कुशवाहा महासभा : पुलिस आयुक्त के घेराव की चेतावनी के बाद हरकत में आई पुलिस, चोरी का माल बरामद
Pragya News 24
Fri, Oct 23, 2026
कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री प्रेमचंद कुशवाहा समर्थकों सहित हाउस अरेस्ट, जगदीशपुरा और डौकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
आगरा। शराब कारोबारी सर्वेश शाक्य की फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस आयुक्त के घेराव और धरने की चेतावनी देने वाले अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री प्रेमचंद कुशवाहा को पुलिस ने समर्थकों सहित हाउस अरेस्ट कर लिया। इसके बाद थाना जगदीशपुरा और थाना डौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी का माल बरामद कर लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
महासभा के अनुसार, सर्वेश शाक्य की फैक्ट्री में चोरी की घटना को नामजद आरोपियों ने अंजाम दिया था। मामले में नामजद मुकदमा दर्ज होने के बावजूद चोरी का माल बरामद नहीं होने और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर महासभा ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी। इस संबंध में महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी सिटी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन भी सौंपा था। साथ ही पुलिस आयुक्त का घेराव कर धरना देने की चेतावनी दी गई थी।
प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने रात में ही प्रेमचंद कुशवाहा और उनके समर्थकों को हाउस अरेस्ट कर लिया। बताया गया कि पुलिस ने उनसे आंदोलन स्थगित करने का अनुरोध किया और चोरी के माल की बरामदगी के लिए तत्काल टीम रवाना की।
इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना जगदीशपुरा और थाना डौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस टीम ने जेसीबी की मदद से चोरी का माल उठवाया और डीसीएम व मैक्स वाहनों में भरकर थाने पहुंचाया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
महासभा की ओर से मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन