: अलीगढ़ भाजपा सांसद के ऑडियो वायरल पर अमिताभ ठाकुर ने की कार्रवाई की मांग
Sat, Mar 30, 2024
अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ के भाजपा सांसद और मौजूदा भाजपा प्रत्याशी का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम अपराधिक प्रवृत्ति के एक व्यक्ति को संरक्षण देने व अवैध रूप से कट्टा रखकर तिहाड़ जेल भेजने की बात कह रहे हैं। ऑडियो वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी यूपी और पुलिस कमिश्नर दिल्ली से कार्यवाही की मांग की है।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने अलीगढ़ के भाजपा सांसद तथा लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी सतीश गौतम के कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के संबंध में एफआईआर दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने डीजीपी, यूपी तथा पुलिस कमिश्नर, नई दिल्ली को 1.12 मिनट का सतीश गौतम का बताया गया एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भेज कर कहा है कि इसमें बोल रहे व्यक्ति द्वारा स्वयं के अपराधियों से संबंध होने की बात कही जा रही है।
साथ ही उनके द्वारा इगलास के पूर्व विधायक मलखान सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी सोनू गौतम को रात में 2 बजे घर बुलाने तथा उसे अनुचित प्रश्रय तथा संरक्षण दिए जाने के तथ्य भी कहे जा रहे हैं। इस ऑडियो रिकॉर्डिंग में सोनू गौतम पर 25000 का इनाम हो जाने पर उसे बचाने के लिए फर्जी कट्टा लगाकर तिहाड़ जेल भिजवाने की भी बात कही गई है।
पूर्व आईपीएस व राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अधिकार सेना अमिताभ ठाकुर ने इस ऑडियो रिकॉर्डिंग के संबंध में तत्काल एफआईआर दर्ज कराकर सतीश गौतम के आवाज की मिलान कराते हुए अग्रिम कार्रवाई की मांग की है।
: दो बच्चों की माँ प्रेमी संग फरार, पति ने दी तहरीर
Sat, Mar 30, 2024
आगरा. शाहगंज थाना क्षेत्र के नरीपुरा बरवाली गली की रहने वाली एक विवाहिता प्रेमी संग फरार हो गई है। विवाहिता के पति ने थाना शाहगंज पुलिस को तहरीर देकर आरोपी प्रेमी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि दो दिन बीत जाने के बाद भी शाहगंज पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की है।
पीड़ित शख्स का नाम जानू है। जानू थाना शाहगंज क्षेत्र के नरीपुरा बरवाली गली का रहने वाला है। जानू की पत्नी अपने प्रेमी के संग फरार हो गई है। जानू ने बताया कि पत्नी पर दो बच्चे हैं। हाल ही में पत्नी की गोद में एक माह की बेटी भी है। पति जानू का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले शाहरुख नाम के युवक से सोनी दिल लगा बैठी है और पिछले 28 अप्रैल को सोनी शाहरुख के साथ फरार हो गई है।
पीड़ित जानू का आरोप है कि उसने इस घटनाक्रम की लिखित शिकायत थाना शाहगंज के खेरिया मोड़ पुलिस चौकी पर भी की, मगर अभी तक पुलिस ने जानू की तहरीर पर कोई अभियोग पंजीकृत नहीं किया है। न्याय के लिए जानू ने मीडिया का सहारा लिया है।
वहीं थाना शाहगंज पुलिस का अपना तर्क है कि इस मामले में जांच पड़ताल और तफ्तीश की जा रही है। जांच के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जाएगा और पत्नी की सकुशल बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।
: सॉल्वर गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार, फ़र्ज़ी दस्तावेज बरामद
Sat, Mar 30, 2024
आगरा. प्रतियोगी परीक्षाओं में सॉल्वर को बिठाकर मोटी रकम ऐंठकर पैसा कमाने वाले गैंग के तीन सदस्यों को थाना हरीपर्वत पुलिस और सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए गैंग के सदस्यों से कई अहम खुलासे भी हुए हैं। पुलिस पूछताछ में इन सदस्यों से कई दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। गुडवर्क करने वाली पुलिस टीम को पुलिस उपायुक्त नगर की ओर से पच्चीस हज़ार रूपये का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया गया है।
कमिश्नरेट आगरा की थाना हरीपर्वत पुलिस और सर्विलांस पुलिस टीम को शुक्रवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस उपायुक्त नगर सूरज राय ने बताया कि कमिश्नरेट आगरा की थाना हरीपर्वत पुलिस और सर्विलांस पुलिस ने सॉल्वर गैंग के तीन सदस्यों को पालीवाल पार्क से गिरफ्तार कर लिया। गैंग के तीनों सदस्य संगठित रूप से गैंग का संचालन कर रहे थे। पकड़े गए गैंग में मनीष उर्फ़ विनोद, फतेहाबाद का ओमपाल और फिरोजाबाद के अरुण यादव से प्रतियोगी परीक्षाओं के एडिट किए गए प्रवेश पत्र, फर्जी आधार कार्ड, नगदी और बाइक भी बरामद की गई है।
पुलिस उपायुक्त नगर सूरज राय ने बताया कि सभी आरोपी पीडीएफ एडिट ऑल ऐप से नकली दस्तावेज बनाते थे। गैंग के सदस्य कई विभागों की परीक्षाओं में सॉल्वर को बिठा चुके हैं और मोटी रकम ऐंठने का काम किया करते थे। गैंग के सदस्यों की परीक्षा कराने वाली कंपनी के अधिकारियों से भी सेटिंग रहती है। पुलिस पूछताछ में इन तीनों ही सदस्यों से कई विभागों के अधिकारियों के नंबर और परीक्षा का ठेका लेने का हिसाब किताब की डायरी भी बरामद की गई है।
पुलिस पूछताछ में गैंग के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश के कन्नौज में तैनात सिपाही सचिन समेत कई सॉल्वर के नाम का भी खुलासा किया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि गैंग के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गुडवर्क करने वाली पुलिस टीम को पुलिस उपायुक्त नगर की ओर से पच्चीस हज़ार रूपये का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र भी दिया गया है।