: सजी हरियाली तीज, सावन के मल्हार और बिहू नृत्य ने मोहा मन
Thu, Jul 24, 2025
श्री हरि सत्संग महिला समिति का आयोजन बना भक्ति, लोक-संस्कृति और उल्लास का अनुपम संगम
आगरा। जब सावन की फुहारों के संग भक्ति के सुर बिखरे हों, झूले पर सिया झूल रही हों, और रानी स्वरूप मंच पर दीप जला रही हों—ऐसे अनुपम दृश्य के साथ श्री हरि सत्संग महिला समिति का हरियाली तीज महोत्सव हर किसी के हृदय में आनंद और श्रद्धा का संचार कर गया। गुरुवार को श्री हरि सत्संग महिला समिति द्वारा सिकंदरा-बोदला रोड स्थित डी-जेल रेस्टोरेंट में भव्य हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत रानी सुनैना स्वरूप में अंजू राजेश अग्रवाल एवं रानी कौशल्या स्वरूप में कल्पना अजय अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। भक्ति भाव से ओतप्रोत "झूला धीरे झुलाओ सुकुमारी सिया को…" भजन को संगीता अग्रवाल और अंजू राजेश अग्रवाल ने स्वरबद्ध किया। शिव-पार्वती स्वरूप में पूजा बंसल और सोनिया गर्ग द्वारा प्रस्तुत भक्ति नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष आकर्षण रही असम से आईं 40 बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक बिहू नृत्य, जो इस समय समिति द्वारा भागवत कथा वाचन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके रंग-बिरंगे परिधानों और लयबद्ध नृत्य ने समूचे आयोजन को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन सोनिया गर्ग ने किया, जबकि निशा मंगल द्वारा आयोजित मनोरंजक खेलों ने सभी को आनंदित किया। अतिथियों का स्वागत समिति की अध्यक्ष अंशु अग्रवाल, महासचिव रुचि अग्रवाल और कोषाध्यक्ष मीनू त्यागी ने किया।
इस अवसर पर डॉ. मंजू गुप्ता, मधु गोयल, रश्मि अग्रवाल, किरण शर्मा, रश्मि अग्रवाल आदि उपस्थित रहीं।
श्री हरि सत्संग समिति के अध्यक्ष भगवान दास अग्रवाल, महासचिव उमेश बंसल, संयोजक संजय गोयल और सह कोषाध्यक्ष संजय मित्तल ने व्यवस्था संभाली।
: भारत विकास परिषद अमृतम शाखा ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
Thu, Jul 24, 2025
आगरा। भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा मुंबई वाली बगीची में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए वृहत स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण के संकल्प के साथ परिषद के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और समाज को वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया।
अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (राम भाई ) ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के लिए एक स्वच्छ, हरित एवं टिकाऊ वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सावन माह के महत्व को ध्यान में रखते हुए 21 बेलपत्र के पौधे विभिन्न फलदार पौधों के साथ रोपित किए गए।
प्रांतीय संयुक्त सचिव (पर्यावरण एवं भूजल संरक्षण समिति) सौरभ गोयल ने उपस्थितजनों को पर्यावरणीय जागरूकता का संदेश दिया और वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में परिषद के संस्थापक संरक्षक आरएस गुप्ता, विजय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन, महिला सहभागिता रेखा अग्रवाल, तथा कार्यक्रम संयोजक एवं पर्यावरण उपाध्यक्ष विकास गोयल, अजय शिवहरे, राकेश अग्रवाल, गौरव बिंदल, ज्योति मोहन जिंदल, दीपक भार्गव, मनोज शिवहरे, विनोद अग्रवाल, संजीव गुप्ता, पुरुषोत्तम दास मित्तल, गौरांग गर्ग, राजीव गुप्ता, अंजना शिवहरे, भावना भार्गव, संचिता बिंदल, गुंजन अग्रवाल, यशिका गर्ग आदि उपस्थित रहे।
: हरियाली तीज उत्सव में छायी सावन के गीतों की बहार, मिले पौधों के उपहार
Sun, Jul 20, 2025
अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा अतिथिवन में उत्साह व उमंग के साथ आयोजित किया गया तीजोत्सव
आगरा। हरियाली तीज उत्सव में सावन के गीतों की खूब बहार छायी। मस्ती व उमंग के साथ मनाए गए हरियाली तीज त्सव में आकर्षक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सुहाग चिन्ह व पौधे उपहार स्वरूप भेंट किए गए। मायके में सखियों संग की जाने वाली मस्ती और शरारतें मानों करवट लेकर फिर लौट आयी। अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा आयोजित तीज उत्सव की मस्ती और उल्लास ने बचपन में मायके में मनायी जाने वाली तीज की यादों को फिर ताजा कर दिया। कार्यक्रम में भाग लेने वाली हर सखी का कुछ सा ही अनुभव था, जहां सभी को उपहार स्वरूप पौधे प्रदान किए गए, जिससे लोगों में पर्यावरण को स्वस्छ और सुन्दर बनाए रखने के प्रति जागरुकता बनी रहे।
वॉटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में आयोजित अग्रवाल संगठन रामबाग के तीजोत्सव का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डॉ. सीमा अग्रवाल, ममता गोयल, ममता अग्रवाल ने मां सरस्वती का पूजन पर उनकी तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष निशा सिंघल ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर व पटका पहनाकर किया। कहा कि हरियाली तीज वह त्योहार है जो सभी सखियों सहेलियों को एक टूट बंधन में जोड़कर रखता है।
महिलाओं ने सावन के गीत और मल्हार गाकर तीजोत्सव का खूब लुत्फ उठाया। नृत्य किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अरी बहना अखियां हैं प्यासी…, गौरा झूला झूल रही…, सावन में मोरनी बनकर…, झूला तो पड़ गयो… जैसे गीतों पर नृत्य कर सखियों ने खूब लुत्फ उठाया। संचालन राजेश अग्रवाल व कार्यक्रम का संयोजन जहान्वी सिंघल ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से रेनू, शशि, रमा, नीलम, संतोष, कोमल, कृष्णा, रेखा, सुनीता, रानी, प्रियंका, जूली, गीता, सरिता, चंचल, प्रीति, अनीता, ग्रीष्मा, लता, अरुणा आदि उपस्थित थीं।