: जटपुरा-खातीपाड़ा की प्राचीन दशहरा शोभायात्रा समिति के पदाधिकारी नियुक्त
Tue, Sep 17, 2024
लोहामंडी महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से गठित की गई बैठक
12 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
आगरा। जटपुरा-खातीपाड़ा स्थित श्रीरामचंद्र महाराज के प्राचीन मंदिर से लगभग 400 वर्ष से निकलने वाली शोभायात्रा 12 क्टूबर को धूमधाम से निकलेगी। इसके लिए लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से प्रमुख पदाधिकारियों का चुनाव किया गया। जिसमें अध्यक्ष विनय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष तरुण सिंह को चुना गया।
बैठक का शुभारम्भ सियाराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। चुनाव अधिकारी रामदास कटारा व विनोद अग्रवाल के नेतृत्व में चुनाव सम्पन्न हुए। सर्वम्मति से अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष के साथ महामंत्री राजपाल यादव, शोभायात्रा संयोजक हेमन्त प्रजापति, कोषाध्यक्ष अमित बंसल को चुना गया। बैठक की अध्यक्षता महेन्द्र खंडेलवाल ने की। महेन्द्र खंडेलवाल व राहुल चतुर्वेदी को संरक्षक चुना गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने बताया कि शीघ्र की कार्यकारिणी का गठन कर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। वहीं महिला संयोजक क्षमा जैन सक्सेना को नियुक्त किया गया। विनय अग्रवाल ने शासन प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि दशहरा शोभायात्रा मार्ग को दुरुस्त किया जाए। लाइट व सीवर की समस्या का जल्दी निदान किया जाए। शोभायात्रा को कुछ अलग व भव्यता के साथ निकाला जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से टीटू पंडित पार्षद विक्रांत कुशवाह, कुमार गुरु कपूर, प्रवीन अग्रवाल, अंजुल गुप्ता, मयंक जैन, हर्ष यादव, शिवम मिश्रा, संतोष अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
: खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के लिए बेहतरीन समय, 35 प्रतिशत खर्चा देगी सरकार
Tue, Sep 17, 2024
चैंबर आफ फूड प्रसोसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में फूड पार्क की स्थापना पर चर्चा
उप्र खाद्य प्रसंस्करण नीति 2023 पर गहन चर्चा, विशेषज्ञ मुक्तेश गुप्ता ने बताए नीति के विशेष लाभ
केंद्र और राज्य सरकार तक खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्योगों की पहुंचायी जाएगी समस्या
आगरा। उत्तर प्रदेश तेजी से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग का बड़ा केंद्र बन रहा है। इसे देखते हुए उप्र खाद्य प्रसंस्करण इंडस्ट्री नीति 2023 पर चैंबर आफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन ने कार्यकारिणी सभा का आयोजन किया। करकुंज, आवास विकास स्थित भगत हलवाई के सभागार में आयोजित सभा का शुभारंभ मां भारती के चित्र के समक्ष कार्यवाहक अध्यक्ष राजकुमार भगत, महासचिव अनुज सिंघल, सीएस अनुज अशाेक, सीए नितेश गुप्ता, संरक्षक सुभाष चंद्र गोयल, द्वारिका प्रसाद अग्रवाल, उपाध्यक्ष नितिन गोयल, उत्कर्ष अग्रवाल, आशीष गर्ग, तरुण अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलन कर किया। कार्यक्रम में संगठन ने आगामी कार्ययोजनाओं पर चिंतन किया। इसके साथ ही आगरा में फूड पार्क की स्थापना को लेकर विचार मंथन हुआ।
कार्यवाहक अध्यक्ष राजकुमार भगत ने कहा कि संगठन अपने मुख्य उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहा है। आगरा को आवश्यकता है खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को निर्यात के क्षेत्र में संगठित होकर आगे ले जाया जाए।
महासचिव अनुज सिंघल ने बताया कि संगठन शीघ्र ही खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के संगठित विकास एवं सुरक्षा मानकों से जुड़े विषयों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार के विभागीय मंत्री एवं अधिकारियों को खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की समस्याओं को सुझावों के साथ अवगत कराएंगे।
सभा के मुख्य वक्ता सीए मुक्तेश गुप्ता ने उप्र खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति 2023 के अंतर्गत निर्यात, नवनीकरण, नवीन उद्योग की स्थापना को लेकर चर्चा कर सरकार की नीतियों को बताया। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 लागू होने के बाद निवेशकों को कई तरह की छूट का प्रावधान किया गया है। इसमें सब्सिडी, ब्याज सबवेंशन, ट्रांसपोर्ट सब्सिडी और प्रोत्साहन सब्सिडी को शामिल किया गया है। यही नहीं खाद्य प्रसंस्कण इकाई को सीधे अपने उत्पाद बेचने वालों को भी मंडी शुल्क और उपकर में छूट दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की परियोजना लागत का 35 प्रतिशत या अधिकतम पांच करोड़ का अनुदान दे रही है। प्रदेश में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग फूड प्रोसेसिंग पर आधारित सूक्ष्म इकाइयों के उन्नयन के लिये लगातार प्रयास कर रही है। सरकार लोकल फॉर वोकल के जरिये नये स्टार्ट अप को बढ़ावा दे रही है। इसके लिये खाद्य प्रसंस्करण की छोटी इकाइयां भी स्थापित की जा रही हैं। कृषि योग्य जमीन पर यूनिट लगाने वाले निवेशकों को गैर कृषि उपयोग की घोषणा में लगने वाले शुल्क में 2 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अलावा सरकारी जमीन के आदान प्रदान पर लगने वाला शुल्क एक चौथाई सर्किल रेट पर ही देना होगा। भू उपयोग के परिवर्तन शुल्क में भी 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। साथ ही प्रसंस्करण यूनिट लगाने वाले निवेशक को प्रदेश के किसी भी शहर से कच्चा माल खरीदने या किसानों से सीधे कृषि उत्पाद खरीदने पर मंडी शुल्क या उपकर नहीं देना पड़ेगा।
करकुंज, आवास विकास स्थित भगत हलवाई पर हुई सीएफपीआईए की कार्यकारिणी सभा को संबोधित करते सीए मुक्तेश गुप्ता
कार्यक्रम का संचालन संगठन के मुख्य सलाहाकार मनीष अग्रवाल(रावी) ने किया। नए सदस्यों मनोज कुमार अग्रवाल, प्रेमचंद्र अग्रवाल, जयंत मगरानी, अभिमन्यु दीक्षित, विमल गोयल, मोहित अग्रवाल, राकेश छाबड़ा, आशीष बंसल, विकास गोयल, मोहित गुप्ता, संजय खंडेलवाल, मनोज बसरानी, अजय अग्रवाल, वैभव गर्ग, अमित बंसल, अमित गुप्ता को शपथ ग्रहण के साथ सदस्यता प्रदान की गयी।
: क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का रंगारंग उद्घाटन हुआ
Tue, Sep 17, 2024
ब्रज प्रांत, मेरठ व उत्तराखंड के 400 चुने हुए छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
आगरा। सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कमला नगर ,आगरा में त्रिदिवसीय क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का उद्घाटन संपन्न हुआ। 16 से 18 सितंबर तक चलने वाली प्रतियोगिताओं में कराटे, वु शु और ताइक्वांडो जैसे तीन खेलों में खिलाड़ी जोर आजमाइश करेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाहक श्री प्रमोद शर्मा, क्षेत्रीय खेल संयोजक सत्यपाल सिंह, क्षेत्रीय शारीरिक प्रमुख होडल सिंह, विभाग कार्यवाहक सुनीलजी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय प्रबंध समिति के संरक्षक विजय गोयल, अध्यक्ष सी ए महेंद्र गर्ग, प्रबंधक राकेश मंगल, सह प्रबंधक प्रेम सागर, कोषाध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल, विद्यालय शिक्षण कोर कमेटी के अध्यक्ष अनंत विश्वेंद्र सिंह, संभाग निरीक्षक हरवीर सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णकांत द्विवेदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को मनोरंजन और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। सभी प्रस्तुतियां सरस्वती विद्या मंदिर कमला नगर के छात्रों द्वारा दी गई। क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में मेरठ, उत्तराखंड और ब्रज प्रांत के 400 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की है इन प्रतियोगिताओं के विजेता राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता करेंगे जो अक्टूबर व नवंबर मास में मध्य प्रदेश और बिहार में आयोजित होगी। प्रतियोगिताओं के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न विभागों में मनोज यादव, शिवेंद्र सिंह, राजेश गुप्ता, नवनीत गोलेछा, पी पी सिंह ,अरविंद मिश्रा, रजनी गुप्ता, अंशु शर्मा, सरला भारद्वाज, देवेंद्र बाबू, प्रवीण शर्मा, भूपेंद्र राघव, राहुल चैधरी, शिवदत्त उपाध्याय, अमित गौड, अरुण कुमार आदि ने कार्य किया। कृष्णकांत द्विवेदी प्राचार्य ने सभी का स्वागत किया।