श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026 : कंस के अत्याचारों का हुआ अंत, कान्हा ने मथुरा में फिर स्थापित किया धर्मराज
Pragya News 24
Sun, Nov 22, 2026
अक्रूर गमन से कंस वध तक की लीला ने किया भावविभोर, आतिशबाजी के बीच धू-धू कर जला कंस का विशाल पुतला
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में गूंजे जयकारे, आज शाम चार बजे निकलेगी श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा
आगरा। अत्याचार और अहंकार चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। इसी शाश्वत संदेश के साथ बल्केश्वर स्थित गौशाला के लीलास्थल पर आयोजित श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में रविवार को अक्रूर गमन एवं कंस वध की लीला का भव्य मंचन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की मथुरा यात्रा, अत्याचारी कंस के वध और माता देवकी-वसुदेव की कारागार से मुक्ति के दृश्यों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। लीला के समापन पर कंस के विशाल पुतले का दहन किया गया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और पूरा लीलास्थल भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
लीला का शुभारंभ केशी उद्धार एवं व्योमासुर उद्धार के प्रसंगों से हुआ। इसके बाद नारदजी ने कंस के दरबार में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के मथुरा आगमन की सूचना दी। कंस ने श्रीकृष्ण और बलराम को मथुरा बुलाने के लिए अक्रूरजी को ब्रज भेजा। अक्रूरजी के साथ भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के मथुरा प्रस्थान का दृश्य बेहद भावुक रहा। कान्हा के वियोग में व्याकुल गोपियों और ब्रजवासियों की भावनाओं का कलाकारों ने सजीव एवं मार्मिक अभिनय किया।
मथुरा पहुंचने पर नगरवासियों ने भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया। इसके बाद कुवलयापीड़ हाथी वध, धनुष भंग, अखाड़े में प्रवेश तथा चाणूर और मुष्टिक के वध की लीला का मंचन हुआ। अंततः भगवान श्रीकृष्ण ने कंस का वध कर मथुरा को उसके अत्याचारों से मुक्त कराया। इसके बाद कारागार में बंद माता देवकी और वसुदेव को मुक्त कराया तथा उग्रसेनजी का राजतिलक कर धर्म और न्याय की स्थापना की।

धू-धू कर जला कंस का पुतला, आतिशी दृश्यों ने मोहा मन
मंच पर कंस वध की लीला के बाद भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप ने कंस के विशाल पुतले के समीप पहुंचकर अग्नि प्रज्वलित की। इस अवसर पर चेंबर अध्यक्ष मनोज बंसल, अजय गर्ग अवगढ़ और प्रशांत जैन अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इनके साथ दीपक गुप्ता, मुन्नालाल गुप्ता, प्रशांत जैन, संजय गर्ग, मनोज अग्रवाल, अनूप गोयल, आदर्श नंदन गुप्ता, केसी अग्रवाल, संजय अग्रवाल और गिर्राज बंसल भी उपस्थित रहे।
अग्नि प्रज्वलित होते ही पुतले के मुख तक लपटें पहुंचीं और उसके दांत खिलखिलाने लगे। इसके बाद पुतले से आतिशी झरना फूट पड़ा और नाभि में लगा चक्र घूमने लगा। देखते ही देखते कंस का विशाल पुतला धू-धू कर जल उठा और कुछ ही देर में राख में तब्दील हो गया। इस अद्भुत दृश्य को देखकर दर्शकों ने जयकारों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का अभिनंदन किया।
आतिशबाजी से आसमान में साकार हुआ श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026
पुतला दहन से पूर्व अजय कांत पटाखे वालों (मथुरा) की ओर से भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। आसमान में कहीं सितारे झिलमिलाए तो कहीं मिसाइलों की गूंज ने वातावरण को रोमांचित कर दिया। रंग-बिरंगे आतिशी झरनों, घूमते चक्रों और चरखियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आतिशबाजी के माध्यम से आसमान में 'श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026' और 'ॐ' की आकर्षक आकृतियां भी साकार की गईं।
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें संदेश देती हैं कि अत्याचार, अहंकार और अन्याय चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, सत्य और धर्म के सामने उनका अंत निश्चित है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन लोकमंगल, न्याय, करुणा और धर्म की स्थापना का शाश्वत संदेश देता है।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महामंत्री विजय रोहतगी, शेखर गोयल, संजय गर्ग (बड़े), अशोक गोयल, बृजेश अग्रवाल, गिर्राज बंसल, केसी अग्रवाल, विष्णु कुमार अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
आज निकलेगी श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति के महामंत्री विजय रोहतगी एवं बृजेश अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा शाम चार बजे गौशाला प्रांगण, बल्केश्वर रोड से प्रारंभ होगी। इसमें देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों के साथ सामाजिक संदेश देने वाली झांकियां भी शामिल होंगी।
शोभायात्रा गौशाला प्रांगण से प्रारंभ होकर जीवनी मंडी, भैरों बाजार, बेलनगंज, कचहरी घाट, छत्ता बाजार, दरेसी नंबर-2, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, कसेरट बाजार, किनारी बाजार, सेव का बाजार, फुलट्टी, छिली ईंट घटिया, सिटी स्टेशन मार्ग, धूलियागंज और बेलनगंज तिकोनिया होते हुए पुनः गौशाला पहुंचेगी।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन