: पत्रकारों की होली में महका चंदन और गुलाल
Thu, Mar 21, 2024
उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन उपजा के होली मिलन समारोह में बड़ी घोषणा
फैशन एंड आर्ट के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए पत्रकार की बेटी को आईआईएफए देगा मुफ्त शिक्षा
आगरा। उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) आगरा के नेतृत्व में पत्रकारों का होली मिलन समारोह बुधवार को श्रीराम फार्म हाउस दयालबाग में आयोजित हुआ। होली मिलन समारोह में फाल्गुन की सतरंगी छटा बिखरी। आईआईएफए ने बड़ी सौगात देते हुए फैशन व आर्ट के क्षेत्र में पत्रकार की बेटी के लिए मुफ्त शिक्षा देने की घोषणा की।
उपजा के होली मिलन समारोह में होली के गीतों संग हवा में चंदन और गुलाल महका। अध्यक्षता जाने माने पत्रकार पूर्व वरिष्ठ संपादक आनंद शर्मा ने की। उपजा के जिलाध्यक्ष देश दीपक तिवारी ने उन्हें गुलाल लगा कर समारोह की शुरुआत की। एक तरफ मंच पर स्थानीय कलाकारों ने होली खेले रघुवीरा अवध में… होली के दिन दिल मिल जाते हैं… होली आई रे कन्हाई… जैसे गीतों से माहौल को रंगीन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समा बांधा। वहीं, युवा पत्रकार भी होली की मस्ती में रंग गुलाल चंदन से सराबोर नजर आए। गुलाल से आसमान सतरंगी हो गया। पूर्व संपादक आनंद शर्मा ने समारोह को सम्बोधित करते हुए पत्रकारों को होली की बधाई दी।
जिलाध्यक्ष देश दीपक तिवारी ने कहा कि पत्रकारों को पत्रकारों के हर सुख दुख में साथ रहना चाहिए। पत्रकारों में एकता से कलम की ताकत बढ़ेगी। उपजा आगरा के हर पत्रकार का संगठन है। इसमें सभी का स्वागत है। वरिष्ठ पत्रकार अखिल दीक्षित, आदर्श नंदन गुप्त, दीक्षांत तिवारी ने विचार व्यक्त किए। जिला महासचिव दीपक लवानिया ने सभी पत्रकारों को होली की शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र गोस्वामी, प्रतीक गुप्ता, सुनीत कुलश्रेष्ठ, राजेश दुबे का उपजा जिला मंत्री अनुज परमार और ब्रजेश कुमार गौतम ने स्वागत किया। उपजा कोषाध्यक्ष किशोर अग्रवाल, कार्यालय प्रभारी धीरज शर्मा, हरिकांत शर्मा, प्रमोद उपाध्याय, वीरेंद्र ईमल, रवि, शिवम, कपिल अग्रवाल, ब्रज भूषण, सज्जन सागर, एसपी सिंह, दीपक कुमार, पवन कटारा आदि मौजूद रहे।
पत्रकार की बेटी को मुफ्त मिलेगी शिक्षा
इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन एंड आर्ट (आईआईएफए) के निदेशक सचिन सारस्वत ने उपजा के होली मिलन समारोह में फैशन व आर्ट के क्षेत्र में केरियर बनाने के लिए पत्रकार की बेटी को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस घोषणा का सभी पत्रकारों ने तहेदिल से तालियां बजाकर स्वागत किया। सचिन सारस्वत लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।
: किन्नू, संतरे और नींबू के पौधे लगाए, होली के रंग भी बरसाए
Thu, Mar 21, 2024
कृष्ण सेवा नारी कल्याण संस्था द्वारा आरबीएस डिग्री कालेज में आयोजित किया गया होली मिलन समारोह, हवन, योगा कर औषधीय व फलदार पौधे लगाए
आगरा। कृष्ण सेवा नारी कल्याण संस्था द्वारा कुछ अनूठे अंदाज में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आरबीएस डिग्री कालेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रातः विद्यार्थियों को योगा कराकर उसका महत्व समझाया। विश्व कल्याण के लिए विधि विधान के साथ यज्ञ का आयोजन किया। इस अवसर पर गुलाब, नींबू, आम, किन्नू, गुड़हल, संतरे, इंसुलिन के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम का शुभारम्भ भगवताचार्य योगेन्द्र सिंह परिहार, आरबीएस कालेज के प्राचार्य विजय श्रीवास्तव ने यज्ञ एवं आरती कर किया। कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। सनातन संस्कृति व अपने संस्कारों से जुड़े रहने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का शिक्षण संस्थानों में होना आवश्यक है। कृष्ण सेवा नारी कल्याण के अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण होना चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ विद्यार्थियों को योग कराने के साथ औषधीय और फलदार वृक्ष लगवाए गए हैं। सभी अतिथियों व विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चरण के साथ हवन में आहूति दी। एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। भंडारे में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से गायत्री परिवार से सुरेश चंद सक्सेना, शैलेन्द्र गुप्ता, संदीप सिंह धामा, हर्षिता, डॉ. भूपेन्द्र कौर, सुरेन्द्र कौर, आद्या सिंह, कल्पिता आदि उपस्थित थीं।
: ताजगंज क्षेत्र में पशु चोरों का आतंक, पुलिस जाँच पड़ताल में जुटी
Thu, Mar 21, 2024
Agra. थाना ताजगंज में पशु चोरों का आतंक बढ़ता चला जा रहा है। अज्ञात चोर घरों से पशुओं की चोरी कर रहे है। थाना ताजगंज क्षेत्र के गांव मियां पुरा में अज्ञात चोर दो भैंस चोरी करके ले गए। पीड़ित ने इस संबंध में थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
पूरा मामला थाना थाना ताजगंज के गांव मियांपुरा का है। रात में अज्ञात चोरों ने एक घर में दस्तक दी और उस घर से दो भैंस चोरी करके ले गए। पीड़ित को जागने पर जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस की दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने जांच पड़ताल कर चोरों का सुराग लगाने में जुट गई साथ ही क्षेत्र में पशु चोरी होने की पिछली घटना की भी जानकारी ली।
पीड़ित ने बताया कि बुढेरा से करीब 12 दिन पूर्व कलुआ उर्फ जितेंद्र पुत्र रमेश चंद के जानवरों को सफेद कलर की गाड़ी में सात आठ जानवरों को लाद कर ले जा रहे थे तभी कलुआ उर्फ जितेंद्र की आंख खुल गई और उसने शोर मचा दिया जिससे चोर मौका पाकर गाड़ी छोड़कर भाग निकले। गाड़ी का नंबर यूपी 80 B, N 6950 कार में सात आठ जानवर लदे हुए थे। तभी जितेंद्र ने पुलिस पर फोन कर दिया तो मौके पर पहुंची पुलिस दे कार को अपने कब्जे में ले लिया। पीड़ित ने थाना ताजगंज में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।