: डॉ. एम.पी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में हुआ बिजनेस प्लान प्रतियोगिता का आयोजन
Sun, Nov 26, 2023
•
12 टीमों के द्वारा दिया गया विभिन्न बिजनेस प्लान का प्रजेंटेशन
•
छात्र छात्राओं में दिखाई दिया नये स्टार्टअप्स व बिजनेस शुरू करने के प्रति जुनून
आगरा। डॉ एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के वाणिज्य संकाय द्वारा बी.कॉम के छात्रों के लिए बिजनेस प्लान प्रतियोगिता आयोजन किया गया। जिसमें 12 टीमों ने भाग लिया, प्रत्येक टीम के द्वारा विभिन्न बिजनेस प्लान का प्रजेंटेशन दिया गया। छात्र छात्राओं में नौकरी करने की चाह से इतर नये स्टार्टअप्स व बिजनेस शुरू करने के प्रति जुनून दिखाई दिया। कई चरणों में प्रतियोगिता आयोजित हुई।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान -
‘‘वी फॉर यू’’
के लिए कनिष्का शर्मा, सिमरन अमूलानी और राज मखिजा को, द्वितीय स्थान -
‘‘ई-कॉमर्स वेबसाईट भारत बाजार’’
के लिए स्वर्णिम मंगल, शिवानी चौहान और तनीशा को तथा तृतीय स्थान -
‘‘बिजनेस कैप्सूल’’
के लिए आयुषी भार्गव, यशिका कोरजानी और स्नेहा सिंह ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता में ट्रॉफी और प्रमाण पत्र पाकर छात्र छात्राएं अत्यंत खुश नजर आये।
चेयरपर्सन ने किया उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित
संस्थान के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब स्टूडेंट्स को जॉब मांगने वाला न बन कर जॉब देने वाला बनना है और संस्थान इसमें छात्रों की हर संभव मदद करने के लिए तत्पर है।
इन्होंने दी शुभकामनाएं
डायरेक्टर अकादमिक डॉ विकांत शास्त्री ने छात्रों और प्रतियोगियों को सम्मानित करते हुए कहा कि संस्थान में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेल इस दिशा में कार्य कर रही है। डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन डॉ अनूप कुमार गोयल ने सभी विजेताओं को अपनी शुभकामनाएँ प्रषित करते हुए इसी तरह आगे बढ़ने की सीख दी। विभागाध्यक्ष संदीप सक्सेना ने बताया कि संस्थान में समय समय पर इस प्रकार के कार्यकम आयोजित किए जाते है। जिससे छात्रों को अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका मिलता है। हेल्दी नारी प्रकल्प के फाउंन्डर अनुज राठौर ने प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई।
संस्थान के मिडिया प्रभारी डॉ प्रवल प्रताप सिंह ने बताया कि वाणिज्य संकाय द्वारा यह गतिविधि प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है। कार्यक्रम का समन्वय नेहा खंडेलवाल और मिलिन्द सक्सेना द्वारा किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बी.कॉम छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद कुशवाह
: आगरा आर्थाेपेडिक सोसाइटी ने किया Hip 360 Degree पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
Sun, Nov 26, 2023
आगरा। आगरा आर्थाेपेडिक सोसाइटी द्वारा उत्तर प्रदेश आर्थाेपेडिक एसोसिएशन के तत्त्वावधान में Hip 360 Degree पर आज होटल अमर, फतेहाबाद रोड़, आगरा में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
आगरा आर्थाेपेडिक सोसाइटी अध्यक्ष डा० संजय प्रकाश, सह अध्यक्ष डा० अतुल कुलश्रेष्ठ, डा० अश्वनी सडाना एवं आयोजन सचिव डा0 अमृत गोयल (विभागाध्यक्ष, अस्थि रोग विभाग, स० ना० मेडिकल कालेज, आगरा), वर्कशॉप समयन्वयक डा० संजय धवन के द्वारा सफल आयोजन किया गया।
Hip 360 Degree पर एक दिवसीय कार्यशाला में उपस्थित डॉक्टर्स
कार्यशाला के मुख्य अतिथि डा० अतुल श्रीवास्तव, डा० अनूप अग्रवाल, प्रेसिडेंट यू.पी.ओ.ए. एवं विशिष्ट अतिथि, प्रो० (डा०) प्रशांत गुप्ता डीन एवं प्रधानाचार्य, एस०एन० मेडिकल कालेज उपस्थित रहे।
आगरा आर्थाेपेडिक सोसायटी के अध्यक्ष डा० अरून कपूर, सचिव डा० राकेश मोहनिया द्वारा बताया कि कार्यशाला में मुम्बई के डा० डी०डी० तन्ना, डा० राम चड्डा, नई दिल्ली एम्स एवं मौलाना आजाद मेडिकल कालेज के विषय विशेषज्ञ, डा० ललित मैनी, डा० समर्थ मित्तल, डा० सी०पी० पाल, डा० सन्दीप कुमार, और अन्य प्रख्यात वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा कूल्हे के विभिन्न जटिल रोगों एवं खराब फैक्चर पर अपने-अपने व्याख्यान दिये एवं कार्यशाला में आस-पास के जिलों भरतपुर, सैफई, कन्नौज, लखनऊ, अलीगढ़ से एवं देशभर से लगभग 150 अन्य विषय विशेषज्ञों ने कार्यशाला में प्रतिभाग लिया।
इस कार्यशाला में एस०एन० मेडिकल कालेज, अस्थि रोग विभाग के डा० विवेक मित्तल, डा० ब्रजेश शर्मा, डा० रजत कपूर, डा० के० एस० दिनकर, डा० रविकान्त, डा० हेमन्त चाहर, डा० मयूर गुप्ता एवं डा० यशवर्धन शर्मा ने भी अपना योगदान दिया।
इस एक दिवसीय कोर्स के लिये आगरा आर्थाेपेडिक्स सोसाइटी के संरक्षक वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डा० एस०सी० साहू, डा० हरीश चद्रा, डा० के०के० प्रूथी, डा० संजय चतुर्वेदी, डा० विपुल अग्रवाल, डा० अरून गुप्ता डा० अनुपम गुप्ता एवं अतुल अग्रवाल आदि चिकित्सकों ने भी प्रतिभाग किया।
रिपोर्ट-प्रमोद कुशवाह
: दीनदयाल गऊ ग्राम परखम में वेदमंत्रोचारण के साथ हुआ गृह प्रवेश
Sun, Nov 26, 2023
•
काशी के विद्वानों द्वारा वेदमंत्रोचारण और हवन पूजन के साथ कराया गृह प्रवेश
•
डॉ० मोहन भागवत करेंगे 28 नवंबर को दीनदयाल गौ विज्ञान, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण
•
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्करधामी भी हो सकते हैं शामिल
फरह। दीनदयाल गौ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण 28 नवंबर को डॉ० मोहन भागवत सरसंघचालक राष्ट्रीय स्वयंसेवक द्वारा किए जाने के दृष्टिगत आज शनिवार को दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति दीनदयाल धाम फरह ने दीनदयाल गऊ ग्राम परखम में प्रातः 11 बजे वेद मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत रूप से गृह प्रवेश कर लिया। गृहप्रवेश काशी के विद्वानों द्वारा वेदमंत्रोचारण और हवन पूजन के साथ कराया गया। गौ पूजन कर प्रसाद वितरण भी किया गया।
समिति के मंत्री हरीशंकर शर्मा ने बताया कि पं० दीनदयाल उपाध्याय की धरती से अब गौवर्धन की अलख जगेगी। छात्र यहीं पर छात्रावास में रहकर गाय की अलग-अलग प्रजातियों पर अनुसंधान करेंगें। उन्होंने बताया कि डॉ० मोहन भागवत सरसंघचालक राष्ट्रीय स्वयंसेवक 28 नवंबर को दीनदयाल गौ विज्ञान, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी भी शामिल हो सकते हैं। साथ ही साध्वी मंगला माता भी कार्यक्रम में रहेंगी।
उन्होंने बताया कि यहां देश का पहला आयुर्वेद आधारित पशु चिकित्सालय बन रहा है। इस प्रकल्प में गोवंश की नस्ल सुधार के साथ ही विश्वस्तरीय शोध किया जाएगा। 32 एकड जैविक खेती एवं भूमि गौचारण के लिये रहेगी। एक बुनकर प्रशिक्षण केन्द्र भी स्थापित किया जायेगा। बायो गैस प्लाण्ट का लोकार्पण भी किया लायेगा। साथ ही यहां पढायी जाने वाली पाठ्यक्रम का विमोचन भी संघ प्रमुख करेंगे।
यहां पर गाय के गोबर, मूत्र और दूध से कैंसर जैसी बीमारी से इलाज पर अनुसंधान किया जायेगा। भारत में मौजूद सभी 32 देशी गायों को यहां
अलग-अलग ब्लॉक में अनुसंधान के लिये रखा जायेगा। इसी परिसर में बलभद्र व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान भी बनेगा। इसमें कृषि, बागवानी, कृषि अभियांत्रिकी, भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी के साथ ही डेयरी प्रौद्योगिकी के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र शर्मा, सह प्रांत प्रचारक धर्मेन्द्र, निदेशक सोनपाल, सर्व व्यवस्था प्रमुख महावीर, सह प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार, कोषाध्यक्ष शशिकांत गुप्ता, डा0 अनुराग शर्मा, कोषाध्यक्ष शशिकांत, अशोक टैंटीवाल, नरेन्द्र पाठक, जगमोहन पाठक, राम पाठक आदि उपस्थित रहे।