लायंस क्लब प्रयास : सात बेटियों के सपनों को मिली नई उड़ान, लायंस क्लब प्रयास ने धूमधाम से कराया सामूहिक विवाह
Pragya News 24
Sun, Nov 22, 2026
लायंस क्लब प्रयास ने कराया सात कन्याओं का सामूहिक विवाह, सोने-चांदी के आभूषण और गृहस्थी का सामान देकर किया कन्यादान
आगरा। आर्थिक अभाव के कारण किसी परिवार की बेटी के विवाह का सपना अधूरा न रह जाए, इसी संकल्प के साथ लायंस क्लब प्रयास ने सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की। क्लब की ओर से रविवार को दयालबाग स्थित बूढ़ी के नगला के श्री महाकालेश्वर मंदिर में सात निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया गया। समारोह में सात दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर बैंड-बाजों के साथ अपनी दुल्हनों को ब्याहने पहुंचे। मंगलगीतों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सातों जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह की खुशियों के बीच विदाई के समय परिजनों की आंखें खुशी और भावुकता से नम हो गईं।
समारोह की मुख्य अतिथि एडीजी आगरा की पत्नी शेफाली भगत ने सभी नवविवाहित कन्याओं को चांदी के सिक्के भेंट किए। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब प्रयास का यह बेहद सराहनीय और प्रेरणादायक प्रयास है। विवाह प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। जरूरतमंद परिवारों के इस सपने को साकार करने में सहयोग करना सच्चे अर्थों में मानवता की सेवा है।
विशिष्ट अतिथि एवं लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। लायंस क्लब प्रयास ने सात कन्याओं के विवाह की जिम्मेदारी उठाकर अनुकरणीय कार्य किया है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखद, समृद्ध और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की।
क्लब की पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि सभी सात जोड़ों को क्लब की ओर से सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र और गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया गया, ताकि बेटियां अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मान और खुशियों के साथ कर सकें।
क्लब अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल विवाह संपन्न कराना नहीं, बल्कि उन परिवारों की चिंता और जिम्मेदारी साझा करना भी है, जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण अपनी बेटियों के विवाह को लेकर चिंतित रहते हैं। सात बेटियों को नए जीवन की शुरुआत कराने में सहयोग करना क्लब के लिए गर्व और आत्मसंतोष का विषय है।
समारोह के अंत में अतिथियों और क्लब पदाधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया और भावपूर्ण विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन अशु मित्तल ने किया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल, सचिव आलोक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पुनीत बागला, संजीव मित्तल, विनीत खेड़ा, अनिल मगन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन