श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026 : भक्त प्रहलाद की अटूट भक्ति के आगे झुका हिरण्यकश्यप का अहंकार
Pragya News 24
Thu, Nov 19, 2026
नरसिंह अवतार ने किया अधर्म का अंत, धर्म और सत्य की विजय का दिया संदेश
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में हुआ भक्त प्रहलाद की लीला का भावपूर्ण मंचन, आज मनेगा गोवर्धन उत्सव
आगरा। वाटर वर्क्स चौराहा स्थित गौशाला में आयोजित श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को भक्त प्रहलाद की लीला का भावपूर्ण एवं प्रभावशाली मंचन किया गया। भगवान विष्णु के प्रति बालक प्रहलाद की अटूट श्रद्धा, हिरण्यकश्यप के अहंकार और भगवान के नरसिंह अवतार के प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से धर्म और अधर्म के संघर्ष की इस पौराणिक कथा को जीवंत कर दिया।
लीला में दिखाया गया कि शक्ति और सामर्थ्य के मद में चूर हिरण्यकश्यप ने स्वयं को ईश्वर घोषित कर दिया था। वह चाहता था कि समूचा संसार उसकी पूजा करे, लेकिन उसका पुत्र प्रहलाद भगवान विष्णु की भक्ति में लीन रहता था। पिता के विरोध, भय, प्रलोभन और अनेक यातनाओं के बावजूद प्रहलाद ने अपनी आस्था नहीं छोड़ी। होलिका के अग्नि में बैठने, हाथियों से कुचलवाने और प्रहलाद को मारने के अन्य असफल प्रयासों के दृश्यों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अंततः भगवान विष्णु ने नरसिंह अवतार धारण कर हिरण्यकश्यप का वध किया और अपने भक्त की रक्षा कर धर्म की स्थापना की।

कथा व्यास ने कहा कि भक्त प्रहलाद की कथा केवल पौराणिक प्रसंग नहीं, बल्कि सत्यनिष्ठा, धैर्य और नैतिक दृढ़ता का शाश्वत संदेश है। वर्तमान सामाजिक परिवेश में जब अहंकार, असहिष्णुता और नैतिक मूल्यों के क्षरण जैसी चुनौतियां सामने हैं, तब प्रहलाद का चरित्र हमें अपने आदर्शों और सिद्धांतों पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि इस लीला के माध्यम से अभिभावकों को भी महत्वपूर्ण संदेश दिया गया है। बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में केवल भौतिक सुविधाएं और शैक्षिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि उनमें संस्कार, करुणा, विवेक, सहिष्णुता और मानवीय संवेदनाओं का विकास भी आवश्यक है। प्रहलाद का चरित्र सिद्ध करता है कि सद्विचार और नैतिक दृढ़ता आयु के मोहताज नहीं होते। बच्चों को भय के बजाय विवेक, दबाव के बजाय संवाद और अंधानुकरण के बजाय सत्य की पहचान करना सिखाना चाहिए।
महोत्सव में प्रस्तुत इस लीला ने दर्शकों को मनोरंजन के साथ आत्मचिंतन और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया। लीला के माध्यम से बताया गया कि वास्तविक शक्ति बाहुबल, धन और सत्ता में नहीं, बल्कि सत्य, सदाचार, करुणा और अटूट आत्मविश्वास में निहित है।
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूपों की आरती हेल्प आगरा के अध्यक्ष एसके जैन, महामंत्री गौतम सेठ, राजेंद्र बंसल, अंजू बंसल, श्रीरामलीला कमेटी के भगवान दास बंसल, कल्याण मंगल, विष्णु दयाल, मनीष अग्रवाल, विजय रोहतगी, नीरू रोहतगी, आदर्श नंदन गुप्ता, सुशील बंसल, रेनू गोयल, सुजाता अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, अमित मोंटू, संजय गुप्ता, संगीता गुप्ता, लक्ष्मण शर्मा, विनीत सिंघल और वीरेंद्र सहित अन्य श्रद्धालुओं ने उतारी।
आज मनेगा गोवर्धन उत्सव
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को शाम 6:30 बजे गोवर्धन उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर गोवर्धन पर्वत की विशाल प्रतिमा तैयार की जाएगी तथा भगवान को अन्नकूट का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन