: सती बुद्धि हैं तो भक्ति हैं पार्वती− भरत उपाध्याय
Sun, Jan 21, 2024
कर्मयोगी एनक्लेव बनी है अवधपुरी, श्रीराम की पावन कथा का श्रद्धालु कर रहे रसपान
श्री राम कथा प्रसंग के द्वितीय दिवस हुआ सती प्रसंग संग शिव पार्वती विवाह का बखान
आगरा। सती बिधात्री इंदिरा देखीं अमित अनूप। जेहिं जेहिं बेष अजादि सुर तेहि तेहि तन अनुरूप।। पति की आस्था पर संशय जैसे ही सती ने किया वैसे ही महादेव से विरह के दिन आरंभ हो गए। सती ने बुद्धि से कार्य कर अपने पति के आराध्य श्री राम की परीक्षा ली तो वहीं अपने अगले जन्म में पार्वती रूप में निष्काम भक्ति से प्रेम की प्राप्ति की। कर्मयोगेश्वर मंदिर, कर्मयोगी एनक्लेव, कमला नगर में चल रही श्री राम कथा के द्वितीय दिवस कथा व्यास भरत उपाध्याय ने इन्हीं वचनों के साथ सती प्रसंग एवं शिव पार्वती विवाह का वर्णन किया।
कर्मयोगेश्वर मंदिर, कर्मयोगी एनक्लेव, कमला नगर में आयोजित श्रीराम कथा का वर्णन करते कथा व्यास भरत उपाध्याय।
अयोध्या धाम में श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में कर्मयोगी एनक्लेव, सोसायटी के संयोजन में सीताराम परिवार द्वारा कर्मयोगेश्वर मंदिर, कर्मयोगी, कमला नगर में श्री राम कथा की अमृत वर्षा हो रही है। पूरा कर्मयोगी एनक्लेव अवधपुरी की भांति दुल्हन सा सजा हुआ है। यहां राम ब्लॉक परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। मुख्य यजमान जीतू और रिचा अग्रवाल ने द्वितीय दिवस कथा प्रसंग से पूर्व श्रीराम चरित मानस जी का विधिवत पूजन लंगड़े की चौकी हनुमान मंदिर के महंत गोपी गुरु के सानिध्य में किया। भक्ति भाव संग आदर्श नारी शिक्षा के ज्ञान संग भजनों का आनंद उपस्थित श्रद्धालुओं ने लिया।
पार्षद कंचन बंसल, पार्षद पूजा बंसल, गिर्राज बंसल, मंदिर सचिव ओम प्रकाश, दीपक ढल, धीरज अग्रवाल, शिवानी अग्रवाल, संजय गुप्ता, डीसी अग्रवाल, श्याम सुंदर अग्रवाल, अशोक कुमार, विजय रोहतगी, प्रभात रोहतगी, नीरज अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
: एक समाज का नहीं समस्त भारत का बेटा था वीर हेमू कालानी: मेयर
Sat, Jan 20, 2024
पूज्य सिंधी महापंचायत ने शहीद हेमू कालानी के 81वें बलिदान दिवस पर शाहगंज स्थित सोमनाथ धाम पर किया संगोष्ठी का आयोजन!
आगरा। 19 वर्ष की अल्पायु में देश पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले हेमू कालानी किसी एक समाज के नहीं बल्कि समस्त भारतवर्ष के बेटे थे। आज हमारा यह फर्ज बनता है कि हम आने वाली पीढ़ी को ऐसे महापुरुषों और शहीदों के बारे में बताएं। उन्हें बताएं कि किस तरह से देश की आजादी के लिए भारत के सपूतों ने अपने प्राणों की बलि दे दी, लेकिन ब्रिटिश सरकार के सामने झुके नहीं। हेमू कालानी के 81वें बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्य अतिथि मेयर हेमलता दिवाकर ने अपना वक्तव्य रखते हुए भविष्य की पीढ़ी को संस्कारवान बनाने को कहा।
शाहगंज स्थित सोमनाथ धाम पर आज पूज्य सिंधी महापंचायत द्वारा शहीद हेमू कालानी के 81वें बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता बसंत गुप्ता ने अभिभावकों को अपने बच्चों को सेना में भेजने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मुझे गर्व है अपने बेटे पर, जिसके नाम से आज मुझे जाना जा रहा है। वक्ताओं ने हेमू कालानी के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। बताया कि 19 वर्ष की आयु में हेमू कालानी को फांसी दे दी गई। हिन्दस्तान की आजादी में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। गोष्ठी का शुभारम्भ सोमनाथ धाम के मठाधीष डा० योगी शंकरनाथ जी ने हेमू कालानी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से गौरव राजावत, रामचंद छावड़िया, श्याम भोजवानी, मोहनलाल वोधवानी, पार्षद राधारानी, रवि दिवाकर, पूजा वाल्मीकि मौजूद थे। संचालन महापंचायत के महामंत्री हेमन्त भोजवानी ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से लालचंद मोटवानी, घनश्याम ख्यानी, संगठन मंत्री जयप्रकाश धर्मानी, भोजराज लालवानी, सुनील करमचंदानी, भारत वाधवानी, हरीश टहलयानी, विजय भाटिया, संजय नोतनानी, आनंद नोतनानी, दिनेश नोतनानी नानकचंद जगवानी, जयप्रकाश रामानी, राम बाबानी, घनश्याम टिलवानी, धनश्याम हेमलानी, अनूप भोजवानी, नरेश लखवानी, प्रदीप वनबारी, लक्ष्मण भावनानी, टीकम लालवानी, अशोक सोनी जितेन्द्र धनजानी, अंजू शर्मा, महक, मान्या आदि उपस्थित थीं।
: 500 वर्ष प्राचीन चामड़देवी मंदिर में राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व हुआ हनुमान जी का आह्वान
Sat, Jan 20, 2024
पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में सुंदर कांड पाठ का लिया श्रद्धालुओं ने आनंद
अयोध्या धाम में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के समय विराजित होंगे मंदिर में 16 विग्रह
आगरा। अयोध्या धाम में श्री राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के समय आगरा के करीब 500 वर्ष प्राचीन चामड़ देवी मंदिर की बरसों की प्रतीक्षा पूर्ण हो रही है। बाग मुज्जफर खां स्थित प्राचीन चामड़ देवी मंदिर में पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव चल रहा है।
शनिवार को प्रतिमाओं के शैय्याधिवास के अवसर पर सुंदर कांड पाठ आयोजित हुआ। पंडित मुकेश शर्मा के सानिध्य में श्री राम जी के परम प्रिय भक्त हनुमान जी की प्रतिमा उनके महिमा बखान के साथ स्थापित की गई। भक्तिमय भजन संग प्रभु गुणगान सुंदर कांड का आनंद भक्तों ने लिया।
राजीव कांत लवानिया ने बताया कि कई वर्षों के बाद प्राचीन चामड़देवी मंदिर के जीर्णोद्धार का अवसर आया है। मंदिर में श्री राम दरबार, श्री राधा कृष्ण, श्री लक्ष्मी नारायण, शनि देव, मां दुर्गा, मां काली सहित 16 विग्रह पधारे जा रहे हैं।
हेमेंद्र कुलश्रेष्ठ ने बताया कि शैय्याधिवास के बाद सभी विग्रह फलाधिवास में रखे जायेंगे। 22 जनवरी को जलाधिवास एवं पुष्पाधिवास होगा और इसके बाद कलश यात्रा निकाली जाएगी। वेदी पूजन, हवन, अभिषेक, प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रसादी के साथ महोत्सव का समापन होगा।
मंजू कुलश्रेष्ठ ने बताया कि प्रयास किया गया है कि अयोध्या धाम में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के मुहूर्त के अंतर्गत ही यहां मंदिर में भी आयोजन पूर्ण हो।
कार्यक्रम के दौरान हेमेंद्र कुलश्रेष्ठ, रवि कांत लवानिया, विनय जैन, पार्षद अर्चना लवानिया, मुकुल कुलश्रेष्ठ, अर्जुन सिंह, ओम रौतेला, प्रमोद कुशवाह, जसवंत बघेल, मिथुन, पिंटू आदि उपस्थित रहे।