आगरा। सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को नई ऊंचाई देते हुए आगरा व्यापार मंडल ने अपने चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर में अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए 1478 यूनिट रक्तदान कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर में व्यापारी समाज, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
शिविर में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, एमएलसी विजय शिवहरे, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक रामबाबू हरित सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम: प्रो. एसपी सिंह बघेल
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्त की एक यूनिट जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है। आगरा व्यापार मंडल ने 1478 यूनिट रक्तदान कर सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा का व्यापारी समाज हमेशा सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहा है। अपने ही रक्तदान रिकॉर्ड को तोड़कर 1478 यूनिट रक्तदान करना व्यापारी समाज की एकजुटता और सेवा भावना का प्रमाण है। ऐसे आयोजन समाज के अन्य वर्गों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पूर्व विधायक रामबाबू हरित, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग एवं एमएलसी विजय शिवहरे ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आगरा व्यापार मंडल के सेवा अभियान की सराहना की।
राजेंद्र गुप्ता ने आगरा व्यापार मंडल को ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि 1478 यूनिट रक्तदान केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन की उम्मीद है। उन्होंने रक्तदाताओं की सेवा भावना की सराहना की।
व्यापारी समाज की एकजुटता से बना रिकॉर्ड: टीएन अग्रवाल
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने अतिथियों, रक्तदाताओं, सदस्य संस्थाओं, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे व्यापारी समाज की सामूहिक शक्ति और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल ने अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए यह संदेश दिया है कि व्यापारी समाज जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
लोकहितम ब्लड बैंक ने संभाली चिकित्सा व्यवस्था
शिविर में रक्तदाताओं की सुविधा एवं सुरक्षित रक्तदान के लिए लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर की ओर से आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं तकनीकी स्टाफ की देखरेख में पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त संग्रह की प्रक्रिया संपन्न हुई। डॉ. नीतू चौहान के नेतृत्व में एसएन मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक टीम का भी विशेष सहयोग रहा।
रक्तदाताओं को वितरित किया ताजा फलों का रस
महामंत्री अशोक मंगवानी ने बताया कि आगरा व्यापार मंडल की पहल के तहत सभी रक्तदाताओं को नरेंद्र बंसल के सहयोग से ताजा फलों का रस वितरित किया गया। संगठन महामंत्री राकेश बंसल ने बताया कि रक्तदान के बाद रक्तदाताओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पौष्टिक एवं ताजा पेय उपलब्ध कराया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र के साथ पिट्ठू बैग भी प्रदान किए गए।
शिविर में सर्वप्रथम रक्तदान शिविर संयोजक योगेश रखवानी ने किया। मंच संचालन जय पुरसनानी एवं राजीव गुप्ता ने किया।
रक्तदान जागरूकता पर शॉर्ट फिल्म की स्क्रीनिंग
कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश देने वाली शॉर्ट फिल्म ‘रक्तदान’ की विशेष स्क्रीनिंग की गई। फिल्म का निर्माण रंगकर्मी अनिल जैन ने किया है, जबकि निर्देशन अंशु दीक्षित का है।
युवाओं की भागीदारी बनी शिविर की खासियत
संयोजक राजीव गुप्ता ने बताया कि इस रक्तदान शिविर की प्रमुख विशेषता युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। बड़ी संख्या में युवा पहली बार रक्तदान के लिए आगे आए और अपने पिता एवं दादा के साथ शिविर में पहुंचे। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की सक्रिय सहभागिता सामाजिक सेवा के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।
दयालबाग निवासी कृष्णा चाहर, कृष्णा अग्रवाल एवं सचिन सहित कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर सहभागिता की।
सामाजिक संस्थाओं ने भी बढ़ाया उत्साह
शिविर में गुरुद्वारा गुरु का ताल के महंत अजैब सिंह एवं महंत जसपाल सिंह, सिंध हेल्पेज के सुरेश शीतलानी, चिबरानी, डॉ. ज्ञान प्रकाश, डॉ. प्रशांत प्रकाश, सुनील विकल तथा उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष जीतू सोनी सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पदाधिकारियों एवं सदस्य संस्थाओं का रहा महत्वपूर्ण योगदान
शिविर में भोजन व्यवस्था राजेंद्र गुप्ता ने संभाली। आयोजन की व्यवस्थाओं में भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, कन्हैया लाल राठौड़, संयोजक संदीप गुप्ता, महावीर मंगल, राजेश अग्रवाल, मनोज भाटिया, बृजमोहन रैपुरिया, अनूप बंसल, राजेश सिंघल, नितिन अग्रवाल, योगेश रखवानी, अमित मोरियानी, साहूकार सिंह चाहर, दुष्यंत गर्ग, राजेंद्र सचदेवा, जयप्रकाश अग्रवाल, मनीष बंसल, देवेंद्र अग्रवाल, विमल गर्ग, अशोक लालवानी एवं राजीव अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्य संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।