दशहरा शोभायात्रा : सिर्फ राजनीति न करें, जिम्मेदारी लेकर करें प्रभु श्रीराम की सेवा
Pragya News 24
Sat, Oct 17, 2026
आगरा। मंदिर श्रीराम चंद्रजी महाराज, जटपुरा, लोहामंडी में आयोजित प्रेसवार्ता में मंदिर कमेटी ने क्षेत्रीय पार्षदों की ओर से दशहरा शोभायात्रा को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज किया। कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि शोभायात्रा में अब मात्र तीन दिन शेष हैं, लेकिन तैयारियों और व्यवस्थाओं पर ध्यान देने के बजाय पदों को लेकर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की सेवा राजनीति से ऊपर है। सभी को आपसी मतभेद भुलाकर जिम्मेदारी निभानी चाहिए, ताकि शोभायात्रा भव्यता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
राजनीतिक विचारधारा के आधार पर न हो सेवा का विरोध: विनय अग्रवाल
मंदिर कमेटी की ओर से नियुक्त दशहरा शोभायात्रा अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने पिछले वर्षों की रसीद बुक और आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत करते हुए अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि उनका बचपन इसी क्षेत्र में प्रभु श्रीराम की सेवा करते हुए बीता है। उनके पिता ने भी 50 वर्ष से अधिक समय तक मंदिर की सेवा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में समाजवादी पार्टी से जुड़ने के बाद उन्हें मंदिर और दशहरा शोभायात्रा की जिम्मेदारी से हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
विनय अग्रवाल ने सवाल उठाया कि क्या अब भगवान की सेवा करने का अवसर भी राजनीतिक विचारधारा के आधार पर तय किया जाएगा? उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में राजनीति के बजाय सेवा, समर्पण और पारदर्शिता को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत कर बताया आर्थिक प्रबंधन
विनय अग्रवाल के अनुसार, वर्ष 2023 में कार्यकारिणी का गठन नहीं होने के कारण शोभायात्रा को 56,809 रुपये का घाटा हुआ था। वर्ष 2024 में अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने इस घाटे की भरपाई की और मंदिर कमेटी को 1,43,462 रुपये की बचत सौंपी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में भी अध्यक्ष रहते हुए 1,07,558 रुपये की बचत मंदिर कमेटी को दी गई। उन्होंने कहा कि इन सभी वर्षों का लेखा-जोखा उपलब्ध है और प्रस्तुत दस्तावेजों के माध्यम से वित्तीय विवरण स्पष्ट किया जा सकता है।
तीन साल से टूटी दीवार, नालियों और सफाई की व्यवस्था पर उठाए सवाल
मंदिर प्रबंधक रामदास कटारा ने कहा कि मंदिर की दीवार पिछले तीन वर्षों से टूटी हुई है, लेकिन इसे ठीक कराने के लिए अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उनके अनुसार, शोभायात्रा के दौरान राजनीतिक प्रभाव दिखाने के बजाय क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
दशहरा कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षित पाठक ने भी मंदिर की टूटी दीवार और शोभायात्रा मार्ग की बदहाल व्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पार्षदों की ओर से दीवार का निर्माण कराने के आश्वासन दिए जाते रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। शोभायात्रा में केवल तीन दिन शेष हैं, जबकि मार्ग और मंदिर के आसपास की नालियां भरी हुई हैं तथा जगह-जगह कचरा पड़ा है। उन्होंने संबंधित जनप्रतिनिधियों से जल्द सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की।
मंदिर कमेटी की सहमति से गठित हुई कार्यकारिणी
कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि दशहरा शोभायात्रा के लिए मंदिर कमेटी की सहमति से कार्यकारिणी घोषित की गई है। प्रभु श्रीराम की सेवा करने के इच्छुक सभी लोगों का स्वागत है, लेकिन आयोजन को लेकर अनावश्यक विवाद और राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित लोगों से मतभेद दूर कर शोभायात्रा की तैयारियों में सहयोग करने की अपील की।
प्रेसवार्ता में रामदास कटारा, विनय अग्रवाल, राजपाल यादव, हर्षित पाठक, पापे भाई, महेश लोधी, कमल अग्रवाल, विनोद राजपूत, नैमी यादव, दिनेश यादव, देव शर्मा, टीटू पंडित, हर्ष यादव, जय किशन लोधी और नीरज राजपूत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन