: धूमधाम से निकली महाराजा अग्रसेन जी की शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
Mon, Oct 16, 2023
आगरा। 11 आकर्षक झांकियों संग महाराजा अग्रसेन जयन्ती महोत्सव की शोभायात्रा ढोल नगाड़ों व बैंड बाजों संग धूमधाम से निकाली गई। महाराजा अग्रसेन व महारानी माधवी के जयकारों संग शोभायात्रा का शुभारम्भ न्यूराजा मंडी केनरा बैंक के पास से हुआ। ताता का ताल, लोहामंडी, राजामंडी बाजार में भ्रमण करते हुए शोभायात्रा ने श्री अग्रवाल पंचायती धर्मशाला, राजामंडी पर विश्राम लिया। शोभायात्रा मार्ग को जगमग रोशनी से सजाया गया।
शोभायात्रा का शुभारम्भ केके अग्रवाल, अध्यक्ष अजय बंसल, संरक्षक मोहित अग्रवाल, महेश गोयल ने महाराजा अग्रसेन की झांकी की आरती कर किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का शुभारम्भ किया गया। बैंड बाजों व ढोल नगाड़ों संग 11 आकर्षक झांकियों में सर्वप्रथम श्रीगणेश, खाटू श्यामजी, कुलदेवी माता लक्ष्मी, शंकर जी के साथ राजकुमार व राजकुमारियों के डोले थे। साथ में माहराजा अग्रसेन के उद्घोष लगाते व झूमते गाते श्रद्धालू।
इस अवसर पर मुख्य रूप से शलभ अग्रवाल, अजय बंसल, सुरेश गोयल, रजत गोयल, सतेन्द्र अग्रवाल, अनूप, अजीत, आशीष, संतोष आदि मौजूद रहे।
: नामनेर चौराहा पर नगर निगम ने ढहाया अतिक्रमण, छेड़ा विशेष अभियान
Mon, Oct 16, 2023
Agra. नालों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर आगरा नगर निगम ने विशेष अभियान छेड़ दिया है। नगर निगम का महाबली नालों पर हो रहे अवैध निर्माण पर खूब गरज रहा है। सोमवार को नामनेर चौराहा पर नालों पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। चौराहे पर नालों पर हो रहे अतिक्रमण को महाबली ने ढहाया। निगम की इस कार्यवाही से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने निगम की इस कार्यवाही को रोकने का प्रयास किया लेकिन बुलडोजर नहीं रुका।
आपको बताते चले कि नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान छेड़ा हुआ है। नालों पर हो रहे अतिक्रमण इसमें बाधा उत्पन्न कर रहे है। इसलिए क्षेत्रीय पार्षद ने चौराहे पर खड़े होकर नालों पर हो रहे अतिक्रमण को तुड़वाया और नाले की सफाई कराई। इस दौरान क्षेत्रीय दुकानदारों ने अपनी नाराजगी जताई लेकिन क्षेत्रीय पार्षद ने सभी को समझाया बुझाया।
इसके बाद क्षेत्रीय पार्षद ने पूरे क्षेत्र में नालों में सफाई अभियान चलाया और लोगों से अपील की कि वह नालों पर किसी तरह का अतिक्रमण न करें।
: फेस्टिवल सीज़न में स्पेशल ट्रेन में करना है सफ़र तो जेब करनी होगी और ढ़ीली
Mon, Oct 16, 2023
Agra. फेस्टिवल सीजन के दौरान अगर आप स्पेशल ट्रेन में सफर कर रहे हैं तो आपको अपनी जेब और ढीली करनी पड़ेगी। क्योंकि आम ट्रेनों की अपेक्षा स्पेशल ट्रेनों में लगभग 20 से 30 प्रतिशत किराया अधिक है। आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव का कहना है कि यह रेलवे बोर्ड की पॉलिसी है कि स्पेशल ट्रेनों का किराया आम ट्रेनों की अपेक्षा अधिक होता है।
बढ़ जाती है वेटिंग, नहीं मिलती सीट
आपकों बताते चले कि अगले माह दीपावली व छठ पूजा का पर्व है। इन पर्व पर भारी संख्या में लोग अपने घर जाते हैं और गंतव्य तक पहुँचने के लिए ट्रेनों से ही सफर करते है। ऐसे में रिज़र्वेशन में वेटिंग की लिस्ट भी लंबी हो जाती है, साथ ही अनारक्षित कोचों में भी यात्रियों के बीच मारामारी देखने को मिलती है। इस स्थिति से निपटने और यात्रियों को सुगम यात्रा कराने के उद्देश्य को लेकर रेलवे स्पेशल ट्रेनों का संचालन करता है। क्योंकि यह ट्रेन स्पेशल होती है। इसलिए रेलवे इन ट्रेनों का किराया आम ट्रेनों की अपेक्षा बढ़ा देता है।
बढ़ती महंगाई के बीच स्पेशल ट्रेन के किराए में बढ़ोतरी को लेकर आम यात्रियों का कहना है कि एक तरफ तो रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधा सुगम यात्रा उपलब्ध कराने की बात कहता है। वहीँ फेस्टिवल सीजन में लोगों की बढ़ती भीड़ की संख्या को देखकर स्पेशल ट्रेन चलती है लेकिन उसमें महंगाई का तड़का लगा देता है जिससे रेल यात्री को सफर करने के लिए जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ती है। रेलवे को अपनी इस पॉलिसी में बदलाव करना चाहिए।
रेलवे बोर्ड की है ये पॉलिसी
आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि यह रेलवे बोर्ड की पॉलिसी है कि स्पेशल ट्रेनों का किराया आम ट्रेनों की अपेक्षा अधिक होता है। स्पेशल ट्रेन के लिए स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की जाती है और उसमें स्टाफ भी डेप्लॉय किया जाता है यानी रेलवे का खर्चा बढ़ जाता है। इसीलिए स्पेशल ट्रेनों का किराया अन्य ट्रेनों की किराए की अपेक्षा अधिक होता है।