श्रीकृष्ण लीला शताब्दी महोत्सव में निकली श्रीकृष्ण बलराम जी की शोभायात्रा
नगर भ्रमण में जगह− जगह हुई पुष्पवर्षा, 45 से अधिक सवारियां रहीं आकर्षण का केंद्र
अपने आराध्य के दर्शन प्राप्त कर भक्त हुए धन्य, प्रसादी का किया गया शोभायात्रा में वितरण
श्रीकृष्ण लीला शताब्दी महोत्सव के अन्तर्गत निकाली गयी श्रीकृष्ण बलराम शाेभायात्रा में स्वरूपाें की आरती उतारते मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और विधायक पुरुषाेत्तम खंडेलवाल, मनीष अग्रवाल व अन्य।
शोभायात्रा में शामिल झांकियां।
शोभायात्रा में शामिल झांकियां।
आगराा। आसुरी शक्तियों का अंत कंस के रूप में करने के बाद मथुरा नगरी में जब ज्येष्ठ बलदाउ के साथ नगर भ्रमण को निकले घनश्याम तो आकाश मार्ग से स्वयं देवता भी करने लगे पुष्प वर्षा। साथ− साथ झांकियों के रूप में त्रिदेव व अन्य देवी देवता भी चल रहे थे। भक्त बस अपने श्याम सुंदर को देख−देख निहाल हुए जा रहे थे।
शोभायात्रा में शामिल झांकियां।
बल्केश्वर गौशाला में श्रीकृष्ण लीला समिति के तत्वावधान में चल रहे श्रीकृष्ण लीला शताब्दी समारोह के दसवें दिन श्रीकृष्ण बलराम की शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण मयूर रथ बना था, जिस पर श्रीकृष्ण और बलराम जी के स्वरूप विराजमान थे। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के साथ अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने स्वरूपों की आरती उतारी। मंत्रोच्चारण के साथ पूजन करते हुए शोभायात्रा को 45 से अधिक झांकियों की सवारी के साथ नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
गौशाला परिसर से सर्वप्रथम गणेश जी की सवारी की निकासी हुई। सवारी में महाकाल, श्रीराम दरबार, चंद्रयान, सुदर्शन चक्र लीला, कुरुक्षेत्र में गीता का उपदेश, दामोदर लीला, महालक्ष्मी, लक्ष्मी नारायण, महावीर हनुमान जी, मयूर नृत्य, रास लीला, श्रीकृष्ण सुदामा मिलन लीला, अमरनाथ जी, बांके बिहारी जी, विट्ठलनाथ जी सहित विभिन्न झांकियां शामिल थीं। बैंड बाजों के साथ शोभायात्रा ने नगर भ्रमण किया।
बेलनगंज, कचहरी घाट, छत्ता बाजार, दरेसी नं.2, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, कसेरट बाजार, किनारी बाजार, सेव का बाजार, फुलट्टी, छिलीईंट घटिया, सिटी स्टेशन रोड, धूलियागंज, पथवारी, बेलनगंज तिकोनिया होती हुई शोभायात्रा गौशाला वापस आई। मार्ग में कई स्थानों पर श्रीकृष्ण बलराम के स्वरूपों की आरती उतारी गई और फूल बरसाए गए। जगह− जगह उंचें मकानों और स्थानीय दुकानों से लोगों ने अपने आराध्य के स्वरूपों के अपलक दर्शन कर स्वयं को धन्य किया। शोभायात्रा के मार्ग में हर भक्त की जिव्हा पर राधे−राधे के जयघोष लगातर सज्जित हो रहे थे।
शोभायात्रा में विजय रोहतगी, अशोक गोयल, संजय गर्ग, बीजी अग्रवाल, शेखर गोयल, विनीत सिंघल, कैलाश खन्ना, संजय चेली, मनीष बंसल, गिर्राज बंसल, बृजेश अग्रवाल, केके अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, डीके चौधरी आदि शामिल रहे। अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को द्वारिकापुरी रुक्मणि मंगल विवाह लीला का प्रसंग होगा।