बल्केश्वर : बल्केश्वर में चौथ वसूली के आरोपों पर उबाल, सामाजिक संगठनों ने खोला मोर्चा
Pragya News 24
Mon, Nov 23, 2026
मनोज अग्रवाल पर चौथ वसूली, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोप; निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग
आगरा। बल्केश्वर स्थित अग्रसेन वाटिका में सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर प्रदर्शन एवं प्रेस वार्ता की। इस दौरान मनोज अग्रवाल पर चौथ वसूली, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई गई। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मुट्ठियां हवा में लहराकर ‘हम सब एक हैं’ का नारा लगाया। साथ ही एक स्वर में कहा, ‘नहीं होने देंगे, नहीं होने देंगे, अपने क्षेत्र में हम चौथ वसूली नहीं होने देंगे।’ वक्ताओं ने प्रशासन से आरोपों की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। कार्यक्रम में पार्षद हरिओम गोयल बाबा, पूर्व पार्षद, व्यापारी नेता, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
मनोज अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग
पार्षद हरिओम गोयल बाबा ने कहा कि मनोज अग्रवाल के खिलाफ क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनोज अग्रवाल का नाम कमला नगर थाने के हिस्ट्रीशीटर के रूप में दर्ज है और उनके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को ब्लैकमेल कर चौथ वसूली की जा रही है। ऐसे मामलों में पुलिस को तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी करनी चाहिए और उनके खिलाफ दर्ज सभी मुकदमों की जांच करानी चाहिए।
हरिओम गोयल बाबा ने दावा किया कि हाल ही में एक टिकिया विक्रेता से 50 हजार रुपये की चौथ मांगने के मामले में भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। अपने ऊपर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति उन पर आरोप लगाता है तो उसे प्रमाणित भी करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि आरोप साबित नहीं होने पर वह मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। अपने बेटे पर गोली चलवाने के आरोप को भी उन्होंने बेबुनियाद बताते हुए उसे साबित करने की चुनौती दी।
चाट विक्रेता ने लगाया 70 हजार रुपये मांगने का आरोप
बल्केश्वर निवासी चाट विक्रेता राम खिलाड़ी ने अपनी शिकायत में बताया कि वह मनोहरपुर में अपना मकान बनवा रहे हैं। उनका आरोप है कि इसी दौरान मनोज अग्रवाल ने फोन कर उनसे मुलाकात करने को कहा। राम खिलाड़ी के अनुसार, मनोज अग्रवाल ने एडीए का काम संभालने का दावा करते हुए 20 हजार रुपये अपनी फीस और 50 हजार रुपये एडीए अधिकारियों के लिए देने की मांग की।
राम खिलाड़ी का आरोप है कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण रुपये देने से मना करने पर उन्हें मकान तुड़वाने और सील लगवाने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने पार्षद हरिओम गोयल बाबा की सलाह पर कमला नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बाबा पर पैसे लेकर मकान बनवाने के आरोपों को भी गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने उनसे कोई रकम नहीं ली है।
क्षेत्र में किसी की गुंडागर्दी नहीं चलने देंगे
पूर्व पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा, श्री अग्रबंधु समन्वय समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद ताराचंद मित्तल (तोती भाई), बल्केश्वर मेला कमेटी के अध्यक्ष महेश निषाद तथा कर्मयोगी एनक्लेव वेलफेयर सोसाइटी एवं अग्र मिलन समिति के अध्यक्ष पवन बंसल ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मनोज अग्रवाल के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए।
जो अपने घर का नहीं, वह समाज का कैसे होगा
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल ने मनोज अग्रवाल के समाजसेवक और महासभा के प्रदेश अध्यक्ष होने के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति यह दावा नहीं कर सकता कि कोई क्षेत्र केवल उसका है। क्षेत्र वहां रहने वाले प्रत्येक नागरिक, दुकानदार और उद्यमी का है। क्षेत्र से जुड़े निर्णय लेने का अधिकार जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन का है। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, ‘जो अपने परिवार को साथ लेकर नहीं चल सका, जो अपने घर का नहीं हुआ, वह समाज का ठेकेदार कैसे बन सकता है?’ जमींदार होने के दावे पर उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज में ऐसे अनेक परिवार हैं जिनके पूर्वज जमींदार रहे हैं। केवल इस तरह के दावों से कोई बड़ा नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि समाज की ठेकेदारी और तुष्टीकरण करने वाला व्यक्ति समाज का हितैषी नहीं हो सकता।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
प्रदर्शन एवं प्रेस वार्ता में बबली सिंघल, ब्रह्मा गुप्ता, श्याम सुंदर अग्रवाल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल (बल्ले भाई), सचिन अग्रवाल (सीमेंट वाले), बिल्डर हरीश अग्रवाल (जुगनू भाई), जोगिंदर शुक्ला, नीरज अग्रवाल, हनी मित्तल, कपिल अग्रवाल, अमर सिंह, विजय अरोड़ा, पंकज गुप्ता, राकेश त्यागी, महेंद्र शाक्य, अनुज गोयल, लक्ष्मी नारायण निषाद, महेश राठौर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन