आगरा।
लंका विजय के बाद प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन और राज्याभिषेक की मंगल बेला से पूर्व नेहरू नगर स्थित नेहरू नगर अपार्टमेंट में प्रभु स्वरूपों के स्वागत-सत्कार और अभिनंदन का भव्य आयोजन किया गया। श्रीरामलीला कमेटी के मुख्य संरक्षक जगदीश बागला की ओर से आयोजित समारोह में भगवान श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी के स्वरूपों का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप, भजनों की गूंज और पुष्पवर्षा के बीच पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
समारोह में मुख्य संरक्षक जगदीश बागला, सरोज बागला, पुनीत बागला, रुचि बागला, आनंद बागला और राघव बागला ने प्रभु स्वरूपों का भावपूर्ण अभिनंदन किया। स्वरूपों के आगमन पर श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। ढोल की थाप और उत्सवी माहौल ने आयोजन को भक्तिमय बना दिया।
भजन संध्या में ‘सजा दो घर को गुलशन सा’ सहित प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान करने वाले भजनों ने समां बांध दिया। मधुर भजनों पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। सजे हुए परिसर, पुष्पवर्षा और रामभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने अयोध्या की मंगलमयी छटा का एहसास कराया। कार्यक्रम के अंत में प्रसादी वितरित की गई।
श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कार्यक्रम को संबोधित किया। प्रभु स्वरूपों के अभिनंदन का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और आगरा की रामलीला परंपरा के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बना।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, मुख्य संरक्षक राम शरण मित्तल, टीएन अग्रवाल, मुकेश जौहरी, भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, आनंद मंगल, अंजुल बंसल, ताराचंद्र अग्रवाल, प्रकाश चंद्र, महेश चंद्र, प्रवीण स्वरूप, अरविंद, ऋतिक जौहरी, लखन, विनय, राहुल गौतम, मनीष शर्मा, आयुष अग्रवाल, संजय तिवारी और बॉबी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।