: दुकान का ताला तोड़ते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ चोर, आहट होने पर भाग खड़ा हुआ
Sat, Dec 23, 2023
Agra. सर्द मौसम में एक अज्ञात चोर बेखौफ होकर दुकान का ताला चटकाने में लग गया। किसी के आने की आहट सुन चोर फरार हो गया और चोरी की वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहा लेकिन दुकान में ताले चटकाने की करतूत सीसीटीवी में कैद हो गयी। यह सीसीटीवी वीडियो अब तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
पूरा मामला आगरा ग्वालियर रोड स्थित रोहता चौराहे का है। चौराहे पर एक मिष्ठान भंडार की दुकान है। तकरीबन रात्रि करीब दो बजे एक चोर दुकान के गेट के पास पहुंचा और उस चोर ने एक लोहे की रोड की मदद से गेट के ताले को तोड़ने का प्रयास किया। चोर ने गेट का ताला तो तोड़ दिया, लेकिन दुकानदार ने उसमें सेंट्रल लॉक सहित दुकान के अंदर तीन से चार लोग और लगा रखे थे। काफी देर तक चोर ने गेट को खोलने की कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो सका। अज्ञात चोर की यह पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
थाना मलपुरा के बमरौली अहीर निवासी दुकानदार ओम प्रकाश यादव ने आशंका व्यक्त की है कि किसी व्यक्ति के आने की आहट से चोर मौका पाकर भाग निकला है। फिलहाल मिष्ठान भंडार के मालिक ने थाना सदर पुलिस को घटना की जानकारी दे दी है। इसके अलावा पुलिस गश्त की मांग की है। मामले में थाना प्रभारी सदर ने बताया मामले की जांच की जा रही है। पुलिस गश्त लगातार जारी है।
: भागवत कथा में गूंजे गोवर्धन महाराज के जयघोष, भक्तों ने किये दिव्य छप्पन भोग के दर्शन
Fri, Dec 22, 2023
• मुस्कान पार्क, सेक्टर आठ में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पांचवे दिन माखन चोरी लीला संग हुआ गोवर्धन लीला प्रसंग
• मां कामाख्या शक्ति पीठ के पीठाधीश्वर कीर्ति महाराज ने किया श्री कृष्ण चरित मानस का विमोचन
• आचार्य श्रीकृष्ण प्रकाश पाठक बोले भगवान जिज्ञासा विषय हैं न कि परीक्षा का, दिया अहंकार दूर रखने का संदेश
आगरा। सेक्टर आठ, आवास विकास कॉलोनी स्थित मुस्कान पार्क में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पंचम दिन बाल लीला, माखन चोरी और इंद्र मर्दन लीला संग गोवर्धन पूजा लीला प्रसंग हुए। साथ ही छप्पन भोग के दिव्य दर्शन हुए। शुक्रवार को यजमान श्रीकांत शर्मा और भावना शर्मा सहित मुख्य संरक्षक डॉ पार्थ सारथी शर्मा, अशोक चौबे और राजेश चतुर्वेदी ने भागवतजी का पूजन किया।
देवेंद्र सिंह परमार की पुस्तक का विमोचन करते मां कामाख्या पीठ के पीठाधीश्वर कीर्ति महाराज, डॉ पार्थ सारथी शर्मा, श्री कांत शर्मा आदि।
लीला प्रसंग का वर्णन करते हुए कथा व्यास श्रीकृष्ण प्रकाश पाठक ने कहा कि पूर्व जन्म की घोर तपस्या के कारण नंद बाबा और यशोदा के घर स्वयं भगवान श्रीकृष्ण अवतार में पधारे तो हर ब्रजवासी निहाल हो उठा। माखन चोरी लीला का अर्थ भी दिव्य है। ब्रजजनों के मन को सुख देते हुए उनके हर पाप को चुराना श्री नारायण का ध्येय रहा। पूतना, बकासुर आदि असुरों के उद्धार लीला का वर्णन किया गया। ब्रह्मा जी का मोह भंग कर भगवान ने पूरी सृष्टि पुनः रच दी।
कथा व्यास ने कहा कि भगवान जिज्ञासा के विषय हो सकते हैं किंतु परीक्षा के विषय कदापि नहीं हो सकते। दामोदर लीला के बाद वृंदावन में धेनुकासुर वध, कालिया मर्दन आदि लीला की। भगवान जिनसे प्रेम करते हैं उनका सर्वप्रथम अंहकार नाश करते हैं। गोवर्धन लीला के द्वारा भगवान ने अपने पिता नंदबाबा को कर्म का उपदेश दिया एवं प्रकृति संरक्षण का ज्ञान दिया तो वहीं इंद्र का मान मर्दन भी किया। इसके साथ ही गोवर्धन महाराज की पूजा अर्चना उपस्थित सभी श्रद्धालु ने भजनों पर झूमते हुए उत्साहपूर्वक पूर्ण की। दिव्य छप्पन भोग के दर्शनों का लाभ अंत में सभी ने लिया। इस अवसर पर सौरभ शर्मा, दिनेश मिश्र, हरिओम शुक्ला, शिवम, विनीत, सुरेश, कौशल किशोर, लव, मोहिनी शर्मा, राधा शर्मा, शिल्पी, मुकेश वर्मा, नरेंद्र आदि उपस्थित रहे।
श्रीकृष्ण चरित मानस का हुआ विमोचन
कथा प्रसंग के मध्य कामाख्या पीठ से पधारे पीठाधीश्वर कीर्ति महाराज ने देवेंद्र सिंह परमार की कृति श्रीकृष्ण चरित मानस का विमोचन किया। रचनाकार देवेंद्र सिंह परमार ने बताया कि पुस्तक में भगवान श्रीकृष्ण के 125 वर्ष के जीवनकाल वृतांत का काव्यमय वर्णन किया गया है। हर रचना की ब्रज भाषा में टीका भी है। ये अपनी तरह का श्रीकृष्ण को समर्पित पहला ग्रंथ है। श्रीकृष्ण चालीसा, विष्णु चालीसा सहित हवन क्रिया एवं श्रीकृष्ण के 108 नामों की आहुतियों की भी रचना की गई है।
: अटल गीत गंगा में बहेंगी देशभक्ति की बयार
Fri, Dec 22, 2023
आगरा। भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस की पूर्व बेला पर अटल गीत गंगा आयोजन समिति द्वारा 12वें अटल गीत गंगा कार्यक्रम का आयोजन 24 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे से फतेहाबाद रोड स्थित अटल उद्यान (सेल्फी प्वाइंट) में किया जायेगा। जिसमें प्रख्यात गीतकार सुधीर नारायण स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की रचनाओं को संगीत के सुरों में पिरोएंगे। साथ ही देश के प्रख्यात कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से देशभक्ति की बयार को बहाएंगे। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठन व प्रतिष्ठित लोग भाग लेंगे।
एडीए के अधिशासी अभियन्ता पूरन कुमार, अटल गीत गंगा आयोजन समिति के संयोजक अशोक कुमार चौबे ने जयपुर हाउस स्थित आवास विकास प्राधिकरण के लघु सभागार में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में कहा कि कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री प्रो. एसपी बघेल व मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी करेंगी। प्रख्यात गजल गायक सुधीर नारायण द्वारा विशेष प्रस्तुति के माध्यम से स्व. अटल जी की रचनाओं को स्वर देकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी जाएगी। कवि सम्मेलन में देश के जाने माने रचनाकार रामेन्द्र मोहन त्रिपाठी, डॉ. रुचि चतुर्वेदी, शिखा सिंह, पदम गौतम, मोहित सक्सेना, अशोक कुमार सिंह अपनी रचनाओं से अटल गीत गंगा की संध्या को अपनी रचनाओं के मोतियों से सजाएंगे। साहित्य जगत के दो लोगों को अटल सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
अशोक चौबे ने कार्यक्रम में सभी शहरवासियों को आमंत्रित करते हुए बताया कि कार्यक्रम में महापौर हेमलता दिवाकर, कैबिनेट मंत्री, उप्र योगेन्द्र उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, सांसद राजकुमार चाहर, राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति, विधायक जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक बाबूलाल जी, धर्मपाल सिंह, रानी पक्षालिका, भगवान सिंह कुशवाह, विजय शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद होंगे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से एडीएस की सहायक अभियन्ता मीनाक्षी,सुधीर नारायण, रुचि चतुर्वेदी, विजय दत्त पालीवाल, शिव शंकर शर्मा, नागेन्द्र प्रसाद दुबे आदि मौजूद थे।