: हॉफ मैराथन के प्रोमों में कोहरे की चादर को चीरते हुए दौड़े 500 से अधिक धावक
Sun, Jan 14, 2024
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित हॉफ मैराथन के प्रथम प्रोमो में 6 वर्ष से 74 वर्ष के लोगों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
आगरा। हाथों में तिरंगा लिए कोहरे की धुंध को चीरते हुए दौड़ते सैकड़ों धावक, उत्साहवर्धन के लिए ढोल नगाड़ों का संगीत। कुछ ऐसा ही नजारा था आज खेलगांव में। जहां आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा 3 मार्च को ताजनगरी में पहली बार आयोजित होने जा रही हाफ मैराथन के 5 किमी के फर्स्ट प्रोमो का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के भाव से अधिक मन में कटऑफ टाइम (एक घंटा) के अन्दर दौड़ को पूरा करने की इच्छा नजर आई धावकों में। कार्यक्रम का शुभारम्भ फीता काटकर व हरी झंडी दिखाकर मुख्य अतिथि एडीशनल कमिश्नर केशव कुमार चौधरी व विशिष्ठ अतिथि एसएन मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. प्रशान्त गुप्ता ने किया।
पांच किमी की दौड़ खेलगांव से प्रारम्भ होकर पोइया घाट होते हुए पुनः खेलगांव आकर समाप्त हुई। दौड़ में आगरा जिले के विभिन्न वर्गों के (डॉक्टर, व्यवसायी, समाजसेवी आदि) लोगों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। सबसे कम उम्र 6 वर्ष की सम्यक जैन, 7 वर्ष के देवांग सारस्वत और सबसे अधिक उम्र के धावकों में हृदय रोगी होने के बावजूद 62 वर्ष के गोविन्द प्रसाद शर्मा, 70 वर्ष के राजेश मित्तल ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। महिलाओं में सर्वाधिक उम्र की दयालबाग निवासी व योगा एक्सपर्ट 74 वर्ष की सरोज ने पांच किमी की दौड़ को पूरा किया। डॉक्टर्स में प्रथम अनुराग टंडन व डॉ. रजनी पचौरी, सामान्य वर्ग में शमशाबाद के 21 वर्षीय गौरी व बल्केश्वर की 18 वर्षीय संजना राजौरिया रहीं। सभी विजेता धावकों व अतिथियों का स्वागत आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. एनएस लोधी ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. संजय गुप्ता, महेश सारस्वत, दीपक नेगी एवं संदीप ढल, चारू कपूर, डॉ. रचना, डॉ. माला, सपना आदि के अलावा गोपाल, प्रमोद कटारा, परमजीत, इशु, तरुण सारस्वत, डॉ. आलोक मित्तल, डॉ. अरविन्द यादव आदि का विशेष सहयोग रहा।
दौड़ से पहले योगा कर किया वार्म अप
हाथ मैराथन के 5 किमी के फर्स्ट प्रोमो में दौड़ से पहले सभी धावकों ने आधा घंटा योगा कर वार्म अप किया। दीपक नेगी, आरती मल्होत्रा व दुर्गेश ने वार्म अप कराया। योगा एक्सपर्ट कल्पना ने योगा का महत्व बताने के साथ कई आसन करवाए। जगह-जगह हाइड्रेशन प्वाइंट की व्यवस्था की गई थी। फर्स्ट प्रोमो के लिए 478 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था परन्तु भाग लेने 500 से अधिक लोग पहुंचे।
28 जनवरी को एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होगा दूसरा प्रोमो
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल ने बताया कि ताज नगरी में पहली बार 3 मार्च को आयोजित होने जा रही 21 किमी की हॉफ मैराथन का दूसरा प्रोमो 28 जनवरी को एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होगा। दूसरा प्रोमो 10 किमी का होगा, जिसका कटऑफ टाइम दो घंटा रहेगा। जिसमें एक हजार से अधिक धावकों के दौड़ने की उम्मीद है। तीसरा प्रोमों फरवरी माह में वैलेन्टाइन थीम पर आयोजित किया जाएगा।
: लघु उद्योग भारती ने गौ माता को छप्पन भोग लगाकर की गौ संवर्धन की कामना
Sun, Jan 14, 2024
ड्राई फ्रूट्स के साथ हरी सब्जियां और फलों से बने दिव्य छप्पन भोग
लघु उद्योग भारती ने श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को समर्पित की अनूठी गौ सेवा
22 जनवरी को भक्ति भाव के साथ राष्ट्र पर्व के रूप में मनायें उत्सव: राकेश गर्ग
आगरा। भगवान और माता के दरबार में छप्पन भोग लगाकर प्रसाद के रूप में स्वयं भक्त छप्पन भोग ग्रहण करते हैं लेकिन अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पावन पर्व पर लघु उद्योग भारती आगरा इकाई द्वारा अनूठी पहल करते हुए गौ माता को छप्पन भोग समर्पित किए गए।
रविवार को लघु उद्योग भारती की आगरा इकाई की ओर से फाउंड्री नगर स्थित गौशाला में गौ सेवा करते हुए गौ माता को समर्पित छप्पन भोग प्रसादी का अनोखा दृश्य देखने को मिला। अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को समर्पित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लघु उद्योग निगम लिमिटेड उप्र के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग (दर्जा राज्य मंत्री) और आर एस एस के विभाग प्रचारक आनंदजी ने सैकड़ों गौ सेवकों के साथ गौ माता को छप्पन भोग समर्पित कर गौ सेवा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौ माता के चरण बंदन और तिलक पूजन से हुआ। गौशाला में रहने वाली सैकड़ों गायों को अंकुरित अनाज, ड्राई फ्रूट्स, जलेबी, पेठा, दलिया, नाना प्रकार की दाल, फल और हरी सब्जियों सहित खाद्य पदार्थ समर्पित किए गए।
फाउंड्री नगर स्थित गौशाला में गौ माता को आरती पूजन कर छप्पन भोग समर्पित करते लघु उद्योग भारती परिवार के पदाधिकारी
राकेश गर्ग ने बताया कि गौ माता के शरीर में 33 कोटि देवी देवताओं का वास है। अक्सर हम लोग छप्पन भोग भगवान को लगाते हैं लेकिन फिर प्रसाद बांटकर स्वयं खा लेते हैं, लेकिन यह एक ऐसा अनोखा 56 भोग है जिसे साक्षात गौ माता ग्रहण करतीं हैं। इस मौके पर उन्होंने 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले भगवान श्री राम प्राण प्रतिष्ठा समारोह को आगरा में भव्य रूप से मनाने के लिए सभी भक्तों से अपील की। उन्होंने कहा हमारे पूर्वजों की पिछले 500 वर्षों की तपस्या और हम सब लोगों के असीम भाग्य से अयोध्या में प्रभु श्री राम भव्य मंदिर में विराजमान हो रहे हैं इस दिन लोग घर-घर दीपक जलाकर भगवान श्री राम का गुणगान करें।
लघु उद्योग भारती के जिला अध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि गौ माता को 56 प्रकार का भोग अर्पित किया गया है जिसमें 10 प्रकार के अनाज, 20 प्रकार की सब्जियां, आठ प्रकार के फल, कई दालें गुड़ ,चना और मिठाइयां सम्मिलित हैं। गौ पूजन के दौरान लघु उद्योग भारती परिवार के सभी पदाधिकारी और सदस्यों ने ‘गोविंद हरे गोपाल हरे’ जैसे भजनों से फाउंड्री नगर गौशाला को गूंजायमान कर दिया। इस मौके पर सभी लोगों ने गौ सेवा के साथ गौ संवर्धन की शपथ ग्रहण की। गौ माता की जय जयकार के साथ कार्यक्रम के उपरांत सभी ने प्रसादी ग्रहण कर गौ संवर्धन की कामना की।
इनकी रही मौजूदगी
फाउंड्री नगर गौशाला में आयोजित दिव्या 56 भोग के दौरान लघु उद्योग भारती के राजीव बंसल महासचिव लघु उद्योग भारती, अरविंद शुक्ला कार्यक्रम संयोजक, संजीव जैन कोषाध्यक्ष, अंकुर अग्रवाल, नीरज अग्रवाल गोसेवक, दिनेश गुप्ता, प्रभात गुप्ता, सुमित शुक्ला, नितेश गुप्ता, अर्जुन गुप्ता, समक्ष जैन, नीरज, प्रवीन, मनीष अग्रवाल, हरेंद्र, अंकित अग्रवाल, विकास मित्तल, शैलेश अग्रवाल, भुवेश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
: ‘कलम से लड़ी आपातकाल की लड़ाई, लौटा दिया था प्रेस मान्यता कार्ड’
Sun, Jan 14, 2024
• आगरा के वरिष्ठ पत्रकारों ने नागरी प्रचारिणी सभागार में कलम के योद्धा, पूर्व संपादक, वरिष्ठ पत्रकार पं रमाशंकर शर्मा को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि, उनके कृतित्व और व्यक्तित्व को किया नमन।
आगरा। जब देश में आपातकाल लागू हुआ तो प्रदेश में कलम से पहली लड़ाई स्व पंडित रमाशंकर शर्मा ने लड़ी। वो पहले व्यक्ति थे बोलने वाले। प्रदेश में पहले मान्यता प्राप्त पत्रकार थे। विरोध में उन्होंने प्रशासन को प्रेस का मान्यता कार्ड लौटा दिया था। ये विचार ताज प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार राजीव सक्सेना ने रविवार को प्रचारिणी सभागार में दैनिक सैनिक समाचार पत्र के पूर्व सम्पादक एवं अमर उजाला समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार स्व. रमाशंकर शर्मा जी की स्मृति में आयोजित शोक सभा में व्यक्त किए।
एमजी रोड, आगरा कालेज के सामने नागरी प्रचारिणी सभागार में रेडियो पत्रकारिता के स्तंभ पं. रमाशंकर शर्मा की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पं. रमाशंकर शर्मा जी के साथ लंबे समय तक पत्रकारिता जगत से जुड़े रहे
कवि रामेंद्र मोहन त्रिपाठी ने कहा 70 के दशक में शर्मा जी ने पत्रकारिता शुरू की।
ताज प्रेस क्लब पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र यादव पंडित जी के साथ आत्मीय संबंधों के स्मरणों पर भावुक हो गए। उन्होंने कहा पंडित जी पत्रकारिता की पाठशाला थे। पंडित जी के शिष्य डा अजय सिंह ने पंडित जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। वरिष्ठ पत्रकार शिव शंकर भार्गव ने कहा मैं उनसे 50 साल से परिचित था। स्वराज्य, सैनिक, अमर उजाला में पंडित जी ने सेवाएं दीं। निश्छल स्वभाव थे। संजय तिवारी ने कहा पंडित जी जीवनभर अविवाहित रहे। सतीश खंडेलवाल, रामहेत शर्मा ने कहा हसमुख व मिलनानार थे। अमित शर्मा ने उन्हें पत्रकारिता व साहित्य का संत बताया। वरिष्ठ पत्रकार भुवनेन्द्र श्रोतिया ने कहा मेरा तीन पीढ़ियों से उनके परिवार से रिश्ता हैं। ये मेरा सौभाग्य है। पंडित जी के पिता शुभासी जी ब्रज भाषा के बडे़ कवि थे।
उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) के जिला अध्यक्ष देश दीपक तिवारी ने कहा पंडित जी की स्मृतियों और आदर्शों को युवा पीढ़ी कभी नहीं भूलेगी। उनके आदर्शों को हमेशा याद किया जाएगा। राजेश दीक्षित, ऋषि दीक्षित, डा महेश चंद्र धाकड़ ने उन्हें नमन किया। राजकुमार शर्मा ने कहा हिन्दी साहित्य के नक्षत्र पंडित जी स्वयं के प्रकाश से प्रकाशित थे। मुकेश वर्मा, राजपाल भारद्वाज, शिव कुमार गुप्ता ने श्रद्धांजलि दी। वरिष्ठ पत्रकार राजीव सक्सेना ने कहा आपातकाल में रमा शंकर जी मान्यता प्राप्त पहले पत्रकार थे। प्रशासन को कार्ड वापास किया। आपातकाल के खिलाफ आवाज उठाई। जीवनभर पत्रकारिता की। किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला। कलम से लड़ाई की, पेंशन योजना लाभ नहीं मिला। आगरा डा बी आर अम्बेडकर विवि को उनके साहित्य व लेखन पर शोध कराना चाहिए। सभा में हेमंत लवानिया, आशीष कुलश्रेष्ठ, अनिल शुक्ला ने शोक संवेदनाएं भेजीं।
श्रद्धांजलि सभा में ताज प्रेस क्लब कोषाध्यक्ष व हिन्दुस्तान के वरिष्ठ पत्रकार मनोज मित्तल की धर्मपत्नी स्व अनीता जी, अमर उजाला के छायाकार मनीष शर्मा की माता जी स्व मालती देवी जी व ट्रांस यमुना निवासी पत्रकार राजेश दुबे के पिता स्व ओम प्रकाश दुबे जी के निधन पर दिवगंत पुण्यात्मा की शांति के लिए सभा में मौन रख श्रदांजलि अर्पित की गई। सभा में मानिकचंद शर्मा, सतीश खंडेलवाल, राजपाल भारद्वाज, राघवेन्द्र दत्त शर्मा अजय सिंह, एड सत्य प्रकाश शुक्ल, डा महेश चंद्र धाकड़, नरेंद्र नितांत, संजय तिवारी, राजेंद्र यादव, राजेश दीक्षित, शिवकुमार गुप्ता, ज्ञानेश वर्मा आदि उपस्थित रहे।