प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल : गुरुनानक जयंती पर प्रिल्यूड में गूंजा मानवता और समानता का संदेश
Pragya News 24
Mon, Nov 23, 2026
गुरुनानक जयंती पर एंड्रोमेडा सदन ने आयोजित की विशेष प्रार्थना सभा; समानता, प्रेम, ईमानदारी और मानव सेवा का दिया संदेश
आगरा। गुरु नानक देव जी की पावन जयंती के अवसर पर प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, आगरा में सोमवार को एंड्रोमेडा सदन की ओर से विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। सभा के माध्यम से विद्यार्थियों को गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन, आदर्शों और मानवता के कल्याण से जुड़ी शिक्षाओं से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आत्मीय स्वागत एवं मधुर गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इससे विद्यालय परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से सराबोर हो गया। कक्षा नौवीं की छात्राओं दीक्षा वर्मा एवं ओजस्वी भारद्वाज ने कार्यक्रम का कुशल संचालन करते हुए गुरु नानक देव जी के जीवन, व्यक्तित्व और विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सत्य, समानता, प्रेम, सद्भाव और मानव सेवा के उनके संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल, प्रमुख शैक्षणिक समन्वयिका डॉ. रश्मि गांधी एवं समस्त शैक्षणिक समन्वयिकाओं ने गुरु नानक देव जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने अपने ज्ञानवर्धक वक्तव्य के माध्यम से गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख सिद्धांतों ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको’ का महत्व समझाया। इन सिद्धांतों का अर्थ ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी एवं परिश्रम से आजीविका अर्जित करना तथा अपनी कमाई और संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ साझा करना है। इसके बाद सामूहिक सिमरन के माध्यम से सभी ने श्रद्धापूर्वक गुरु नानक देव जी को नमन किया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता को प्रेम, समानता और सद्भाव के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन आदर्शों को केवल अपने विचारों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में भी आत्मसात करें।
प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें समानता, विनम्रता, प्रेम और निःस्वार्थ सेवा का महत्व समझाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करें, किसी के साथ भेदभाव न करें तथा अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का उपयोग समाज एवं मानवता के कल्याण के लिए करें।
कार्यक्रम का समापन एंड्रोमेडा सदन की कप्तान यश्वी गुप्ता द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस विशेष प्रार्थना सभा ने विद्यार्थियों को गुरु नानक देव जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने और एक बेहतर, संवेदनशील एवं समतामूलक समाज के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन