: दवा व ब्लड सैंपल देने के लिए मरीजों को नहीं खाने पड़ेंगे धक्के, हर फ्लोर पर खोले गए काउंटर
Wed, Nov 29, 2023
Agra. मरीजों को जिला अस्पताल की प्रत्येक मंजिल पर दवा मिल सके और उनकी सभी जांचे भी हो सके, इसके लिए आगरा जिला अस्पताल प्रशासन प्रयासरत है। पहले तल पर दवा काउंटर खुल जाने के बाद द्वितीय तल पर भी दवा काउंटर खोल दिया गया है। जिसका शुभारंभ सीएमएस अनीता शर्मा और डिप्टी सीएमएस सीपी वर्मा ने फीता काटकर किया।
सीएमएस अनीता शर्मा का कहना है कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। जिला अस्पताल में प्रथम और द्वितीय तल पर चिकित्सकों की ओपीडी चलती है। ऐसे में चिकित्सक से परामर्श लेने के बाद मरीज ग्राउंड फ्लोर पर बने दवा काउंटर से दवा लेने के लिए दौड़ लगाता है जिससे दवा काउंटर पर अत्यधिक भीड़ हो जाती है और मरीजों को परेशानी का भी सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं के समाधान हेतु हर तल पर दवा व ब्लड सेम्पल लेने के काउंटर खोले जा रहे है।
पहले तल पर सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के साथ दवा काउंटर खोले जाने के बाद द्वितीय तल पर दवा काउंटर खोले गए है। अब द्वितीय तल पर चिकित्सकों से परामर्श लेने के बाद दवा भी वहीं से ले सकते हैं।
: आर्थिक लालच देकर गरीबों के बैंक एकाउंट खरीद रहे शातिर
Wed, Nov 29, 2023
Agra. आगरा में गरीबों के बैंक एकाउंट बिक रहे हैं। शातिर अपराधी सरकारी योजनाओं का लालच देकर व आर्थिक रूप से मदद के बहाने इन गरीब लोगों को अपने जाल में फंसा रहे है। लोग इन शातिर अपराधियों के जाल में फंस कर अपना एकाउंट नंबर इन शातिर अपराधियों को दे रहे हैं। जिसका उपयोग काले धन को सफेद करने में किया जा रहा है।
गरीबों के एकाउंट का उपयोग करने के लिए शातिर अपराधी उन्हें सरकारी योजना का लाभ दिलवाने व आर्थिक रूप से मदद के बहाने लोगों को फंसा रहे हैं। इसके लिए लोगों को रकम भी ऑफर की जा रही है। जो लोग कुछ नहीं करते है उन्हें 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से देने का लालच दिया जा रहा है। लोग इस लालच में अपने बैंक अकाउंट बेच रहे हैं।
काले धन को किया जा रहा सफेद
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि शातिर अपराधी अपने काले धन को सफेद करने के लिए गरीबों व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। लालच देकर उनके अकॉउंट को इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे एकाउंट को सीज कर एक सूची तैयार की गई है जिन्होंने सरकारी योजना का लाभ लिया है। फ़िलहाल ऐसे शातिर अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही जारी है।
: सड़क पर दौड़ते वक्त पलट गया ई रिक्शा, महिला-युवक गंभीर रूप से हुए घायल
Wed, Nov 29, 2023
Agra. आगरा शहर के मधु नगर चौराहे पर उसे समय अफरा तफरी मच गई जब सवारी से भरा ई रिक्शा सड़क पर दौड़ते वक्त अचानक से पलट गया। इस घटना में ई रिक्शा में सवार सवारियों के गंभीर चोट आई तो वहीँ सड़क किनारे खड़ा युवक भी उसकी चपेट में आ गया। घायल अवस्था में एक महिला और युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
यह पूरा मामला सदर थाना क्षेत्र की मधु नगर चौराहे का है। मधु नगर चौराहे से प्रतापपुर की ओर सवारी से भरा ई-रिक्शा आ रहा था तभी अचानक से मधु नगर चौराहे के पास सड़क पर दौड़ते वक्त ई रिक्शा अचानक से पलट गया। ई रिक्शा के पलटने से चीख पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़ लगाई और ई रिक्शा के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाल। इस घटना में कई लोगों को मामूली चोटें आईं तो वहीँ एक महिला और एक युवक गंभीर रूप से घायल हुए जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
घायल महिला की परिजनों को इस घटना की जानकारी दी तो मौके पर लोग पहुंच गए और ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया, साथ ही उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कहने लगे। ई-रिक्शा चालक का कहना था कि इसमें उसकी कोई गलती नहीं है। सड़क पर दौड़ते वक्त हादसा हो गया। वह घायल सवारियों का इलाज करने को तैयार है।