: स्वास्थ्य विभाग ने कीठम वृद्धाश्रम में लगाया चिकित्सा शिविर
Fri, Jan 17, 2025
वृद्धों के सम्पूर्ण स्वास्थ्य की की गई जांच
आगरा। शुक्रवार को वृद्धजन आवास (वृद्धाश्रम) कीठम आगरा पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर, नेत्र परीक्षण शिविर, आयुष्मान कार्ड कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें 52 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरण की गयी। 20 वृद्धजनों के नेत्र परीक्षण कर चश्मा बनवाकर शीघ्र वितरित कराये जायेंगे तथा 10 वृद्धजनों को नेत्र परीक्षण के उपरांत मोतियाबिंद पाया गया जिनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क कराया जायेगा। इसके साथ 22 वृद्ध जनों के आयुष्मान कार्ड बनाकर वितरित किए गए ।
शिविर में वृद्ध जनों को फल आदि वितरित किए गए। इस दौरान आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डॉ नन्दन सिंह एवं योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ आशीष चौहान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय रावल, महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ सुलेखा, नेत्र परीक्षण अधिकारी भगवान स्वरुप शर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आदित्य और नरेंद्र उपस्तिथ रहे।
: निराशा में आशा की किरण बना श्री गिरिराज जी सेवक मंडल का रे आफ होप शिविर, 300 से अधिक बच्चों को मिला लाभ
Mon, Jan 13, 2025
जन्मजात बीमारी से ग्रसित बच्चों की चिकित्सा के लिए संस्था जला रही आशा की किरण
हर तीन माह पर लगाया जाता है भव्य चिकित्सा शिविर, निःशुल्क मिलता है इलाज
आसपास के जिलो से भी पहुंचे लोग, 80 प्रतिशत भी अधिक बच्चों को हो रहा फायदा
आगरा। सेवा के पथ पर अग्रसित रहते हुए श्रीगिरिराज जी सेवक मंडल परिवार ने त्रेमासिक होम्योपैथिक शिविर लगाया। शिविर में जन्मजात बीमारी से ग्रसित 300 से अधिक बच्चों की निःशुल्क जांच एवं चिकित्सा परामर्श दिया गया। साथ ही निःशुल्क दवा वितरण भी हुआ। बल्केश्वर स्थित गणेश राम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्यालय में लगाए गए शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरुण कुमार श्रीवास्तव, अजय गोयल, मनोज गुप्ता, पवन अग्रवाल, श्याम सुंदर माहेश्वरी, मनीष गोयल, नीरज अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
संस्था के चरण सेवक अजय गोयल व मनोज कुमार गर्ग ने बताया कि संस्था सनातन सेवा के साथ ही मानव सेवा के लिए भी समर्पित है। विगत 7 वर्षाें से संस्था 'रे आफ होप' होम्योपैथिक वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से होम्योपैथिक शिविर लगाती आ रही है।
श्याम सुंदर माहेश्वरी व पवन अग्रवाल ने बताया कि जन्मजात बीमारी, जिसके कारण माता पिता अपने बच्चे के सामान्य होने की आशा ही छोड़ देते हैं, उन बच्चों के लिए आशा की किरण की भांति संस्था कार्य कर रही है। हर तीन माह में ये भव्य शिविर लगाया जाता है, जिसमें महाराष्ट्र, दिल्ली आदि के डॉक्टर्स की टीम बच्चों का निरीक्षण करती है और दवा देती है।
मनीष गोयल व नीरज अग्रवाल ने बताया कि शिविर में मिलने वाले इलाज से जो लाभ बच्चों को हो रहा है, उसके कारण हर बार शिविर में अधिक बच्चे पहुंचते हैं। शिविर में अन्य जिलों से भी पीड़ित बच्चे अपने माता पिता के साथ आते हैं।
डॉ शिव शंकर मितवार ने बताया कि शिविर में मानसिक पक्षाघात, डीएमडी, शारीरिक पक्षाघात, उदंड व्यवहार, अनुवांशिक रोग, अंधापन, गूंगापन, बेहरा पन, भेंगापन, अविकसित बच्चे आदि रोगों का उपचार किया जाता है।
डॉ रोहित वर्मा, डॉ अंकित त्यागी, डॉ भूपेंद्र सिंह, डॉ शिव, डॉ ललित, डॉ श्रुति, डॉ गौरव, डॉ शोभा ने अपनी सेवाएं प्रदान की। अब अगला शिविर अप्रैल माह में लगाया जाएगा। शिविर का समापन प्रसादी वितरण के साथ हुआ।
इस अवसर पर योगेश बंसल, अजय रेमंड, पीयूष जैन, अशोक अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, ललित जैन, नवल किशोर , उर्मिला माहेश्वरी, नीरू अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, बृजमोहन रेपुरिया, धर्म गोपाल मित्तल, विनय गोयल आदि उपस्थित रहे।
: निक्षय वाहन से टीबी रोकथाम का संदेश घर-घर तक
Fri, Jan 10, 2025
जिलाधिकारी ने टीबी जागरूकता के लिए निक्षय वाहन किया रवाना
निक्षय वाहन एक मोबाइल यूनिट के रूप में घर-घर जाकर लोगों को टीबी के प्रति करेगा जागरूक
आगरा। जिलेभर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहचान और उपचार के लिए 100 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत 31 दिसंबर से की जा चुकी है, ये अभियान 24 मार्च 2025 तक चलेगा। इसी क्रम में शुक्रवार को कैंप कार्यालय से जिलाधिकारी अरविन्द मल्लपा बंगारी (आईएएस) ने टीबी जागरूकता के लिए निक्षय वाहन की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य लोगों को टीबी के लक्षणों, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना है। निक्षय वाहन एक मोबाइल यूनिट के रूप में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगा और उन्हें टीबी के बारे में जानकारी प्रदान करेगा ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव द्वारा अपने संबोधन में टीबी हारेगा देश जीतेगा से शुरुआत करते हुए कहा कि सभी लोग 100 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाए ताकि आने वाले समय में आपके शहर व गांव सहित ग्राम पंचायत को टीबी जैसी बीमारी से मुक्त किया जा सके। निक्षय वाहन के माध्यम से टीबी की रोकथाम के लिए घर-घर तक जागरूकता के संदेश दिए जाएंगे।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि यह वाहन जन जागरूकता के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न हिस्सों में घूमेगा और टीबी के बारे में जानकारी प्रदान करेगा साथ ही निक्षय वाहन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें शामिल हैं टीबी की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है, शुगर की जांच की सुविधा उपलब्ध है, एचआईवी की जांच की सुविधा उपलब्ध है, ब्लड प्रेशर की जांच की सुविधा उपलब्ध है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए CY-टीबी जांच व 16 चैनल वाले टूनाट मशीन से टीबी के संभावित मरीजों की तुरंत एक्स रे कर जांच एवं उपचार किया जाएगा।
निक्षय वाहन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं,
टीबी की जांच और उपचार
शुगर की जांच
एचआईवी जांच
ब्लड प्रेशर की जांच
टूनाट मशीन से टीबी जांच
सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे