: ‘रे ऑफ होप’ त्रैमासिक होम्योपैथिक शिविर में 300 से अधिक विशेष बच्चों का हुआ निःशुल्क उपचार
Sun, Jul 13, 2025
35 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जन्मजात रोगों से ग्रसित बच्चों को दी नई आशा
श्री गिरिराज जी सेवक मंडल (परिवार) हर तीन माह में करता है आयोजन
आगरा। श्री गिरिराज जी सेवक मंडल (परिवार), आगरा द्वारा रे ऑफ होप होम्योपैथिक वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से रविवार को बल्केश्वर स्थित गणेशराम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर विद्यालय में त्रैमासिक विशेष होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर विशेष रूप से मानसिक, शारीरिक और आनुवंशिक रोगों से पीड़ित 300 से अधिक बच्चों का निःशुल्क परीक्षण व उपचार किया गया। संस्था सदस्य अजय गोयल ने बताया कि शिविर में मानसिक पक्षाघात, शारीरिक पक्षाघात, मंदबुद्धि, जन्मजात शारीरिक विकृति, भेंगापन (आंखों का तिरछापन), डी.एम.डी., आनुवंशिक विकार व ऑटिज़्म जैसी जटिल एवं जन्मजात समस्याओं से ग्रसित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण 35 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया।
डॉ. शिव शंकर मितवार, डॉ. नितिन वर्मा, डॉ. अंकित त्यागी, डॉ. ललित गोला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. शिवा श्रीवास्तव, डॉ. भूपेंद्र सिंह, डॉ. श्रुति जैन, डॉ. ज्योति चौधरी, डॉ. निशांत आदि चिकित्सकों ने शिविर में सेवाएं प्रदान की। सभी रोगियों की केस हिस्ट्री के अनुसार विस्तृत परामर्श दिया गया और उन्हें तीन माह की निःशुल्क दवा प्रदान की गई। आयोजन की व्यवस्थाएं पवन कुमार अग्रवाल, श्याम महेश्वरी, मनोज कुमार गर्ग, राजेश अग्रवाल, कविता अग्रवाल आदि ने संभाली।
सेवा का छठा वर्ष पूर्ण
पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह त्रैमासिक शिविर विगत 6 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और प्रत्येक तीसरे माह के दूसरे रविवार को आयोजित होता है। संस्था द्वारा अगला शिविर 12 अक्टूबर 2025 को आयोजित किया जाएगा।
: मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन सही
Thu, Jul 10, 2025
जागरुकता रैली निकालकर मनाया जाएगा विश्व जनसंख्या दिवस
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से निकाली जाएगी जागरुकता रैली
11 से 18 जुलाई तक चलाया जाएगा विशेष अभियान
आगरा। विश्न जनसंख्या दिवस के अवसर पर शुक्रवार को आगरा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से आवास विकास सेक्टर 12 तक जागरुकता रैली निकाली जाएगी। इसके साथ ही 11 से 18 जुलाई तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर लोगों को परिवार नियोजन कार्यक्रम के प्रति जागरुक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। इस बार इसकी थीम 'मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन सही' रखी गई है। 18 जुलाई तक पूरे जनपद में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करके लोगों परिवार नियोजन अपनाने व परिवार नियोजन के फायदों से अवगत कराया जाएगा।
परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि परिवार नियोजन के प्रति सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने के लिए पंचायती राज संस्थाओं, महिला एवं बाल विकास, शहरी स्थानीय निकाय, स्वयं सहायता समूहों और सास-बेटा-बहू सम्मेलन जैसे समुदाय आधारित मंचों के सदस्यों को सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान जन जागरुकता बढ़ाने के लिए जनपद में सारथी वाहन चलाए जाएंगे, जो जनपद और ब्लॉक स्तर पर परिवार नियोजन कार्यक्रम व साधनों के प्रति लोगों को जागरुक करेंगे। इसके साथ ही नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र में क्षेत्रीय आशा के माध्यम से सास-बेटा-बहू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सेवा प्रदायगी अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें प्रत्येक ब्लॉक एवं जिला मुख्यालय पर परिवार नियोजन की सेवाएं जैसे- प्रसव पश्चात व अंतराल आयूसीडी , इंजेक्टेबल गर्भनिरोधक एमपीए (अंतरा), महिला एवं पुरुष नसबंदी आदि की सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
नेशनल हेल्थ मिशन के डीपीएम कुलदीप भारद्वाज बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर लक्ष्य दंपत्ति को परिवार नियोजन के प्रति परामर्श भी दिया जाएगा। नवविवाहित जोड़ों, एक वर्ष के अंदर उच्च जोखिम अवस्थामें जिनका प्रसव हुआ हो ऐसी महिला, लक्षित दंपतिजो दो बच्चों के जन्मकेबीच अंतर रखना चाहते हैं, लक्षित दंपति जिनका परिवार पूरा हो गया है ऐसे लोगों को परिवार नियोजन परामर्श केंद्र में उनके अनुकूल परिवार नियोजन का साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यह हैं लक्ष्य दंपति
विगत एक वर्ष के नवविवाहित जोड़े
विगत एक वर्ष में उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी)वालीमहिला जिनका प्रसव हुआ हो
लक्षित दंपति जो दो बच्चों के जन्म के बीच अंतर रखना चाहते हों
लक्षित दंपति जिनका परिवार पूरा हो गया हो
: भारत विकास परिषद अमृतम् शाखा द्वारा वृहद स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न
Sun, Jul 6, 2025
सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आमजन को मिला चिकित्सा लाभ, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया मार्गदर्शन
आगरा। भारत विकास परिषद अमृतम् शाखा द्वारा परिषद के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश की 105वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़े के अंतर्गत रविवार को हेल्पिंग इंडिया ट्रॉमा सेंटर, मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सुल्तानगंज की पुलिया पर वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए निःशुल्क जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त किया। शिविर में रक्तचाप, शुगर, मौसमी संक्रमण, थकान, हृदय संबंधी लक्षण जैसी समस्याओं पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया।
शिविर का संचालन डॉ. विजय सिंघल (एसएन मेडिकल कॉलेज) एवं डॉ. रुचि सिंघल के निर्देशन में किया गया। दोनों चिकित्सकों ने शिविर में आए लोगों की गंभीरता से जांच कर निःशुल्क परामर्श एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता राम भाई ने बताया कि भारत विकास परिषद की मूल भावना—सेवा, संस्कार, सहयोग, समर्पण और राष्ट्रभावना—को साकार करने का प्रयास हर आयोजन में होता है। यह स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सीय सेवा पहुंचाने का एक विनम्र प्रयास है। हमें गर्व है कि परिषद के सदस्य सेवा के इस पथ पर पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। आने वाले समय में ऐसे प्रयास और भी व्यापक स्तर पर किए जाएंगे।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा, संरक्षक व संस्थापक R S गुप्ता, विजय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल,अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (रामभाई), सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन, महिला संयोजिका रेखा राज अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, पिंटू भाई , सुदेश अग्रवाल, दीपक भार्गव, कुसुम अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।