: कोटा की मोशन कोचिंग के संचालकों को मोशन एकेडमी द्वारा दी गयी धमकी
Sat, Feb 24, 2024
कोचिंग का नाम मिलता जुलता होने से दी जा रही है जान से मारने की धमकी
प्रचार में भी डाली जा रही बाधा, पुलिस नहीं कर रही सहयोग
आगरा। शिक्षा जगत में एनवी सर द्वारा स्थापित मोशन कोटा का आगरा सेन्टर इस वर्ष से प्रारम्भ हुआ है। कोटा की मोशन कोचिंग के संचालकों को पहले से आगरा में चल रही मोशन एकेडमी द्वारा जान से मारने की धमकी जी रही है। कोचिंग बंद करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। वजह कोचिंग का नाम मिलता जुलता होना है। कोचिंग के प्रचार में भी बाधाए डाली जा रही हैं। पुलिस भी सहयोग नहीं कर रही। हालाकि कोटा मोशन कोचिंग द्वारा आगरा की मोशन एकेडमी पर ट्रेड मार्क चुराने के मामले में पहले से कोर्ट में मुकद्मा चल रहा है।
देव नगर स्थित मोशन कोचिंग के निदेशक जय काबरा व उनके भाई अंकुर काबरा ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि हमारा मोशन कोचिंग को आगरा लाने का उद्देश्य उन अभिभावकों व विद्यार्थियों का लाखों रुपए बचाने का है जिन्हें उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए लिए कोटा जाना पड़ता था। मोशन कोचिंग देश में जाना माना नाम है, जिसके निदेशक नितिन विजय (एनवी सर) हैं। मोशन कोचिंग कोटा में 2007 से प्रारम्भ हुई थी। अरुण शर्मा पिछले कुछ वर्ष पूर्व से आगरा में मोशन एकेडमी के नाम से कोचिंग चला रहे हैं। उन्होंने कोटा की मोशन कोचिंग के आगरा में आने पर विरोध शुरु कर दिया। कई बार व्हॉट्स-एप कॉलिंग करके तो कई बार आयोजनों में मुलाकात होने पर जान से मारने की धमकी दी। कोचिंग का प्रचार-प्रसार करने में भी दिक्कते पैदा कर रहे हैं। मोशन कोचिंग को बंद करने का दबाव बना रहे हैं। मानसिक तनाव देकर हमारा व्यवसाय बंद कराने का प्रयास किया जा रहा है। भला हमसे कैसा विरोध।
शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों का इस तरह गुंडई दिखाना समाजिक दृष्टि से अच्छे संकेत नहीं हैं। पुलिस भी किसी प्रकार का सहयोग नहीं कर रही है। अरुण शर्मा दबंगई प्रवृत्ति के हैं जो पहले से और भी कई विवादों में फंसे हुए हैं। न्यू आगरा स्थित कोचिंग सेन्टर से वैमनस्यता रखने के कारण वहां की शिक्षिकाओं को सोशल मीडिया में बदनाम किया, जिसका मुकद्मा भी दर्ज हुआ। वहीं अपनी ही कोचिंग में अरुण शर्मा द्वारा एक शिक्षक को चांटा मारने का विवाद भी खूब गरमाया था शिक्षा जगत में।
जय काबरा ने कहा कि हमेशा अपने साथ बॉडीगार्ड व बंदूकधारी लेकर घूमने वाले अरुण शर्मा कभी भी हमें नुकसान पहुंचा सकते है। हमें आर्थिक व मानसिक दोनों तरह से नुकसान पहुंचा रहा है अरुण शर्मा से हमें जान का भी खतरा है। प्रेस वार्ता के माध्यम से हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व पुलिस व प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करके अपनी सुरक्षा चाहते हैं।
इन्होंने ये कहा
उपरोक्त प्रकरण के बारे में जब मोशन एकेडमी के डायरेक्टर डाॅ. अरुण शर्मा से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि उपरोक्त आरोप जय काबरा एवं उनके भाई अंकुर काबरा द्वारा लगाये गये हैं वह सब निराधार हैं। उन्होंने बताया कि मोशन एकेडमी को वह निरंतर छः वर्षों से कढ़ी मेहनत व निष्ठा से चला रहे हैं उनका मोशन कोचिंग से कोई भी किसी भी प्रकार का संबंध नहीं है
: आगरा की सड़कों पर दिखेगा दो दिन रफ्तार का रोमांच, आज से द आगरा ताज कार रैली का आयोजन
Sat, Feb 24, 2024
•
9 वीं आगरा ताज कार रैली 24− 25 को, जीतने वालों को मिलेगा डेढ़ लाख रुपये का इनाम
•
ताज महोत्सव के अन्तर्गत मोटर्स स्पोर्टस क्लब कर रहा है द आगरा ताज कार रैली का आयोजन
•
30 से अधिक हो चुके हैं अब तक रजिस्ट्रेशन, महिलाएं भी कर रही भागीदारी
•
फतेहाबाद और मथुरा− वृंदावन क्षेत्र में दिखेगा कारों की रफ्तार का रोमांच
आगरा। अपनी− अपनी कुर्सी की पेटी बांध लीजिए। मोटर बाइक के बाद अब आगरा में मोटर कार की रफ्तार का रोमांच होने जा रहा है। 24 और 25 फरवरी को आगरा− फतेहाबाद और मथुरा की सड़कों पर कारों की सरपट दौड़ समय, रफ्तार और दूरी की थीम पर दिखायी देगी।
ताज महोत्सव के अन्तर्गत मोटर्स स्पोर्टस क्लब द्वारा 24 और 25 फरवरी को आयोजित होने जा रही 9 वीं द आगरा ताज कार रैली का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार को ताजनगरी स्थित आगरा कैंप एंड रिसार्ट में सभी प्रतिभागियों और उनके सहयोगी नेविगेटर्स को रैली संयोजक सुदेव बरार द्वारा प्रशिक्षण एवं रूट की जानकारी दी गयी।
आगरा मोटर्स स्पोर्टस क्लब के चैयरमेन राम मोहन कपूर ने बताया कि 24 फरवरी को सुबह 08 बजे फतेहाबाद राेड स्थित सेल्फी पॉइंट पर कार रैली का फ्लैग आफ कमिश्वर रितु माहेश्वरी एवं डीएम भानु चंद्र गोस्वामी द्वारा किया जाएगा। यहां से रैली बाह− फतेहाबाद, पिनाहट, बटेश्वर, चंबल सफारी के लिए रवाना होगी और वापस तय समय में आगरा पहुंचेगी। रात्रि विश्राम के बाद 25 फरवरी को रैली सुबह 8 बजे मथुरा− वृंदावन और बरसाना के लिए निकलेगी।
ज्वाइंट डायरेक्टर टूरिज्म अविनाश चंद्र मिश्रा ने बताया कि समयबद्धत्ता और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुकता लाना रैली का उद्देश्य है।
क्लब के संरक्षक हरविजय वाहिया ने कहा कि रैली का आयोजन फेडरेशन आफ मोटर स्पोर्ट क्लब आफ इंडिया के नियमों के अनुसार किया जा रहा है। सभी प्रतिभागियों को रोड बुक दी जाएगी और एक एंबुलेंस भी साथ चलेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान राहुल गोस्वामी, प्रवीन सिकरवार, तरुण रावत, विवेक शर्मा, अभिनंदन शर्मा आदि उपस्थित रहे।
जीतने वालों को मिलेगा 150000 रुपये का इनाम
रैली सह संयोजक प्रवीन सिकरवार ने बताया कि दो दिवसीय द आगरा ताज कार रैली में जीतने वालों को कुल डेढ़ लाख रुपये की धनराशि इनाम में दी जाएगी। रैली चार श्रेणियों में होगी, जिसमें विशेषज्ञ, अनुभवी, बिगनर्स एवं महिला वर्ग रहेंगे। इनमें भी ओपन और आल श्रेणी रहेंगी। 50 हजार रुपये प्रथम विजेता को, द्वितीय विजेता को 25 हजार और तृतीय विजेता को 15 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। बाकि अन्य श्रेणियों में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को इनाम की धनराशि प्रदान की जाएगी।
महिलाओं को विशेष पुरस्कार
द आगरा ताज कार रैली में अबतक 30 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, जिसमें महिलाओं का उत्साह भी दिख रहा है। अयोजकों द्वारा नारी सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए सभी प्रतिभागी महिलाओं को विशेष पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पहली बार कार रैली में प्रतिभाग कर रहीं आगरा की प्रसिद्ध साहित्यकार श्रुति सिन्हा ने बताया कि वे अपनी भाभी के साथ कार रैली में भाग ले रही हैं। उत्साह है लेकिन अनुभव नहीं है, इसलिए अगली बार अधिक तैयारी के साथ फिर भाग लेंगे।
400 किमी की रहेगी दो दिवसीय रैली
दो दिन की रैली में प्रतिभागी कुल 400 किमी का सफर तय करेंगे। जिसमें प्रथम दिन फतेहाबाद क्षेत्र जाना और आगरा वापस आना 200 किमी और द्वितीय दिवस मथुरा ब्रज क्षेत्र जाना और आगरा वापस आना 200 किमी शामिल रहेगा। इस दौरान प्रतिभागियों को दुर्गम मार्गों सहित संकरी गलियों से भी निकलना होगा। रैली में आगरा सहित दिल्ली, मध्य प्रदेश, हल्दिया, राजस्थान, लखनउ, मथुरा, उत्तराखंड, कोलकाता, जमशेद पुर, तमिलनाडु आदि के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
सबकी रहेगी दिव्यांग दिग्विजय पर नजर
द आगरा ताज कार रैली में पहली बार उत्तराखंड के हरिद्वार से आए दिव्यांग दिग्विजय प्रतिभाग कर रहे हैं। दिग्विजय बचपन से ही पोलियाे का शिकार हैं किंतु अपने पिता की प्रेरणा के चलते उन्होंने जीवन में उस राह को चुना जो उनके लिए चुनौतीपूर्ण थी। दिग्विजय ने बताया कि मेरे पैर पोलियाे का शिकार हैं लेकिन मैं कभी भी दिव्यांगों वाले वाहन नहीं चलाता। पेशे से किसान हूं इसलिए सबसे पहला वाहन ट्रैक्टर ही चलाया। इसके बाद सफर में हार कभी नहीं मानी। लगातार विभिन्न कार रैलियों में भाग लेता रहा। पहली बार आगरा की सड़कों पर कार दौड़ाने का उत्साह है। उन्होंने बताया कि वे साधारण कार ही चलाते हैं। इसके अलावा उत्तराखंड में उन्होंने अपनी तरह के 25 दिव्यांग लोगों का देवभूमि एबल ग्रुप बनाया है। जोकि तीन स्कूटी ने दुर्गम रास्तों का सफर तय करता है। ग्रुप द्वारा तीन विश्व रिकार्ड बनाये जा चुके हैं।
: 25 फरवरी से श्रीमद्बागवत कथा में बरसेगी भक्ति की अमृत वर्षा
Sat, Feb 24, 2024
•
श्रीहरि सत्संग समिति द्वारा आयोजित 25 फरवरी से 2 मार्च तक श्रीमद्भागवत कथा में कथा व्यास पूज्य श्री मृदुल कान्त शास्त्री करेंगे श्रीहरि के दशावतारों का भक्तिमय वर्णन
आगरा। देश के 40 करोड़ वनवासियों के उत्थान को समर्पित श्रीहरि सत्संग समिति द्वारा आयोजित 25 फरवरी से श्रीमद्भागवत कथा में भक्ति की अमृत वर्षा होगी। विजय नगर स्थित स्पोर्टबज में आयोजित कथा में कथा व्यास पूज्य श्री मृदुल कान्त शास्त्री श्रीहरि के दशावतारों का भक्तिमय वर्णन करेंगे। 25 फरवरी को ही दोपहर 1.30 बजे विजय नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से कलश यात्रा प्रारम्भ होकर बैंड बाजों संग कथा स्थल के लिए प्रस्थान करेगी।
यह जानकारी कमला नगर स्थित होटल बीबी ग्रांड में आयोजित आमंत्रण पत्र के विमोचन कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष शांति स्वरूप गोयल व संयोजक संजय गोयल ने दी। बताया कि समिति पिछले 25 वर्षों से आदिवासी लोगों की रक्षा, स्वावलम्बन, उत्थान और शिक्षित करने के लिए कार्य कर रही है। आदिवासी बच्चों को शिक्षित करने के उद्देश्य से वृन्दावन, हरिद्वार, अयोध्या असम में डिबरूगण गोहाटी, अमरकंटक (मप्र), हिमाचल में समिति द्वारा शिक्षण संस्थान चलाए जा रहे हैं। 25 फरवरी से दो मार्च तक आयोजित होने जा रही श्रीमद्भागवत कथा इन्हीं संस्थानों के सहयोग को समर्पित है। समिति के पदाधिकारियों ने शहरवासियों को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित किया। मुख्य यजमान पदमचंद अग्रवाल ने सभी को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से रमेश मित्तल, उमेश बंसल, उमेश कंसल, पदमचंद अग्रवाल, राहुल बंसल, जितेन्द्र बंसल, संजय मित्तल, अनिल अग्रवाल, मीनू त्यागी, सीमा अग्रवाल, सीमा बंसल, उर्मिल बंसल अग्रवाल आदि उपस्थित थे।