श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026 : गिरिराज धरण, हम तेरी शरण... भक्ति और ब्रज संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ गोवर्धन महोत्सव
Pragya News 24
Sat, Nov 21, 2026
श्रीकृष्ण लीला में हुआ गोवर्धन लीला का भावपूर्ण मंचन, लोकगीतों और भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने बांधा समां
अन्नकूट महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण को लगाया छप्पन भोग, गिरिराज महाराज के जयकारों से गूंजा गौशाला परिसर
आगरा। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और ब्रज की समृद्ध लोकसंस्कृति के अनूठे संगम का साक्षी बना। ब्रज के पारंपरिक लोकगीतों, भजनों और लोकधुनों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ‘गिरिराज धरण, हम तेरी शरण’ के सामूहिक गायन, गिरिराज महाराज के जयकारों और राधे-कृष्ण के संकीर्तन से गौशाला परिसर गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उल्लास और भक्तिभाव के साथ गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट की परंपराओं का निर्वहन किया।
गोवर्धन लीला के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की उस दिव्य लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया, जिसमें उन्होंने अपनी कनिष्ठिका पर गोवर्धन पर्वत धारण कर इंद्र के अहंकार का मर्दन किया और ब्रजवासियों को प्रकृति एवं गोवंश के महत्व का संदेश दिया। इस प्रसंग के माध्यम से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पर्यावरण संरक्षण और गौवंश संवर्धन का संदेश भी दिया गया।

ब्रज की लोकसंस्कृति आयोजन का विशेष आकर्षण रही। ‘चलो री सखी गोवर्धन धाम’ जैसे लोकगीतों के साथ राधा-कृष्ण की लीलाओं और गिरिराज महाराज की महिमा का गुणगान किया गया। ब्रजभाषा की मिठास, लोकधुनों की सहजता और गीतों में समाहित प्रेम एवं भक्ति भाव ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो ब्रजभूमि की सांस्कृतिक छटा आगरा की धरती पर साकार हो उठी हो।
अन्नकूट महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण को विविध व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। अन्नकूट की परंपरा अन्न के सम्मान, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। वहीं प्रसाद वितरण के माध्यम से सामाजिक समरसता, सेवा और परस्पर सद्भाव का संदेश दिया गया।
लीला के माध्यम से गौसेवा और प्रकृति संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित किया गया। भगवान श्रीकृष्ण का गोवर्धन प्रसंग यह संदेश देता है कि प्रकृति और प्राणी जगत के साथ संतुलन बनाकर ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। गोवंश संरक्षण, अन्न का सम्मान और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री राकेश गर्ग रहे। समाजसेवी सुरेशचंद गर्ग (तपन), आरएन वर्मा (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, लायंस क्लब), अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, अरविंद शर्मा, अजय अवागढ़, मनोज जादौन, राजीव यादव एवं एडवोकेट अनिल गोयल सहित अन्य अतिथियों ने भगवान की आरती उतारी।
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के माध्यम से ब्रज की प्राचीन धार्मिक, सांस्कृतिक और लोकपरंपराओं को जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक चेतना से परिपूर्ण इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक दायित्वों का भी संदेश दिया।
आज होगा सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र नाटक का मंचन
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र नाटक का मंचन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्य, त्याग और धर्म के आदर्शों पर आधारित इस प्रकार के नाटक आज की युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, विजय रोहतगी, शेखर गोयल, पार्षद पूजा गिर्राज बंसल, मनोज बंसल, संजय अग्रवाल एवं ब्रजेश अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन