छुट्टी देकर घर भेज दिया जाता है।
इन चिकित्सकों ने दिखाई सहभागिता
निःशुल्क चिकित्सा शिविर में सीनियर सर्जन डॉक्टर अजय प्रकाश, डॉ श्वेतांक प्रकाश, डॉ ब्लोसम प्रकाश, डॉ संजय प्रकाश, डॉक्टर शिवांक प्रकाश सहित पैरामेडिकल स्टाफ का सहयोग रहा।
इनकी रही मौजूदगी
समापन समारोह के अवसर पर प्रमुख रूप से सीएमओ डॉक्टर अरुण श्रीवास्तव, डिप्टी सीएमओ डॉक्टर नंदन सिंह, डॉक्टर अजय प्रकाश, डॉ श्वेतांक प्रकाश, डॉ स्वाति प्रकाश, लॉयंस क्लब आगरा विशाल के अध्यक्ष रविंद्र कुमार अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, अजय बंसल, पूरन डाबर, डॉ सुशील गुप्ता, नंदी बंसल, संजय बंसल, सुरेश जैन सहित क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विनय बंसल और सुनील बंसल ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के पश्चात धन्यवाद ज्ञापन हेमंत अग्रवाल ने प्रस्तुत किया।
: हाफ मैराथन में दौड़े 3 हजार धावक, रोमांच और उत्साह के बिखरे रंग
Sun, Mar 3, 2024
•
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित मैराथन में लगभग तीन हजार धावकों ने लिया भाग, दिखा गजब का उत्साह
•
एसिड अटैक सरवाइवर सहित 7 वर्ष के बच्चों से लेकर 90 वर्ष तक के लोगों ने लिया भाग, जगह-जगह ढोल नगाड़े करते दिखा उत्साहवर्धन
आगरा। गजब का उत्साह और रोमांच। बादलों से ढके आसमान में प्रभात की किरणें बिखरने से पहले हजारों धावक स्टेडियम में मौजूद थे। जीतने की ख्वाहिश से अधिक मैराथन में हिस्सा लेना उन्हें ज्यादा उत्साहित कर रहा था और उनके इस उत्साह को बढ़ाने के लिए थे ढोल नगाड़े, धमाकेदार म्यूजिक पर वार्म अप। 7 वर्ष के बच्चों से लेकर 90 वर्ष तक की उम्र के लगभग तीन हजार लोगों ने आज आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ हुई मैराथन में जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। मैराथन में हिस्सा लेने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से धावक पहुंचे। तीन वर्गों (5 किमी, 10 किमी, 21 किमी की हॉफ मैराथन) में आयोजित मैराथन का शुभारम्भ आगरा के पहले आयरन मैन ऋदिम गर्ग ने झंडी दिखाकर किया।
धावकों में जो उत्साह दौड़ प्रारम्भ करते समय नजर आया वहीं दौड़ खत्म पर भी दिखा। न कोई उम्र की सीमा थी और न ही कोई बंधन। डॉक्टर, व्यवसायी, गृहणियां, समाजसेवी हर वर्ग के लोग शामिल थे मैराथन में। एडीशनल कमिश्नर प्रशासन आगरा राजेश कुमार व एसीपी ट्रैफिक अरीब अहमद ने 21 किमी की हॉफ मैराथन में भाग लिया। ज्यादातर धावकों ने 21 किमी की मैराथन को डेढ़ घंटा व 10 किमी की 45 मिनट में व 5 किमी की आधे घंटे में पूरी कर ली। जगह-जगह धावकों के लिए हाइट्रेशन प्वाइंट लगाए गए थे। मैराथन के समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर मुख्य रूप से डॉ. रंजना बंसल, आईएमए अध्यक्ष डॉ. मुकेश गोयल, फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल व उपाध्यक्ष डॉ. संजय गुप्ता, अजय दीपसिंह, डॉ. एनएस लोधी, महेश सारस्वत, भारत सारस्वत, संदीप ढल, आवेग मित्तल, कमलकान्त, संकल्प, दीपक नेगी, डॉ. रचना अग्रवाल, डॉ. सपना, शिवानी वशिष्ठ, गितिका, मोहित, शुभम, विकास, विनय, मोहित, कीर्तिराज, सुमित विभव, पवन चैहान, आलोक अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
ऑन द स्पॉट भी हुए रजिस्ट्रेशन
आगरा में पहली बार आयोजित मैराथन को लेकर लोगों में इतना उत्साह था कि आयोजकों को ऑन द स्पॉट भी रजिस्ट्रेशन करने पड़े। आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेसन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल ने बताया कि लगभग ढाई हजार रजिस्ट्रेशन हुए थे, परन्तु लोगों के आग्रह पर 3 दौड़ शुरु होने से पहले भी रजिस्ट्रेशन किए गए, जिससे मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की संख्या 3 हजार से अधिक पहुंच गई। 5 किमी मैराथन का मार्ग एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होकर मॉल रोड होते हुए करिअप्पा मार्ग पर ढाई किमी के बाद पुनः एकलव्य स्टेडियम पर समाप्त हुई। 10 किमी मैराथन का मार्ग एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होकर लाल किला होते हुए सर्किट मार्ग होते हुए एकलव्य स्टेडियम व 21 किमी की मैराथन का मार्ग एकलव्य स्टेडियम से लाल किला सर्किट हाउस, सेल्फी प्वाइंट, जेपी होटल से यू टर्न लेते हुए फतेहाबाद रोड होते हुए एकलव्य स्टेडियम पर समाप्त हुई।
हृदय रोगियों ने भी लिया मैराथन में भाग
फिरोजाबाद के कुलदीप सिंह, औरेया के हरिशंकर, मैनपुरी के बलराम, जलेसर के माणिक सिंह, मथुरा के भगवान शरण, करहल के उमेश, खंदौली के राजेन्द्र और भूरी सिंह ने भी मैराथन में भाग लिया। खास बात यह थी कि सभी हृदय रोगी थे, जो विशेषतौर पर मैराथन में भाग लेने पहुंचे। कुलदीप व बलराम ने बताया कि डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अब नियमित दौड़ते हैं। उन्होंने सभी को शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए नियमित दौड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
व्हीलचेयर पर मैराथन में हिस्सा लेने पहुंचे लोकेन्द्र
दिव्यांग लोकेन्द्र कुमार गौतम व्हीलचेयर के साथ मैराथन में दौड़े। 32 वर्षीय लोकेन्द्र ने 5 किमी की दौड़ को आधे घंटे में पूरा किया और दिव्यांग लोगों को संदेश दिया कि जीवन में कभी हार न माने, किसी के लिए कुछ भी असम्भव नहीं, तभी तो लोकेन्द्र जोमेटो के लिए डिलीवरी बॉय का काम कर रहे हैं।
: बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने वालों का किया सम्मान
Fri, Mar 1, 2024
होटल पुष्पविला में आयोजित हुआ कार्यक्रम
प्रत्येक माह की 1, 9, 16, 24 तारीख को आयोजित होता है पीएमएसएमए दिवस
पीएमएसएमए दिवस पर जिले की 1.31 लाख गर्भवती ने प्रसव पूर्व जांच कराई
आगरा। आगरा जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस में प्रतिभाग करने वाली स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यरत स्टाफ, परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करने पर शुक्रवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल पुष्पविला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव द्वारा सम्मानित किया गया।
जिला महिला चिकित्सालय की एसआईसी डॉ. नीलम रानी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस दौरान परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत 2022-23 में किए गए महिला नसबंदी, पुरुष नसबंदी, पीपीआईयूसीडी, अंतरा सेवा देने पर ब्लॉक व जिला स्तर पर बेहतर सेवाएं देने वालों अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर उपस्थित प्रतिभागियों को कायाकल्प अवार्ड योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। अभिमुखीकरण में कायाकल्प अवार्ड योजना से संबंधित समस्त जानकारी प्राप्त कराई गई ।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नंदन सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान पूरे आगरा जनपद में समस्त स्वास्थ्य इकाईयो पर प्रत्येक माह की 1,9,16,24 तारीख को आयोजित होता है, लेकिन शहरी क्षेत्र की स्वास्थ्य इकाइयों पर केवल माह की 9 तारीख को ही आयोजित होता है, क्योंकि प्रत्येक गर्भवती एक एमबीबीएस स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखा सके। पीएमएसएमए दिवस पर गर्भवती की प्रसव पूर्व हीमोग्लोबिन, शुगर, यूरिन जांच, ब्लड ग्रुप, एचआईवी, सिफलिस, वजन, ब्लड प्रेशर सहित अल्ट्रासाउंड एवं अन्य जांच की जाती हैं। जिन स्वास्थ्य इकाइयों पर अल्ट्रसाउंड की सुविधा नहीं है उनके नजदीक के निजी केंद्र को सम्बद्ध कर गर्भवती को सरकारी प्रावधानों के अनुसार ई-रुपी वाउचर के जरिए निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड कराने की सुविधा मिल रही है। निजी केंद्रों पर सिर्फ एसएमएस और क्यू आर कोड दिखाकर गर्भवतियों को यह सुविधा मिल जाती है। उन्हें गर्भावस्था के दौरान कोई परेशानी न हो। इससे मातृत्व मृत्यु दर में कमी लाना सरकार का उद्देश्य है। इसके लिए जनपद की स्वास्थ्य इकाइयों पर अच्छा काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया ।
जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता संगीता भारती ने बताया कि वित्तीय वर्ष अप्रैल 2023 से फरवरी 2024 तक पीएमएसएमए दिवस पर जिले की 1.31 लाख गर्भवती ने प्रसव पूर्व जांच कराई, जिसमें 12529 उच्च जोखिम वाली गर्भवती को चिन्हित किया गया। इन्ही चिन्हित उच्च जोखिम वाली गर्भवती को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व क्लीनिक में जनपद के एफआरयू पर जांच संदर्भित किया गया ।
कार्यक्रम में जनपद में पीएमएसएमए दिवस के दौरान गर्भवती को दूसरी व तीसरी तिमाही में सर्वाधिक गुणवत्तापरक प्रसव पूर्व देखभाल की सुविधा प्रदान करने वाले एमओआईसी डॉ. मेघना शर्मा, डॉ. वीनम चतुर्वेदी, सुमन चतुर्वेदी को सम्मानित किया गया ।
जीवनी मंडी स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि इस सम्मान के लिए अपनी टीम को शुभकामनाएं देती हूं। इस तरह की समाज समारोह से सभी मैं अच्छा कार्य करने की भावना पनपती है।
इस मौके पर एडी ऑफिस से डॉ. गोपाल गर्ग, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता संगीता भारती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. कुलदीप भारद्वाज, यूपीटीएसयू के जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ आलोक तबेलाबक्श, आईपास से आलोक चतुर्वेदी, पीएसआई से अनिल द्विवेदी, परिवार सेवा संस्थान से मीनू भार्गव सहित संबंधित चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक प्रभारी, बी.पी.एम. एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे ।