: दि आगरा ताज बाइक रैली' का रोमांचक मुकाबला, डिविजनल कमिश्नर ने किया फ्लैग ऑफ
Mon, Feb 19, 2024
आगरा। कला, संस्कृति और पर्यटन के ताज महोत्सव के अन्तर्गत आगरा आगरा मोटर स्पोर्ट्स क्लब और प्रो बाइकिंग द्वारा दि आगरा ताज बाइक रैली का आयोजन सोमवार को किया गया। फतेहाबाद रोड स्थित सेल्फी पॉइंट से मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी, जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी, अपर पुलिस आयुक्त केशव चौधरी ने फ्लैग आफ कर रैली को रवाना किया। फ्लैग ऑफ से पूर्व मंडलायुक्त ने बाइक रैली में भाग ले रही महिला बाइक राइडर्स से चिर परिचय प्राप्त करते हुए जीत की शुभकामनाएं दी। सेंट जोंस कॉलेज के एनसीसी आफिसर डॉ दिनेश लाल के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने रैली की आगवानी की।
बाइक पर सवार 100 बाइकर्स फतेहाबाद रोड से होते हुए बाह, बटेश्वर, पिनाहट, चंबल सफारी के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग पर साथ− साथ सुरक्षा के लिए पुलिस पिकेट और एंबुलेंस की व्यवस्था की गयी है। बाइकर्स संकरी गली, पथरीले, टूटे− कच्चे रास्ते से होते हुए लगभग 200 किमी का पूर्ण सफर तय करेंगे।
पर्यटन को बढ़ावा देती हैं रैलियां − मंडलायुक्त
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने कहा कि ताज महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित बाइक रैली में देशभर के बाइकर्स ने भाग लिया। पर्यटन को बढ़ावा देने का रैली अच्छा माध्यम बनती हैं। इसके साथ ही नागरिकों को वाहन चलाते वक्त रखने वाली सावधानियों एवं अनुशासन का संदेश भी दिया जाता है। महिलाओं की भागीदारी निश्चित रूप से सशक्तिकरण की प्रेरणा देती है।
मोटर स्पोटर्स क्लब के चैयरमेन राम मोहन कपूर ने बताया कि रैली में उड़ीसा, राजस्थान, नोएडा, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, आगरा, मध्य प्रदेश आदि राज्यों से बाइकर्स ने प्रतिभाग किया। जिसमें महिला बाइकर्स ने भी अपना दमखम जमकर दिखाया। वाहनों की रैली आयोजित करने का उद्देश्य लोगों सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक करना और अनुशासित रहने का संदेश देना है।
इस मौके पर ज्वाइंट डायरेक्टर टूरिज्म अविनाश चंद्र मिश्रा, आगरा मोटर स्पोर्ट्स क्लब के चैयरमेन राम मोहन कपूर, आगरा मोटर्स क्लब के अध्यक्ष राजीव गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक तरुण रावत, प्रवीन सिकरवार, चेतन, अभिनंदन शर्मा, विवेक शर्मा, दीपक सिंह आदि मौजूद रहे।
: संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महामुनिराज हुए ब्रह्मलीन
Mon, Feb 19, 2024
आगरा। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन जैसवाल पांचयति मन्दिर, जैन भवन छिपीटोला, आगरा में आज क्रांतिवीर मुनि श्री प्रतीक सागर जी महाराज जी ने बताया कि आज युग दृष्टा ब्रहमांड के देवता संत शिरोमणि आचार्य प्रवर श्री विद्यासागर जी महामुनिराज आज दिनांक 17 फरवरी शनिवार तदनुसार माघ शुक्ल अष्टमी पर्वराज के अंतर्गत उत्तम सत्य धर्म के दिन रात्रि में 2ः35 बजे ब्रह्मलीन हो गये। हम सबके प्राण दाता राष्ट्रहित चिंतक परम पूज्य गुरुदेव ने विधिवत सल्लेखना बुद्धिपूर्वक धारण करली थी। पूर्ण जागृतावस्था में उन्होंने आचार्य पद का त्याग करते हुए 3 दिन के उपवास गृहण करते हुए आहार एवं संघ का प्रत्याख्यान कर दिया था एवं प्रत्याख्यान व प्रायश्चित देना बंद कर दिया था और अखंड मौन धारण कर लिया था। 6 फरवरी मंगलवार को दोपहर शौच से लौटने के उपरांत साथ के मुनिराजों को अलग भेजकर निर्यापक श्रमण मुनिश्री योग सागर जी से चर्चा करते हुए संघ संबंधी कार्यों से निवृत्ति ले ली और उसी दिन आचार्य पद का त्याग कर दिया था। उन्होंने आचार्य पद के योग्य प्रथम मुनि शिष्य निर्यापक श्रमण मुनि श्री समयसागर जी महाराज को योग्य समझा और तभी उन्हें आचार्य पद दिया जावे ऐसी घोषणा कर दी थी जिसकी विधिवत जानकारी कल दी जाएगी।
जैन जगत के उदय मान नक्षत्र अध्या जगत के राजहंस जिनकी वाणी से तो कम कहा गया मगर मुद्रा के आचरण से सम्पूर्ण विश्व को जीने की राह बतायी। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज केवल वे सन्त नहीं चलते फिरते इस धरती पर अरिहंत के स्वरूप थे। सरलता और बालक वद मुस्कान ने सम्पूर्ण विश्व को संयम और चरित्र के पथ पर बढ़ने की प्रेरणा दी है। ऐसे महान संत को कैसे भूल सकते अचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज शरीर से इस दुनिया से जा सकते है। लेकिन भक्तों के ह्रदय में हमेशा मूर्तिवान बनकर स्थापित रहेंगे उक्त विचार क्रांतिवीर मुनि श्री प्रतीक सागर जी महाराज ने समाधि के अवसर पर जैन भवन छीपीटोला में धर्मसभा को सम्बोधित करते हुए आगे कहा कि आचार्य विद्यासागर जी महाराज केवल जैन संत नहीं थे, अपितु जन-जन के संत थे इसलिए इनकी श्रद्धांजलि सभा में केवल जैन ही नहीं जन-जन को उपस्थित होने का अवाहन करता हूँ।
श्री मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अनिल जैन, मंत्री प्रवेश जैन, रविन्द्र कुमार जैन, प्रदीप जैन, विपिन जैन, सतेंद्र जैन मुन्नालाल जैन,प्रवीन जैन नेता जी, आशु बाबा, रोहित जैन, अभिषेक जैन मामा, दीपक जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन और सकल जैन समाज ने संयुक्त रुप से बताया कि क्रांतिवीर मुनि श्री प्रतीक सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में सम्पूर्ण दिगम्बर जैन समाज एवं सभी समाजों के लिए आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज में समाधि के प्रसंग पर विराट श्रद्धांजलि सभा का आयोजन पाश्र्वधाम, छीपीटोला, आगरा में होगा। मीडिया प्रभारी राहुल जैन ने बताया कि 19 फरवरी को सुबह प्रातः 9ः30 बजे श्रृद्धांजलि सभा आयोजित होगी। जिसमें अनेकों समाजों के गणमान्य व्यक्ति सभी राजनैतिक पार्टी के नेता उपस्थित होंगे।
: रफ्तार के रोमांच को तैयार आगरा, द आगरा ताज बाइक रैली आज, 51 हजार का मिलेगा इनाम
Mon, Feb 19, 2024
•
ताज महोत्सव के अन्तर्गत 19 फरवरी को होने जा रहा है रोमांचक आयोजन
•
फतेहाबाद क्षेत्र में गूंजेगी आधुनिक बाइक की धक− धक, 200 किमी की रहेगी दूरी
•
टीएसडी थीम पर होगा आयोजन, 100 से अधिक रजिस्ट्रेशन, दी गयी बाइकर्स को ट्रेनिंग
•
सोमवार सुबह 7 बजे सेल्फी पाइंट से रवाना होगी रैली, कमिश्नर करेंगी फ्लैग आफ
आगरा। तैयार हो जाइये रफ्तार का रोमांच और बाइक्स की धक− धक देखने के लिए। ताज के साये से गुजरकर जब एक साथ 100 से अधिक बाइकर्स आगरा की सड़कों से होते हुए चंबल की धरती बाह− फतेहाबाद से निकलेंगे तो हर कोई बस देखता ही रह जाएगा।
ताज महोत्सव के अन्तर्गत मोटर स्पोर्ट्स क्लब और प्रो बाइकिंग द्वारा सोमवार 19 फरवरी को आयोजित होने जा रही द आगरा ताज बाइक रैली में रोमांच की ये तस्वीर सोमवार को बनेगी। बाइक रैली से पूर्व ताजनगरी स्थित आगरा कैंप एंड रिसोर्ट में रैली में प्रतिभाग करने वाले बाइकर्स को ट्रेनिंग दी गयी। मोटर स्पोटर्स क्लब के चैयरमेन राम मोहन कपूर ने बताया कि सातवीं द आगरा ताज बाइक रैली ताज रॉयल्स बाइक ग्रुप के संयोजन में हाेगी। फतेहाबाद रोड स्थित आई लव आगरा सेल्फी पॉइंट से सोमवार सुबह सात बजे रैली बाह− फतेहाबाद क्षेत्र के लिए रवाना होगी। कमिश्नर रितु माहेश्वरी और डीएम भानु चंद्र गोस्वामी फ्लैग आफ करेंगे।
मोटर स्पोटर्स क्लब के संरक्षक हरविजय वाहिया ने बताया कि रैली का आयोजन फेडरेशन आफ मोटर स्पोर्ट क्लब आफ इंडिया के नियमों के अनुसार किया जा रहा है। जिसमें टाइम, स्पीड और डिस्टेंस की थीम रखी गयी है। सभी बाइकर्स को एक दिन पूर्व ही नियमों को लेकर दी गई है। साथ ही एप के माध्यम से उन्हें मार्ग को लेकर दिशा निर्देश भी दिए गए हैं। बाइकर्स की सुरक्षा के लिए एंबुलेंस और पुलिस के वाहन भी साथ चलेंगे। शाम 4 बजे पुरस्कार वितरण होगा।
ताज महोत्सव समिति के सचिव एवं ज्वाइंट डायरेक्टर टूरिज्म अविनाश चंद्र मिश्रा ने कहा कि ताज महोत्सव के अन्तर्गत बाइकर्स रैली का आयोजन युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक करना भी है। रफ्तार को नियंत्रित रखते हुए तय समय दूरी को पूर्ण करते हुए सफर को सुरक्षित रहते कैसे पूर्ण किया जाए ये संदेश रैली के माध्यम से मिलेगा साथ ही देश दुनिया की बाइकर्स आगरा की धरती से जुड़ेंगे।
फतेहाबाद क्षेत्र में गूंजेगी धक−धक
द आगरा बाइक रैली फतेहाबाद क्षेत्र के बाह में अपना सफर पूर्ण करेगी। बाइकर्स को रैली से कुछ समय पूर्व रूट बताया जाएगा। मोबाइल पर एप के माध्यम से बाइकर्स मार्गदर्शित होंगे। रैली के लिए विशेष मार्ग बनाया गया है जो कि आफ रोड और आन रोड होगा। इसमें कुछ हिस्सा दुर्गम भी होगा जिसे सावधानी पूर्वक बाइकर्स को पार करना होगा। रैली 200 किमी की दूरी तय करेगी।
रफ्तार की दौड़ में महिला बाइकर्स भी आगे
बाइकिंग की दुनिया में रफ्तार के प्रति दीवानगी महिलाओं में भी कुछ कम नहीं है। हर क्षेत्र में अपने आप को साबित करने वाली महिलाएं बाइकिंग में भी स्वयं को साबित और स्थापित कर चुकी हैं। करीब 100 बाइकर्स के रजिस्ट्रेशन में 35 से 40 महिला बाइकर्स हैं जो आगरा सहित, राजस्थान, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड आदि राज्यों से आई हैं। इसके अलावा देशभर से बाइकर्स रैली में भाग ले रहे हैं। जोकि पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली आदि से पहुंचे हैं।
जीतने वालों को मिलेगा 51 हजार का इनाम
द आगरा ताज बाइक रैली तीन श्रेणियों में हो रही है। जिसमे महिला, पुरुष और युगल श्रेणी रखी गई है। तीनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वालों को 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि वितरित होगी।
ट्रेनिंग प्रोग्राम में ये रहे मौजूद
ट्रेनिंग प्रोग्राम के दौरान हुई प्रेसवार्ता में आगरा मोटर्स क्लब के अध्यक्ष राजीव गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक तरुण रावत, (डायरेक्टर संचार इवेंट), प्रवीन सिकरवार, अभिनंदन शर्मा, विवेक शर्मा, दीपक सिंह, चेतन आदि उपस्थित रहे।