आगरा। श्री रामलीला कमेटी की ओर से बिजलीघर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित ऐतिहासिक श्री रामलीला महोत्सव-2026 में शुक्रवार को रामसेतु निर्माण, लंका कूच और अंगद-रावण संवाद के प्रभावशाली प्रसंगों का मंचन किया गया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जयघोषों से रामलीला मैदान गूंज उठा। समुद्र देव से मार्ग प्राप्त करने के लिए प्रभु श्रीराम के संकल्प, वानर सेना के सामूहिक प्रयास और रावण के दरबार में अंगद की निर्भीक ललकार ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
माता सीता का पता लगाकर हनुमान जी के रामदल में लौटने और लंका की स्थिति का समाचार देने के साथ वानर सेना में उत्साह का संचार हुआ। इसके बाद प्रभु श्रीराम ने माता सीता को रावण की कैद से मुक्त कराने के लिए लंका प्रस्थान का निर्णय लिया। समुद्र तट पर पहुंचकर उन्होंने समुद्र देव से सेना के पार जाने के लिए मार्ग देने की प्रार्थना की। तीन दिन तक विनय करने के बाद भी मार्ग नहीं मिलने पर प्रभु श्रीराम ने क्रोधित होकर धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाई। इस प्रसंग के साथ मंच पर चौपाइयों और दोहों की गूंज ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
‘भय बिनु होइ न प्रीति’, रामसेतु निर्माण से खुला लंका का मार्ग
प्रभु श्रीराम का रौद्र रूप देखकर समुद्र देव प्रकट हुए और उन्होंने लंका तक पहुंचने का उपाय बताया। इसके बाद नल-नील के सहयोग से समुद्र पर रामसेतु निर्माण शुरू हुआ। वानर सेना के सामूहिक प्रयास से पत्थरों को समुद्र में डालकर सेतु तैयार किया जाने लगा। रामसेतु निर्माण के साथ लंका तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त हुआ और रावण के अत्याचारों के अंत की निर्णायक घड़ी निकट आने लगी। इस दृश्य ने दर्शकों को प्रभु श्रीराम की शक्ति, संकल्प और सामूहिक प्रयास के महत्व का संदेश दिया।
अंगद की चुनौती से रावण के दरबार में मचा हड़कंप
लंका पहुंचने के बाद प्रभु श्रीराम ने बाली पुत्र अंगद को दूत बनाकर रावण के दरबार में भेजा। अंगद ने रावण को समझाया कि वह माता सीता को सम्मानपूर्वक प्रभु श्रीराम को लौटा दे और युद्ध का मार्ग छोड़कर लंका तथा अपने कुल को विनाश से बचाए। हालांकि, अहंकार में डूबे रावण ने उनकी बात मानने के बजाय युद्ध की चुनौती दी।
रावण के न मानने पर अंगद ने उसके दरबार में अपना पैर जमा दिया और चुनौती दी कि यदि कोई योद्धा उनका पैर हिला दे, तो वे पराजय स्वीकार कर लेंगे। रावण के दरबारी योद्धाओं ने भरपूर प्रयास किया, लेकिन कोई भी अंगद का पैर नहीं हिला सका। अंत में रावण स्वयं आगे बढ़ा, तो अंगद ने उसे प्रभु श्रीराम के चरण पकड़ने की सलाह देते हुए कहा कि उनके पैर पकड़ने के बजाय यदि वह श्रीराम की शरण में आ जाए, तो उसका कल्याण हो सकता है। अंगद के ओजस्वी संवाद और रावण के अहंकार को दर्शाते इस प्रसंग पर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयघोष किए।
विभिन्न संस्थाओं ने की प्रभु श्रीराम की आरती
श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा क्लॉथ मर्केंटाइल एसोसिएशन और रुद्राक्ष फाउंडेशन की ओर से मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम, माता जानकी एवं अन्य स्वरूपों की आरती उतारकर अभिनंदन किया गया। श्री गिरिराज जी सेवक मंडल के चरण सेवक अजय गोयल, मनोज गर्ग, पवन कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल और नीरज अग्रवाल तथा कार्यक्रम संयोजक गौरव बंसल ने अन्य चरण सेवकों के साथ स्वरूपों को माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद सामूहिक आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। कार्यक्रम के उपरांत श्रीराम हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
रामलीला कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, टीएन अग्रवाल, भगवानदास बंसल, मुकेश जौहरी, अंजुल बंसल, राकेश जैन, अजय अग्रवाल, आनंद मंगल, दिलीप अग्रवाल, संजय अग्रवाल, आयुष, शैलेश, प्रकाश चंद, सौरभ गौतम और राहुल गौतम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
शनिवार से रामलीला मैदान में छिड़ेगा घनघोर संग्राम
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि 17 अक्टूबर से रामलीला मैदान में युद्ध प्रसंगों का मंचन शुरू होगा। मीडिया प्रभारी राहुल गौतम के अनुसार, शनिवार को लक्ष्मण शक्ति लीला का मंचन किया जाएगा। राम-रावण युद्ध के रोमांचक दृश्यों, रथों पर सवार योद्धाओं और दोनों सेनाओं के बीच संघर्ष के माध्यम से रामकथा के निर्णायक प्रसंगों को जीवंत किया जाएगा।
श्रीराम हनुमान मंदिर में आज संगीतमय सुंदरकांड
लक्ष्मण शक्ति लीला के उपलक्ष्य में शनिवार को श्रीराम हनुमान मंदिर में शाम चार बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ आयोजित होगा। लाला चंद्रभान साबुन वालों के शिष्य शिब्बीमल संगीतमय पाठ प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर मंदिर में भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।