: प्रवेश नगर कीजे सब काजा, हृदय राख कौशलपुर राजा…
Mon, Oct 23, 2023
श्रीमनःकामेश्वर बाल विद्यालय, दिगनेर में चल रही है श्रीराम लीला
नवम दिन लीला में हुआ लंका दहन, विभिषण शरणागति, सेतु बंध, रामेश्वर स्थापना और अंगद रावण संवाद
आगरा। हृदय में भगवान राम का नाम धारण करके जो भी काम करेंगे, उसमें सफलता मिलना तय है। हनुमान जी ने लंका प्रवेश और उसका दहन इन्हीं दो अक्षरों के माध्यम से किया।
सोमवार को गढ़ी ईश्वरा, ग्राम दिगनेर, शमशाबाद रोड स्थित श्रीमनः कामेश्वर बाल विद्यालय में चल रहे बाबा मनःकामेश्वरनाथ रामलीला महोत्सव के नवम दिन लंका दहन, विभिषण शरणागति, सेतु बंध, रामेश्वर की स्थापना और अंगद रावण संवाद प्रसंग हुआ। लंका दहन प्रसंग में हनुमान जी के स्वरूप द्वारा भगवान के नाम की महिमा का बखान किया गया। वहीं रामेश्वर लिंगम की स्थापना पर भगवान राम ने जब कहा कि शिव द्रोही मम दास कहावा, सो नर सपनेहु नहीं मोहि भावा अर्थात शंकर जी से द्रोह करने वाला व्यक्ति मेरी कितनी ही भक्ति करे मुझे वो अच्छा नहीं लगता। प्रभु श्रीराम को प्राप्त करने के लिए भगवान शिव की आराधना सबसे आवश्यक है। यह संवाद सुनते ही प्रांगण श्रीराम और हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
श्रीमहंत योगेश पुरी ने कहा कि श्री राम ने नौ दिन की कड़ी शक्ति उपासना की और नौवे दिन मां दुर्गा प्रकट हुईं और विजयश्री का वरदान राम को दिया। अगले दिन यानी दशमी को मां के आशीर्वाद से राम ने रावण का वध किया और अधर्म पर धर्म की ध्वजा फहराई गई। मां सीता के अपमान करने वाले का कुल श्रीराम ने वंश सहित खत्म कर दिया। मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि मंगलवार को लक्ष्मण शक्ति, रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद का वध लीला प्रसंग होंगे।
राम मंदिर के शुभारंभ पर मनाएं दीपावली
आरएसएस के विभाग प्रचारक आनंद जी बाबा मनःकामेश्वरनाथ राम लीला महोत्सव में पहुंचे। उन्होंने अयोध्या में विराजमान प्रभु श्रीराम लला के दर्शनों के लिए आगामी 22 जनवरी 2024 के बारे में जानकारी दी व आह्वान किया कि प्रत्येक घर में उस दिन दीपावली की जाए तो उपस्थित भक्त समूह में हर्षोल्लास छा गया।
शुभारंभ आरती के समय पधारे सूर्य प्रताप सिंह जी (श्रवण गंगा सेवा समिति) ने पूर्णिमा पर सोरो गंगाजी में स्नान एवं दर्शन के लिए आमंत्रित किया और निःशुल्क बस सेवा की बात कही।
फोटो, कैप्शन− गढ़ी ईश्वरा, दिगनेर, शमशाबाद रोड स्थित श्री मनः कामेश्वर बाल विद्यालय में आयोजित बाबा मनःकामेश्वर नाथ राम लीला महोत्सव में लीला मंचन करते कलाकार।
: डांडिया रास में झूमीं सरलाबाग एक्सटेंशन की महिलाएं, आदिशक्ति के सामने किया आनंदमय नृत्य
Mon, Oct 23, 2023
आगरा। नवमी के पावन अवसर पर सरला बाग एक्सटेंशन, दयालबाग स्थित मां आदिशक्ति मंदिर पर डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। आचार्य मोहित वशिष्ठ द्वारा मां आदिशक्ति की आरती उतारी गयी। डांडिया रास का महत्व बताते हुए आचार्य मोहित वशिष्ठ ने कहा कि डांडिया रास नृत्य देवी दुर्गा के सम्मान में किया जाता है। वास्तव में डांडिया या गरबा नृत्य देवी दुर्गा और महिषासुर राक्षस के मध्य के छद्म युद्ध का मंचन है।
नगाड़े संग ढोल बाजे, आज गरबा की रात है….जैसे गीतों पर विमल चौधरी, वीना कौशल, वीना शर्मा, रंजना भदौरिया, सत्या खुराना, सुनीता भारद्वाज, नीरू सक्सेना आदि ने जयकारों के साथ डांडिया नृत्य का आनंद लिया।
: हाथाें में डांडिया ले झूमे लाेग, भजनों के साथ बॉलीवुड गीतों का लगा तड़का
Mon, Oct 23, 2023
प्राशा डांडिया नाइट का हुआ विजय नगर स्थित स्पोटर्स बज में भव्य आयोजन
आगरा। अवसर नवरात्र का, हाथाें में डांडिया हो और संगीत की स्वरलहरियां बजने लगे तो अपने आप ही कदम थिरकने लगते हैं। विजय नगर स्थित स्पोर्ट्स बज में प्राशा डांडिया नाइट के आयोजन में गीत, संगीत और डांडिया की धूम रही।
रविवार को अष्टमी के अवसर पर प्राशा डांडिया नाइट का आयोजन किया गया था। सनातन संस्कृति थीम पर आयोजित समारोह में युवतियां और महिलाएं चनिया चोली में आयीं तो युवाओं ने भी ट्रेडिशनल ड्रेस पहनी हुयी थी। आयोजक प्राप्ति माहेश्वरी और राज गुप्ता ने माता रानी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। सहयोगी दिव्यांश सक्सेना, अमित खत्री, सचिप पचौरी, प्रियंका भारद्वाज और गुरमित सिंह ने देवी की आरती उतारी। इसके बाद शुरू हुआ डांडिया नाइट का धमाल। सबसे बड़ा तेरा नाम ओ शेरोवाली…हो रही जयजयकार भवन विच…जैसे भक्तिमय गीतों संग बॉलीवुड सॉन्ग मैं निकला गड्डी लेकर, नगाड़े संग ढोल बाजे आदि गीतों पर युवा देर रात तक डांस करते रहे। प्रसादी के साथ आयोजन का समापन हुआ।