: हरियाणा में भाजपा की जीत का आगरा में मना जश्न
Wed, Oct 9, 2024
आगरा। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि दशहरा की पूर्व बेला में इस विजय को असत्य पर सत्य की विजय है। हरियाणा की जनता ने देश के विकास रथ को आगे बढ़ाने का जनादेश दिया है। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कांग्रेस व यू.पी.ए गठबंधन पर विघटनकारी, जातिवादी, समाज तोड़क राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब इनके झूठ की पोल खुल चुकी है।
विधायक खंडेलवाल ने कहा कि ई.वी.एम. का राग अलापने वाली कांग्रेस, सपा हरियाणा की शर्मनाक हार से ऐसे बौखला गए हैं जैसे खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे। उन्होंने कहा कि धारा 370, 35A हटने के बाद सफल लोकतंत्र की वापसी हुई है। वहां अपनी चुनी हुई सरकार है, जहां मोदी जी की सरकार के कारण अनुसूचित वर्ग के लोगों को आरक्षण का लाभ मिला है। निश्चित रूप से वहां की जनता ने अपनी सरकार चुनी है, यह जम्मू कश्मीर के सुखद भविष्य का संकेत है।
: दुलार, प्यार और उपहारों की सौगातें देकर “माधवी” ने बेटियों को “मायके” से किया विदा, हर आंख हुई विदाई की घड़ी में नम
Thu, Aug 15, 2024
माधवी अग्र महिला मंडल ने आयोजित किया 23 वां माधवी बेटियों का मायका कार्यक्रम
दो दिवसीय आयोजन में 50 से अधिक बेटियों को दिया गया मायके का लाड़
आगरा। कैसी घड़ी आई है, दुख है जुदाई है…देख बेटी की विदाई हर आंख भर आई है…मन में स्नेह अपार, हृदय में गृहस्थी चलाने की सीख और हाथाें में प्रेम के उपहार, चल दीं बेटियां मायके से ससुराल।
अनोखे प्रेम के अनोख दृश्य का साक्षी बना लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन जहां माधवी अग्र महिला मंडल ने सजाया था 23 वां माधवी बेटियों (अनाथ) का मायका। दो दिवसीय आयोजन का गुरुवार को बेटियों की विदाई के साथ समापन हुआ।
मुख्य अतिथि नीतेश अग्रवाल, शकुन बंसल, अध्यक्ष पुष्पा अग्रवाल, सचिव उषा बंसल और कोषाध्यक्ष आभा जैन, कैप्टन शीला बहल ने सभी बेटी− दामादाें और धेवते धेवतियों को यथा संभव उपहारों की सौगात और आशीर्वाद देकर विदा किया। साथ साथ में सीख दी कि कभी न सोचें कि वे अनाथ हैं, उनका वृहद माधवी मायका सदैव उनके साथ है। सभी धेवते और धेवतियों ने अपनी नानियों के साथ नानी तेरी मोरनी को मोर ले गए गीत पर जमकर मस्ती की।
कार्यक्रम संयोजिका नमिता गोयल ने बताया कि माधवी मायका आयोजन में 50 से अधिक बेटियों ने सहभागिता की। विभिन्न राज्यों और शहरों से बेटियां मायके बुलाई गई थीं। बीती रात सभी सदस्याओं ने मायके में प्रवास कर रहीं बेटियों से उनका हालचाल जाना और भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई के अवसर पर सचिव उषा बंसल ने लाडो आती जाती रहा करो गीत गाकर सभी की पलकें भिगो दीं।
आयोजन की व्यवस्थाएं संरक्षक रजनी अग्रवाल, माधवी, मीनू, सुशीला, वंदना, मधु, संगीता, पूनम, शशि अग्रवाल, शिल्पी, श्वेता, अर्चना, निर्मल, कुसुम, सपना, ममता, बबिता, पद्मा, काजल, अनुराधा, सोनी ने संभालीं।
: पौधारोपण कर लॉयंस क्लब समर्पण ने मनाया स्वाधीनता का उत्सव
Thu, Aug 15, 2024
आगरा। लॉयंस क्लब समर्पण द्वारा स्वाधीनता दिवस के अवसर पर 101 पौधे रोपित किये। बल्केश्वर स्थित श्रीमहालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में क्लब द्वारा फलदार और छायादार पौधे रोपित कर भारत माता की धरती के प्रति समर्पण भाव अर्पित किया। इसके बाद तिरंगे को सलामी दी गयी और स्वल्पाहार वितरित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रवीन पाठक, सचिव विनीत गुप्ता, कोषाध्यक्ष अंशु मित्तल, मनीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, राजीव मित्तल, सुमेंद्र जैन, विकास जैन आदि उपस्थित रहे।