जन कला मंच : वायरल होने से ज्यादा जरूरी विचारवान होना, जन कला मंच की गोष्ठी में सोशल मीडिया पर मंथन
Pragya News 24
Sun, Nov 22, 2026
जन कला मंच की गोष्ठी में सोशल मीडिया की उपयोगिता और चुनौतियों पर हुआ मंथन, जल संरक्षण पर लघु नाटक ने दिया जागरूकता का संदेश; वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महेश धाकड़ जन सम्मान से सम्मानित
आगरा। सोशल मीडिया आज जनसंचार का सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। इसके जरिए सूचनाएं पलभर में लोगों तक पहुंच रही हैं और आम आदमी को भी अपनी आवाज उठाने का मंच मिल रहा है। हालांकि, फर्जी खबरों, अफवाहों, नफरत और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार इसकी बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में किसी भी जानकारी पर आंख मूंदकर विश्वास करने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करना और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। यह विचार मुख्य अतिथि डॉ. जहांगीर अल्वी ने रविवार शाम सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था जन कला मंच, आगरा की ओर से यूथ हॉस्टल के सभागार में आयोजित गोष्ठी में व्यक्त किए। गोष्ठी का विषय 'सोशल मीडिया में आम-ओ-खास की भागीदारी' रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक डॉ. महेश धाकड़ के सम्मान के साथ हुआ। मंचासीन अतिथियों एवं संस्था पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर 'जन सम्मान' से सम्मानित किया। सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए डॉ. महेश धाकड़ ने कहा कि सोशल मीडिया आज आम और खास सभी के लिए महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। इसकी पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक है और आमजन भी इसके जरिए अपनी आवाज बुलंद कर पा रहा है। उन्होंने इसके सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया का सदुपयोग होना चाहिए, दुरुपयोग बिल्कुल नहीं।
संस्था के सरपरस्त डॉ. जेएन टंडन ने कहा कि पहले जिन सूचनाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था, वे अब पलभर में उपलब्ध हो जाती हैं। लेकिन सफलता केवल वायरल होने में नहीं, बल्कि विचारवान बनने में है।
विशिष्ट अतिथि सरोज सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग की प्रवृत्ति ने अच्छे लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सही विचारों और पोस्ट पर भी अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं, जिससे महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी आहत होते हैं। सोशल मीडिया के दुरुपयोग का महिलाओं पर विशेष रूप से नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
अधिवक्ता अमीर अहमद ने कहा कि सोशल मीडिया ने उन उम्रदराज शायरों को भी पहचान दिलाई है, जिन्हें कभी मंच नहीं मिल पाया। हालांकि, ऑनलाइन प्रस्तुतियों की तुलना में ऑफलाइन साहित्यिक कार्यक्रमों का प्रभाव अधिक स्थायी होता है। सोशल मीडिया ने लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ कई बार दूरियां भी बढ़ाई हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ओम ठाकुर ने कहा कि पत्रकारिता उनके पेशे का हिस्सा रही है और सोशल मीडिया निश्चित रूप से नई प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त माध्यम है।
कविताओं और शेरो-शायरी से सजी साहित्यिक महफिल
गोष्ठी के बाद साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला चला। गायन, काव्य पाठ और शेरो-शायरी के माध्यम से रचनाकारों ने श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। शायर अमीर अहमद अकबराबादी, कवि यादराम सिंह कविकिंकर, कमल इलाहाबादी, संजय सिंह, दाऊद इकबाल एडवोकेट, अनिल कुमार तिवारी, चांद अकबराबादी, संजीव चौहान और ऋषभ ठाकुर ने अपनी रचनाओं से समां बांधा।
जल संरक्षण पर लघु नाटक 'तीसरा विश्व युद्ध' ने दिया संदेश
कार्यक्रम में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 'आज बचाओगे जो जल, काम आएगा वह कल' थीम पर विशाल रियाज लिखित लघु नाटक 'तीसरा विश्व युद्ध' का मंचन किया गया। विशाल रियाज और असलम खान ने अपने अभिनय के माध्यम से जल संकट की गंभीरता और भविष्य में इसके भयावह परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक को दर्शकों की खूब सराहना मिली।
कार्यक्रम में समाजसेवी सुबोध गोयल, चौधरी अली साबरी, शिवराज यादव, असलम खान और गुलाब सिंह का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर सेंट जॉन्स कॉलेज की सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. मधुरिमा शर्मा, आचार्य यादराम सिंह कविकिंकर, अब्दुल कुद्दूस, सैयद अख्तर, मुबीन शाह, रशीद अल्वी, मजाज कुरैशी, अनवर आलम, धर्मजीत सिंह, प्रदीप विरवानी, नरेश तन्हा सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विशाल रियाज ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन गुलाब सिंह ने दिया।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन