: आगरा जिले की 20 प्रतिशत आबादी में तलाशे जाएंगे टीबी के रोगी
Thu, Nov 16, 2023
घनी आबादी में टीबी के रोगियों की तलाश करेंगे स्वास्थ्य कर्मी
23 नवंबर से पांच दिसंबर तक चलाया जाएगा अभियान
आगरा,16 नवम्बर 2023। वर्ष 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक बार फिर “एक्टिव केस फाइंडिंग” अभियान (सक्रिय क्षय रोगी खोज अभियान) चलाया जाएगा, जिसमें टीबी के रोगियों की तलाश की जाएगी। जिले की 20 प्रतिशत आबादी में टीबी के मरीज तलाश करने के लिए 23 नवंबर से पांच दिसंबर के बीच अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने उसके लिए टीम गठित कर दीं हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में टीबी के करीब दस हजार रोगी निक्षय पोर्टल पर दर्ज हैं, जो उपचाराधीन हैं। फिर भी काफी मरीज अब भी जागरूकता के अभाव में स्वास्थ्य विभाग से संपर्क नहीं करते हैं और अपनी बीमारी को छिपाने का प्रयास करते हैं। ऐसे रोगियों को तलाश करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान चलाने का खाका तैयार किया। अनाथालय, वृद्धाश्रम, नारी निकेतन, बाल संरक्षण गृह, मदरसा, नवोदय विद्यालय, कारागार, चिन्हित समूहों, ईंट भट्ठे, साप्ताहिक बाजारों आदि में संभावित क्षय रोगियों की तलाश स्वास्थ्य कर्मी करेंगे। अभियान में जिले की जनसंख्या की 20 प्रतिशत हाई रिस्क वाली आबादी में मरीजों को तलाश कर उनका उपचार किया जाएगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने बताया कि क्षय उन्मूलन के लिए काफी लंबे समय से काम किया जा रहा। शिक्षण संस्थाओं, सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को जागरूक किया जाता है। धर्म गुरुओं से लोगों को टीबी होने पर दवा खाने के लिए अपील कराई जाती है। सबसे बड़ी समस्या भ्रांतियां के चलते जागरूकता का अभाव है। अब भी बड़ी संख्या में ऐसे मरीज हैं जो टीबी के बारे में खुलकर बात नहीं करते हैं और दूसरों को भी संक्रमित कर देते हैं। हालांकि धीरे-धीरे लोगों के व्यवहार में परिवर्तन आ रहा है, अब वह जांच और उपचार के लिए आगे आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एसीएफ अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद में 372 टीम गठित की गईं हैं। इनका सहयोगात्मक पर्यवेक्षण 73 सुपरवाइजर करेंगे। टीम घर-घर जाकर लक्षणों के आधार पर टीबी मरीजों की पहचान करेंगी। इसके बाद मरीजों की जांच की जाएगी। जांच में टीबी की पुष्टि होने के बाद मरीज का उपचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि लगातार दो हफ्तों से ज्यादा खांसी, खांसी के साथ खून का आना, छाती में दर्द और सांस का फूलना, वजन का कम होना और ज्यादा थकान महसूस करना, शाम को बुखार आना और ठंड लगना जैसे लक्षण हैं तो टीम को जानकारी दें और अपनी जांच अवश्य करवाएं।
ब्लाक जैतपुर कला के पूराचतुर्भुज गांव के निवासी 15 वर्षीय अशोक (बदला हुआ नाम) बताते हैं “जब मैं दिल्ली में रहता था उस समय मुझे रोज रात को बुखार आता था। धीरे-धीरे बुखार तेज होने लगा और मुझे कमजोरी महसूस होने लगी, वजन भी काम हुआ, लगभग 20 दिन तक यह स्थिति रहने के बाद मैंने अपने माता-पिता को यह बात बताई तो उन्होंने मुझे तुरंत घर वापस आने के लिए कहा क्योंकि पहले मेरी मां को टीबी हुई थी और इसी तरह के लक्षण नजर आए थे।
अशोक बताते हैं कि यह बात मार्च 2022 की है। जब मैं अपने घर वापस आया उस दौरान टीबी की टीम लक्षणों के आधार पर मरीजों की खोज कर रही थी। टीम के सदस्य मेरे घर आए और मेरी जांच करने के लिए बलगम का सैंपल लिया, उसके बाद सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर सौरभ भदौरिया मेरे घर आए और उन्होंने मेरे परिवार को यह जानकारी दी कि मुझे फेफड़ों से संबंधित टीबी हो गई है, घबराने की कोई जरूरत नहीं है। छह महीने के उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे, लेकिन दवा का सेवन नियमित करना होगा, एक भी दिन दवा नहीं छोड़नी है, साथ ही पौष्टिक आहार का सेवन करना है। अशोक बताते हैं “मैंने उपचार के दौरान नियमित रूप से दवा का सेवन किया और डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह को अपनी दिनचर्या में शामिल किया। मुंह पर मास्क लगा लगा कर रहा, जिससे किसी अन्य को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। छह महीने के उपरांत सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर द्वारा मेरी दोबारा जांच कराएगी, जांच के बाद पता चला मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं और उपचार के दौरान पौष्टिक आहार के लिए निक्षय पोषण योजना के तहत मेरे खाते में हर महीने 500 रुपए की धनराशि भी प्रदान की गई l अब मैं नियमित अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी के काम में सहयोग करता हूं मुझे किसी भी प्रकार की कोई भी दिक्कत नहीं है l”
एक नजर पिछले एक्टिव केस
फाइंडिंग अभियानों के आंकड़ों पर
वर्ष 2021 में 3246 संभावित क्षय रोगियों की जांच की गई, जिसमें 222 नए टीबी मरीज मिले ।
वर्ष 2022 में 2946 संभावित क्षय रोगियों की जांच की गई, जिसमें 238 नए टीबी मरीज मिले ।
वर्ष 2023 में 3598 संभावित क्षय रोगियों की जांच की गई, जिसमें 325 नए टीबी मरीज मिले ।
अभियान के दौरान मिले सभी टीबी मरीजों का उपचार पूर्ण हो गया है और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।
: 19 नवम्बर को वॉकॉथन में डायबिटीज जागरूकता के लिए दौड़ेंगे शहरवासी
Thu, Nov 16, 2023
आईएमए द्वारा 14 से 19 नवम्बर तक डायबिटीज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित किये जा रहे विभिन्न कार्यक्रम
19 नवम्बर को शहीद स्मारक से एसएन अस्पताल की इमरजेंसी तक होगा वॉकाथन का आयोजन, विद्यार्थियों, डॉक्टर्स सहित शहरवासी भी लेंगे भाग
आगरा। 19 नवम्बर को आगरा मैं शहरवासी डायबिटीज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दौड़ लगाएंगे। आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) द्वारा विश्व मधुमेह दिवस (14 नवम्बर) से 19 नवम्बर तक डायबिटीज जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत 19 नवम्बर को संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक से एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी तक वॉकॉथन का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें डॉक्टरों, विद्यार्थियों सहित शहर के हजारों लोग लोगों में डायबिटीज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भाग लेंगे।
तोता का ताल स्थित आईएमए भवन पर अभियान के पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष मुकेश गोयल, सचिव डॉ. पंकज नगायच ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 नवम्बर से प्रारम्भ हुए जागरूकता अभियान में क्लीनिक, हॉस्पीटलों में निशुल्क ब्लड शुगर चेकिंग व परामर्श दिया जा रहा है। भारत में लगभग ११.५ प्रतिशत जनता डायबिटीज से पीड़ित है। पैर मैं इन्फेक्शन की वजह से पैर काटने के मामले लगभग दूसरे स्थान पर डायबिटीज की वजह से हैं। किडनी फेल सबसे ज्यादा इस कारण से हैं। अंधापन मोतियाबिंद के बाद सबसे ज्यादा इसी बीमारी की वजह से है। लोगों को डायबिटीज के लक्षण, कारण व बचाव के बारे में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जा रही है। आईएमए के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा शहर के विभिन्न स्कूलों में भी व्याख्यान देकर जागरूकता प्रदान की जा रही है। यह अभियान आईएमए द्वारा देश भर में चलाया जा रहा है। सभी कैम्पों का डाटा एकत्र कर भारत में डायबिटीज की स्थिति पर मंथन व रोकथाम के उपायों पर विचार विमर्श किया जाएगा। 19 नवम्बर को शहीद स्मारक पर प्रातः 7 बजे जागरूकता गोष्ठी में आमजन को डायबिटीज के बारे में वरिष्ठ डॉक्टरों द्वारा जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके उपरान्त वॉकॉथन का आयोजन होगा, जिसका समापन एसएन मेडिकल कालेज की ईमरजेंसी पर होगा।
आईएमए के पदाधिकारियों ने वॉकॉथन में भाग लेने के लिए सभी शहरवासियों को आमंत्रित किया, जिससे लोगों में डायबिटीज के प्रति जानकारी बढ़े और भारत में बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाया जा सके। इस अवसर पर मुख्य रूप से डा. अनूप दीक्षित अध्यक्ष निर्वाचित, डा. योगेश सिंघल कोषाध्यक्ष, डा. अरुण जैन, डा अनुपम गुप्ता स्त्री रोग विशेषज्ञ, डा मनोज अग्रवाल, डा अनुपम गुप्ता (अस्थि रोग विशेषज्ञ) आदि उपस्थित थे।
ग्रीन टाइम और स्क्रीन टाइम में संतुलन बनाए रखें
आगरा। विशेषज्ञों ने कहा कि डायबिटीज से दूर रहना है तो अपनी दिनचर्या में ग्रीन टाइम (अभिभावक, बच्चों, घर परिवार व दोस्तों के साथ बिताने वाला टाइम) और स्क्रीन टाइम (सोशल मीडिया पर बिताने वाला टाइम) में संतुलन बनाएं रखें। ग्रीन टाइम को कम करके चुराए नहीं। नींद पूरी लें, तनाव और फास्टफूड से दूर रहें।
: श्रीकृष्ण लीला शताब्दी महोत्सव का शुभारंभ आज, भगवान गणेश की शोभायात्रा करेगी नगर भ्रमण
Thu, Nov 16, 2023
19 नवंबर को श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के मंचीय आयोजन का राष्ट्रीय संत करेंगे शुभारंभ
बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में 28 नवंबर तक होगा भव्य आयोजन, मथुरा और गोकुल का दिया जा रहा रूप
सन् 1924 में आरंभ हुआ था महाआयोजन, 100 वर्ष से अनवरत चली आ रही है परंपरा
आगरा। अजन्मे का जन्म, जन्म से पूर्व न जाने कितने ही बंधन, जन्म के बाद कंस मामा के आतंक का समापन, मथुरा के रण से लेकर द्वारिका तक का गमन और फिर रुक्मणी के साथ मंगल परिणय। इन सभी के मध्य जगत हिताय हेतु आवश्यक लीलाएं…आदिपुरुष भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि ब्रज में एक बार फिर द्वापर का युग जीवंत हो उठेगा। 17 नवंबर, दिन शुक्रवार से बल्केश्वर स्थित गौशाला का मैदान श्रीकृष्ण की लीलाओं का साक्षी फिर से होगा।
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति द्वारा 17 नवंबर से 28 नवंबर तक श्रीकृष्ण लीला शताब्दी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को लीला स्थल पर समिति के पदाधिकारियों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि 17 नवंबर को सायं 4 बजे बल्केश्वर गौशाला से प्रथम पूज्य देव गणेश जी की सवारी निकाली जाएगी। सवारी बेलनगंज, रावतपाड़ा, जाैहरी बाजार आदि नगर का भ्रमण करेगी। मुख्य अतिथि विधायक पुरुषाेत्तम खंडेलवाल, डॉ गिरधर शर्मा होंगे। 18 नवंबर को इसी रूट पर कंस की दुहाई निकलेगी। गौशाला प्रांगण में बने लीला स्थल पर एक ओर कंस दरबार और कंस कारागार हैं। मंच के एक ओर मथुरा और दूसरी ओर गोकुल का रूप दिया गया। लीला स्थल पर ही विभिन्न प्रकार के रथ तैयार किये जा रहे हैं। जिनमें मुख्य आकर्षण मयूर रथ रहेगा जिसपर श्रीकृष्ण की शाेभायात्रा निकलेगी। गौशाला में लीला का मंचन वृंदावन के श्रीराम शर्मा (निमाई) के निर्देशन में किया जाएगा। जिनके कलाकार भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर कंस वध की लीला तक मंचन करेंगे।
बैठक में महामंत्री विजय रोहतगी, प्रभात रोहतगी, पार्षद मुराली लाल गोयल, राकेश शीरेवाले, डॉ एसपी सिंह, महेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल राधे राधे, अशोक गोयल, गिर्राज बंसल, शेखर गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, मुकेश मित्तल, अनूप गोयल, कृष्ण कन्हैया अग्रवाल, केसी अग्रवाल, संजय गर्ग, संजय गोयल, मनोज बंसल, मनीष शर्मा, पंकज शर्मा आदि उपस्थित रहे।
समाज सेवा को समर्पित है संस्था
1924 में श्रीकृष्ण महोत्सव समिति की स्थापना की गयी थी, इसके बाद से अनवरत रूप से लीला मंचन किया जा रहा है। सहयोगी संस्था श्रीकृष्ण लीला महिला उत्थान समिति के अन्तर्गत कन्या− महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई, कम्प्यूटर की शिक्षा प्रदान की जाती है।
11 दिन की लीलाओं का मंचन
17 नवंबर− श्रीमुकुट पूजन एवं गणेश जी सवारी।
18 नवंबर− कंस की दुहाई
19 नवंबर− देवकी वसुदेव विवाह एवं श्रीकृष्ण जन्मलीला
20 नवंबर− गोपाष्टमी, नंदोत्सव, दीपक नृत्य और पूतना वध
21 नवंबर− डांडिया नृत्य और कालीदह लीला
22 नवंबर− गौमय श्रंगार एवं गोवर्धन पूजा− अन्नकूट प्रसाद
23 नवंबर− शंकरलीला− माखन चोरी, फूलों की होली
24 नवंबर− श्रीकृष्ण लीला− सुदामा मिलन लीला
25 नवंबर− अक्रूर गमन− कंस वध एवं आतिशबाजी।
26 नवंबर−श्रीकृष्ण बलराम की दिव्य शाेभायात्रा।
27 नवंबर− द्वारिकापुरी रुक्मणि मंगल विवाह लीला
28 नवंबर− हवन लीला।
चार दिन निकलेंगी शाेभायात्रा
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में 17 नवंबर को सायं 4 बजे से श्री मुकुट पूजन एवं गणेश जी की सवारी नगर भ्रमण करेगी।
18 नवंबर को सायं 4 बजे से कंस की दुहाई की सवारी निकलेगी।
20 नवंबर को गोपाष्टमी विशेष शाेभायात्रा प्रातः 9:30 बजे
26 नवंबर को श्रीकृष्ण बलराम की दिव्य शाेभायात्रा सायं 6:30 बजे से निकाली जाएगी।