: डांडिया और गरबा रास में जमकर थिरका प्रिल्यूड परिवार
Sat, Oct 21, 2023
आगरा। इनक्रेडिबल ताज कंसर्ट के अंतर्गत आगरा डवलपमेंट फाॅउंडेशन (आईडीएफ) द्वारा आयोजित ‘नवरात्रि रास गरबा’ के द्वितीय संस्करण में पाॅचवें दिन शुक्रवार को ताज नगरी, फेस टू स्थित जोनल पार्क चौपाटी के एमपी थियेटर में नवरात्रि रास गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास व विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों के संबंधों को सुदृढ़ करने के प्रयास करने वाले प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल द्वारा छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों हेतु गरबा कार्यक्रम आयोजित किया गया। गरबा परमात्मा के नारी रूप की श्रद्धा और पूजा की अभिव्यक्ति है, जिसके माध्यम से भक्त उस देवी के प्रति प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें अपनी बाह्य व आंतरिक बुराइयों को नष्ट करने और अपने अंदर की सकारात्मक ऊर्जा तक पहुंँचने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, डीजीसी रेवेन्यू अशोक चौबे, डॉ. सुशील गुप्ता, श्याम बंसल, अरविंद श्रीवास्तव, प्रमुख समन्वयक संजय शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन सांस्कृतिक समृद्धि के लिए समय की जरुरत है। इस गरबा कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावकों व शिक्षकों के साथ जमकर ठुमके लगाए। इसके अतिरिक्त कलाकारों ने भी बेहतरीन प्रस्तुतियाँ दीं। इन कलाकारों के साथ लोग भी देर रात तक डांडिया की मस्ती में झूमते रहे।
विद्यालय के निदेशकगण, प्राचार्य ने डांडिया नर्तकों व नर्तकियों का हौसला बढ़ाते हुए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर गरबा कर सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि ब्रज और गुजरात की साझा संस्कृति की मनमोहक झलक आज संयोजन में साफ़ दिखाई दे रही है।
शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों ने एक से एक शानदार प्रस्तुतियाँ देकर जमकर धमाल मचाया। कार्यक्रम में बेहतर प्रस्तुति व आकर्षक वेशभूषा के लिए विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अविनाश वर्मा ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी की प्रस्तुतियों की सराहना की।
: कोपभवन सुनि सकुचेउ राऊ, भय बस अगहुइ परइ न पाऊ
Fri, Oct 20, 2023
श्रीमनःकामेश्वर बाल विद्यालय, दिगनेर में चल रहे श्रीराम लीला महोत्सव में सीता जी की विदाई के बाद हुई कोपभवन लीला
कन्यादान के गूंजे गीत, कैकई− मंथरा और कैकई− दशरथ संवाद सुन श्रद्धालु हुए भावुक
आगरा। उत्साह, उमंग के साथ सीता जी का कन्यादान हुआ और अपने प्रिय पुत्र श्रीराम की वधू सहित अन्य पुत्रों का माता कौशल्या, सुमित्रा और कैकई ने अयोध्या नगरी आगमन पर स्वागत हृदय लगाकर किया किंतु आनंद के इन क्षणाें को जब मंथरा के शब्दों ने भेदा तो जैसे हर श्रद्धालु का हृदय द्रवित हो उठा। इसके बाद हाय कैकई ये तू क्या करने जा रही है….जैसे शब्द हर किसी की जिव्हा पर आ गए। कोप भवन लीला में एक पिता और पति राजा दशरथ जब भाव युद्ध में फंसे तो हर आंख भर आई। सभी भक्त बोल उठे, अरे अभी तो विवाह की उमंग बिसराई भी न गई थी, ये क्या घड़ी आई।
गढ़ी ईश्वरा, ग्राम दिगनेर, शमशाबाद रोड स्थित श्रीमनः कामेश्वर बाल विद्यालय में चल रहे बाबा मनःकामेश्वरनाथ रामलीला महोत्सव के छठवें दिन राम विवाह, कन्यादान, कैकई मंथरा संवाद, कैकई− राजा दशरथ संवाद लीला का मंचन किया गया। श्रीमहंत योगेश पुरी और मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने स्वरूपों की आरती उतारी। लीला मंचन में जब भगवान राम को अयोध्या का राज देने की चर्चाएं आईं तो रानी कैकई को उसकी दासी मंथरा ने भड़का दिया। मंथरा के बहकावे में आकर कैकई कोप भवन में चली जाती है। कोप भवन का नाम सुनकर ही राजा दशरथ सहम जाते हैं। कैकई राजा दशरथ से राम को वनवास और भरत को राजगद्दी के वर मांगती है। राजा दशरथ विनती करते हैं कि राम को वनवास देने का वर मत मांगों। किंतु कैकई कहती है कि ठीक है राजन अपने वचन से मुकर जाओ। राजा दशरथ कहते हैं रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाएं पर वचन न जाई…। इसी प्रसंग के साथ जब लीला का समापन होता है तो हर श्रद्धालु का हृदय व्याकुल हो उठता है।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि शनिवार को राम वनवास, केवट संवाद, दशरथ मरण और भरत आगमन लीला होगी।
: आगरा पर्यटक स्थलों के सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रोजेक्ट की मंडलायुक्त ने की समीक्षा
Fri, Oct 20, 2023
आगरा. 20 अक्टूबर। आज शुक्रवार को मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई जिसमें आगरा शहर के पर्यटक स्थलों को सुविकसित एवं सौंदर्यीकरण किये जाने से जुड़े कई आगामी प्रोजेक्ट - प्रस्तावों की समीक्षा की गयी। निजी कंसलटेंट कंपनियों द्वारा पर्यटकों को ध्यान में रख आगरा फोर्ट से लेकर ताजमहल तक क्षेत्र को संवारने व सुविधा उपलब्ध कराने से संबंधित प्रोजेक्ट प्रदर्शित किया गया। इन प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने ताजगंज स्ट्रीट और शाहजहां गार्डन को सुविकसित करने हेतु एक विशेष प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
यमुना नदी किनारे घाटों को संवारने एवं वहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने के उद्देश्य के साथ बनाये जा रहे यमुना डवलपमेंट प्लान को रिप्लान करने को कहा। बृज थीम पर जोनल पार्क का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी, एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़, सचिव गरिमा सिंह, मुख्य अभियंता अवनेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता पूरन कुमार, प्रभात कुमार नगर नियोजक, रिदम कटारिया आदि मौजूद रहे।