: पुलिस को चकमा देकर ट्रैक्टर ट्रॉली सहित भागे खनन माफिया
Sat, May 11, 2024
Agra. मलपुरा थाना पुलिस इस समय सवालों के घेरे में है। खनन माफियाओं पर शिकंजा कसने में लगी मलपुरा पुलिस को खनन माफिया बड़ी आसानी से चकमा दे गए और पुलिस के सामने से अवैध गिट्टी से भरे दो ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर चले गए।
पुलिस ने इस संबध में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
जगनेर मार्ग पर नगला हट्टी के समीप खनिज विभाग की टीम ने कागारौल की ओर से आते पांच ट्रैक्टर-ट्राॅली को रुकवा लिया। उनमें लाल गिट्टी भरी हुई थी। मामले की सूचना थाना मलपुरा पर दी। इस पर एक दरोगा समेत दो आरक्षी पहुंच गए। पुलिस गाड़ी से उतरी, इतने में दो ट्रैक्टर-ट्राॅली को चालक दौड़ा ले गए। सभी गाड़ियां ओवरलोड थीं। खनिज विभाग की टीम ने शोर मचाया लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाईं। अन्य तीन ट्रैक्टर-ट्राॅली को पुलिस थाने ले आई। उन्हें सीज कर दिया गया है।
मामले में खनिज मोहर्रिर कुंदन कुमार की तहरीर पर अभियोग दर्ज कर लिया है लेकिन यह पुलिस की कार्यशैली पर भी बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिरकार पुलिस के सामने से खनन माफिया कैसे अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गए।
: शिक्षक ने नाबालिग छात्रा के साथ किया दुष्कर्म, परिजनों ने दर्ज कराया मुकदमा
Sat, May 11, 2024
Agra. आगरा जिले में शिक्षक ने ऐसा काम कर दिया जिससे शिक्षक की गरिमा तार तार हो गई। मामला जैतपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। शिक्षक ने नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को रात में बहाने से बुलाया और उसे डरा धमका कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने फिर नाबालिग को धमकाया और मुंह बंद रखने की धमकी दी। कहा कि किसी को इसके बारे में बताया तो जान से मार दूंगा। जब छात्रा घर बदहवास हालत में पहुंचीं तो उसकी स्थिति देखकर परिजन घबरा गए। परिजनों ने उससे पूछताछ की तो पीड़ित छात्रा ने शिक्षक की करतूत बताई। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
मामला चार दिन पुराना है। जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा का आरोप है कि 4 दिन पूर्व रात के समय शिक्षक अनुज यादव निवासी नदगवां रोड जैंतपुर ने उसे किसी काम से बुलाया जिस पर वह शिक्षक के पास चली गई। वहां शिक्षक ने बुरी नीयत से जबरन उसे दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी।
जैतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान ने बताया कि छात्रा का आरोप है कि आरोपी शिक्षक दुष्कर्म के बाद भाग गया। घर पहुंचकर छात्रा ने परिजनों को शिक्षक की करतूत बताई। इस मामले में पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी शिक्षक अनुज यादव के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट सहित धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है।
: ऑटो चालक ने की गंदी हरकत तो युवती ने मचाया शोर, मारपीट कर हुआ फरार
Sat, May 11, 2024
Agra. शिल्पग्राम से बस स्टैंड जाने के लिए ऑटो में बैठी युवती के साथ ऑटो चालक ने छेड़खानी कर दी। उसे अकेला देखकर बुरी नीयत से दबोचने का प्रयास किया तो उसने शोर मचा दिया। युवती के शोर मचाने पर ऑटो चालक ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज करवाया है।
पूरा मामला थाना ताजगंज से जुड़ा हुआ है। पीड़िता ने बताया कि वह सादाबाद जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में शिल्पग्राम के पास खड़े ऑटो चालक राहुल ने उसे अपनी ऑटो में बैठा लिया। रास्ते से कोई सवारी नहीं बैठाई। फिर सुनसान इलाका देखकर ऑटो रोक दिया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध किया तो ऑटो चालक ने उसकी पिटाई कर दी जिसमे उसे गंभीर चोट लगी है। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
इस पूरे मामले को लेकर ताजगंज थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
वहीं दूसरा मामला थाना ताजगंज क्षेत्र से ही जुड़ा है। थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को शाम भंडारे से लौट रही थी तभी रास्ते में मनचलों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। परिजनों को बताया तो आरोपी के परिवार से शिकायत करने पर आरोपी पक्ष ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट कर दी। इस घटना में पीड़ित परिवार के कई लोग घायल हो गए। इस पूरे मामले में किशोरी की मां ने थाना ताजगंज में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है जिससे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही हो सके।