: 108 श्रीफलों की आहूति से हुए मां कामाख्या के निशा पूजन
Sat, Feb 17, 2024
•
गुप्त नवरात्रों की सप्तमी के दिन अर्ध रात्रि में हुआ महामाई का महायज्ञ, 108 श्रीफलों की दी गई आहूति
आगरा। गुप्त नवरात्रों की सप्तमी पर कालरात्रि में मां कामाख्या का निशा पूजन किया गया। महायज्ञ में महामाई को 108 श्रीफलों के साथ सात्विक पेठे व नींबू की भी आहूति दी गई। महायज्ञ परिसर में स्थापित 56 मूर्तियों पर दीपदान किया गया। जिससे समस्त यज्ञ परिसर दिव्य रोशनी से जगमगा उठा। महामाई के विभिन्न पाठों व महायज्ञ की धूनि से समस्त वातावरण पवित्र व सुगन्धित हो गया। अष्टमी के दिन कालरात्रि पूजन में दीपदान के साथ 108 किलों फलों व नवमी के दिन 108 किलो मेवाओं की आहूति महामायी के महायज्ञ में दी जाएगी। परम पूज्य संत श्री कीर्तिनाथ जी महाराज के नेतृत्व में शास्त्रीपुरम, सुनारी में महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु मां कामाख्या व भैरव बाबा के स्थापित ध्वज व मुख्य हवन कुण्ड की परिक्रमा के लिए पहुंच रहे हैं।
परम पूज्य संत श्री कीर्तिनाथ जी महाराज ने कहा कि गुप्त नवरात्रों के अवसर पर सप्तमी, अष्टमी व नवमी के दिन महामाई कामाख्या का कालरात्रि में विशेष पूजन व दीपदान किया जा रहा है। नगला चंद्रभान दीनदयाल धाम के निर्देशक सोहनपाल जी ने महायज्ञ में आहूति दी। रास रचो है रास रचो है वृन्दावन में रास रचो है… कीर्तन पर आज श्रीहरि की कथा में भक्तजन भगवान की भक्ति में खूब झूमें। शिवजी के गोपी बनकर महारास में पहुंचने व माखन चोरी, मिट्टी खाकर माता यशोदा को ब्रह्माण्ड के दर्शन कराने की लीलाओं का वर्णन कथा वाचक संजय शास्त्री ने किया। सामाजिक विषयों पर बोलते हुए कहा कि जो हमें तार दे वह पुत्र है, वह पुत्र नहीं जो बुढापे में माता-पिता को रोटी न दे। ऐसे पुत्रों का कभी तारण नहीं हो सकता, चाहे कितने भी धर्म कर्म करें। चाहे कितनी भागवत करा ले। नर्क कहीं दूसरी जगह नहीं धरती पर ही है। जैसे कर्म करोगे वैसा ही भोगोगे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से इस अवसर पर मुख्य रूप से आयोजन समिति के अध्यक्ष कान्ता प्रसाद अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुरारीप्रसाद अग्रवाल, वंदना मेड़तवाल, गुड्डा प्रधान, राहुल अग्रवाल, जयशिव छोकर, चैधरी यशपाल सिंह, विक्रम सिंह राणा, मुन्ना मिश्रा, शम्भूनाथ चैबे, मुकेश अग्रवाल अवि गोयल, पवन भदौरिया, सुनील पाराशर, खेमसिंह पहलवान, मीना अग्रवाल, वीरेन्द्र मेड़तवाल, दिव्या मेढतवाल, सीमा गोयल, रीया आदि उपस्थित थे।
18 फरवरी को होगा संतों का विराट सम्मेलन
मां कामाख्या आयोजन सेवा समिति के अध्यक्ष कान्ता प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि 18 फरवरी को संतों का दोपहर 12 से 2 बजे विराट सम्मेलन, सामूहिक विवाह समारोह, यज्ञोपवीत (जनेऊ संस्कार) का आयोजन व दो निर्धन कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। संतों के सम्मेलन में भारत के विभिन्न धार्मित स्थलों (काशी, उज्जैन, अयोध्या, मिथिला, आसाम, वृन्दावन) के 300 से अधिक साधू संत भाग लेंगे। सनातम धर्म व संस्कृति विषय पर संवाद होगा। 20 फरवरी को महायज्ञ पूर्णाहूति, सम्मान समारोह व भंडारे का आयोजन होगा। 21 फरवरी को सभी स्थापित मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा।
: अवैध निर्माणों पर गरजा एडीए का महाबली, निर्माणाधीन अवासीय कॉलोनी ध्वस्त, होटल सील
Fri, Feb 16, 2024
Agra. अवैध निर्माणों पर एडीए की कार्यवाही तेजी के साथ हो रही है। अवैध अवासीय कॉलोनियों पर एडीए का बुलडोजर तेजी के साथ दहाड़ रहा है तो वहीं अवैध निर्माणों पर सील लगाई जा रही है। एडीए ने बगदा स्थित 125 फुट रोड पर अवैध रूप से 50 हजार वर्ग गज भूमि पर विकसित अवैध कॉलोनी भोले बाबा धाम को ध्वस्त किया तो वहीं नगला मेवाती में घर में भू उपयोग के विपरीत संचालित होटल द पार्क व्यू मैक्स एंड मोर कैफे और शहीद नगर में अवैध रूप से बनाई छह दुकानों की मार्केट को सील कर दिया।
ताजनगरी फेज-2 नगला मेवाती में खसरा संख्या 404 व 406, प्लॉट नंबर 6 पर हुसैन मोहम्मद पुत्र हसनुद्दीन ने 200 वर्ग गज में तीन मंजिल घर का नक्शा पास कराया। नक्शे के विरुद्ध निर्माण किया। सेटबैक नहीं छोड़ा। बिना भू उपयोग बदले आवासीय मानचित्र पर होटल खोल लिया। 28 जुलाई 2023 को एडीए ने होटल बंद करने का नोटिस दिया, लेकिन हुसैन मोहम्मद ने होटल बंद नहीं किया जिस पर प्रभारी प्रवर्तन के निर्देश पर नगर योजना एवं विकास अधिनियम की धारा 28 क के तहत होटल को सील कर दिया गया है।
शहीद नगर में भवन संख्या ई-3/1385 एवं ई-3/1386 को तोड़कर राकेश राजपूत, गोविंद सिंह, बृजेश कुमार सिंह ने छह दुकानों की दो मंजिल अवैध मार्केट खड़ी कर दी। जिसका मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया। छह दुकानों सहित मार्केट को सील किया गया है।
वहीं एडीए प्रवर्तन विभाग की लापरवाही का नमूना देखिए। 16 अगस्त 2021 को एडीए ने अवैध रूप से विकसित भोले बाबा धाम को ध्वस्त करने के आदेश हुए। तीन साल तक आदेश फाइलों में दबा रहा। उधर अवैध कॉलोनी भोले बाबा धाम में मकान बन गए। जिस पर अब एडीए का बुलडोजर चल गया है। सड़क व प्लॉट की दीवार तोड़ ध्वस्तीकरण की रस्म अदायी की गयी। 50 हजार वर्ग गज की कॉलोनी में 50 मिनट भी बुलडोजर नहीं चला।
: जिला अधिकारी भानु गोस्वामी ने आगरा मेट्रो का किया औचक निरीक्षण, दिए ये निर्देश
Fri, Feb 16, 2024
Agra. आगरा मेट्रो का काम तेजी के साथ चल रहा है। प्रायरिटी कॉरिडोर का काम लगभग पूरा हो गया है। इस प्रायरिटी कॉरिडोर के तीन स्टेशन जो भूमिगत है उनमें अप एंड डाउन दोनों ओर रेलवे ट्रैक बिछने के बाद ट्रायल जारी है। इस बीच जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने ताजमहल वेस्ट गेट, पुरानी मंडी मेट्रो स्टेशन और भूमिगत मेट्रो ट्रैक का निरीक्षण किया।
आपकों बताते चले कि आगरा मेट्रो भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। लोकसभा चुनाव से पहले योगी सरकार प्रायरिटी कॉरिडोर को पूरा करके मेट्रो का संचालन कर शहर को तोहफा देने में जुटी हुई है। इस बीच मेट्रो के कार्य प्रगति का निरीक्षण करने के लिए जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी पहुँच गए। उन्होंने ताजमहल वेस्ट गेट, पुरानी मंडी मेट्रो स्टेशन और भूमिगत मेट्रो ट्रैक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेट्रो अधिकारी से मेट्रो कार्य प्रगति की जानकारी ली और कार्य को समयबद्ध पूर्ण करने के दिए निर्देश। इस दौरान नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल सहित मेट्रो के अधिकारी मौजूद रहे।