खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन : आगरा खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन की तैयारियां पूरी, 12 जनपदों की पोलिंग पार्टियां रवाना
Pragya News 24
Fri, Oct 23, 2026
23 अक्टूबर को होगा मतदान, 27 अक्टूबर को नवीन मंडी समिति में मतगणना; स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
आगरा, 22 अक्टूबर। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को आयुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर नगेंद्र प्रताप तथा जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल के साथ नवीन मंडी समिति का निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान सामग्री के वितरण, सुरक्षा व्यवस्था, स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने निर्वाचन प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान सामग्री के वितरण और मतदान के बाद मतपेटिकाओं को सुरक्षित जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और प्रत्येक चरण की तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी रखें।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र के सभी 12 जनपदों की पोलिंग पार्टियों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार रवाना किया जा रहा है। मतदान कार्मिकों को बैलेट पेपर, बैलेट बॉक्स, बैंगनी स्केच पेन सहित आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। सभी कार्मिकों को अपनी पहचान-पत्र और ड्यूटी कार्ड पहनकर ही निर्वाचन कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
27 मतदान केंद्रों पर सेक्टर और जोनल अधिकारियों की तैनाती
जिलाधिकारी ने बताया कि आगरा जनपद के 27 मतदान केंद्रों पर एक-एक सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 11 जोनल ऑफिसर भ्रमणशील रहकर निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है तथा मतदान की पूरी अवधि में वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने मतदान कार्मिकों के मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद उनके ठहरने और खानपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मतदान केंद्रों के आसपास निर्धारित 200 मीटर के दायरे में लागू प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन कराने तथा प्रत्याशियों के वाहनों के लिए नियमानुसार अनुमति जारी करने को कहा। निर्वाचन संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए स्थापित जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना स्थल की सुरक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान आयुक्त और जिलाधिकारी ने मतदान के बाद मतपेटिकाओं को सुरक्षित जमा कराने तथा स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। नवीन मंडी समिति परिसर में सभी 12 जनपदों की मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आगामी 27 अक्टूबर को नवीन मंडी समिति में होने वाली मतगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक संसाधनों, कार्मिकों की तैनाती और सुरक्षा प्रबंध समय से पूरे करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदान से लेकर मतपेटिकाओं के सुरक्षित भंडारण और मतगणना तक प्रत्येक चरण में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया व्यवस्थित, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (नगर) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) जुबैर बेग, उपनिदेशक कृषि मुकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन