: यमुना तलहटी में फिर लगी आग, धुयें में छिपा ताजमहल
Mon, Jun 10, 2024
Agra. यमुना की तलहटी में रविवार को आग लगी और कुछ ही देर में दूर तक फैल गई। मोक्षधाम के पीछे यमुना की तलहटी में झाड़ियां और कचरा सुलगता रहा। इससे ताजमहल धुएं के गुबार में छिप गया। स्ट्रेची ब्रिज से ताजमहल साफ दिखाई नहीं दिया। मोक्षधाम आने वाले लोगों को भी इस धुएं से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घंटो तक यमुना की तलहटी में सुलगती आग से धुआं उठता रहा और जिम्मेदार आंख बंद कर सोते रहे।
ताजमहल क्षेत्र पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील है। यहां खुले में आग जलाने व धुंआ फैलाने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के बारे में अधिकारी लापरवाह बने रहे। लोगों ने बताया कि मोक्षधाम के पीछे यमीनार की तलहटी में आग सुलग रही है। झाड़ियां जल रही है जिसके धुएं से हर किसी को परेशानी हो रही है। वहीं वातावरण भी खराब हो रहा है। इतना ही नहीं ताजमहल भी धुंधला दिखाई दे रहा है।
ताजमहल के 60 वर्ग किमी. में ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) है। मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी उसकी अध्यक्ष हैं। सुप्रीम कोर्ट ने वायु प्रदूषण व पर्यावरण की दृष्टि से क्षेत्र संवेदनशील घोषित किया है लेकिन अधिकारी आंखें मूंदे हुए हैं। यमुना की तलहटी में मई महीने में तीन बार आग लगी थी। आज फिर आग सुलगती दिखाई दी। इससे वायु प्रदूषण मानकों की धज्जियां उड़ रही हैं और जिम्मेदार मूक-बधिर बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि यमुना नदी सूख गई है। नदी में पानी नहीं बचा। ऐसे में दिनभर जुआरियों के फड़ यहां लगे रहते हैं। पुलिस भी निगरानी नहीं करती।
: आंबेडकर विवि के असिस्टेंट प्रोफेसर पर 40 हजार रिश्वत लेने का आरोप, वीडियो हुआ वायरल
Mon, Jun 10, 2024
Agra. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो ने आगरा विश्वविद्यालय में हड़कंप मचा कर रखा हुआ है। आगरा के आंबेडकर विश्वविद्यालय की परीक्षा में परीक्षा केंद्र पर असिस्टेंट प्रोफेसर पर 40 हजार रुपये लेने के आरोप है। जानकारी के मुताबिक कॉलेज संचालक ने इस वीडियो को बनाया और वायरल कर दिया।
आगरा के पथौली में भाजपा नेता विकास भारद्वाज का आरसीएस मेमोरियल डिग्री कॉलेज हैं। कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम के 2500 छात्रों की परीक्षा चल रही है। तीन कॉलेजों का केंद्र है। परीक्षा केंद्र में नकल की रिपोर्ट के बाद तीन जून को विवि के दाउदयाल वॉकेशनल संस्थान के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कौशल राणा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। आरसीएस कॉलेज के संचालक का आरोप है कि छह जून को पर्यवेक्षक डॉ. कौशल राणा ने केंद्र को डिबार करने की धमकी देते हुए पैसों की मांग की। 40 हजार रुपये लेते हुए का केंद्र संचालक ने उनका वीडियो बना लिया।
पैसे लेने का वीडियो वायरल होने से विश्वविद्यालय प्रशासन में भी खलबली मच गई है। विवि की परीक्षा पर पहले ही सवाल उठ चुके हैं। सामूहिक नकल के मामले भी पकड़े जा चुके हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कुलपति प्रो. आशु रानी ने भी वीडियो की जांच पड़ताल कर कार्रवाई करने के लिए कहा है।
दूसरी ओर इस मामले में डॉ. कौशल राणा का कहना है कि वीडियो डेढ़ से दो साल पुराना है। उनके रिश्तेदार के आरसीएस कॉलेज के संचालक विकास भारद्वाज पर रुपये थे, वे रुपये लेने गए थे। यह उसी समय का वीडियो है जो अब वायरल हो रहा है।
: बदलती जीवनशैली में भविष्य की जरूरतों के लिए बचत योजनाओं का महत्व बढ़ा
Sun, Jun 9, 2024
एनआईएफएम में आयोजित इनवेस्टमेंट वेयरनेस प्रोग्राम में शिक्षकों, डॉक्टरों संग विभिन्न वर्गों ने लिया भाग, जाना सेविंग और इनवेस्टमेंट का अंतर
आगरा। सेविंग और इनवेस्टमेंट के अंतर को समझाने के साथ बदलती जीवनशैली के दौर में शहर के प्रबुद्धजनों ने निवेश की बारीकियों को समझा। जाना कि भारतीय अर्थव्यवस्था में निवेश करना क्यों महत्वूर्ण है। बाजार में संपत्ति बनाने या अपनी भविष्य की जरूरतों के लिए योजना बनाने के लिए इक्विटी में निवेश एक अच्छा साधन है। अधिकांश निवेशक भविष्य की आवश्यकताओं की योजना बनाने के लिए इक्विटी बाजार पर नजर रख रहे हैं। जीवन शैली बदल रही है और जीवन की जरूरतों के अनुसार भविष्य की आवश्यकताओं को बनाए रखने के लिए उचित योजना बनाने की जरूरत है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के स्टेट हेड नवीन मणी त्रिपाठी ने आवास विकास कालोनी स्थित एनआईएफएम में आयोजित इनवेस्टमेंट अवेयरनेस प्रोग्राम में शहरवासियों को कहां और कैसे अपने पैसे को इनवेस्ट करने सलाह देकर भविष्य को सुरक्षित बनाने के टिप्स दिए।
कार्यक्रम से पूर्व संस्थान की निदेशक श्वेता बंसल ने अतिथियों का स्वागत किया। नवीन मणी त्रिपाठी ने कहा कि प्रौद्योगिकी दूर-दराज के स्थानों से भी निवेशकों को जोड़ने में मदद करती है। अर्थव्यवस्था बढ़ रही है और स्टॉक निवेश निवेशकों को भारत जैसी बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में भाग लेने में मदद करता है। यह बाज़ार अर्थव्यवस्था के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में से एक है। यह कंपनियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए पूंजी तक पहुंच प्रदान करता है, और निवेशकों को कंपनी के भविष्य के प्रदर्शन के आधार पर अपने निवेश में लाभ प्राप्त करने की क्षमता के साथ कंपनी में स्वामित्व का एक अवसर देता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से विदित बंसल, पुलकित, प्रतीक, मनदीप सिंह, अरुण, सौरभ बंसल, लोकेश अग्रवाल, विवेक उपाध्याय आदि उपस्थित थे।
पानी बचाओं के संदेश से हुए कार्यक्रम का शुभारम्भ
कार्यक्रम का शुभारम्भ एक अनोखे अंदाज में किया गया। मुख्य अतिथि सहित सभी अतितियों ने घड़े में थोड़ा थोड़ा पानी डालकर पानी बचाओ का संदेश देते हुए कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।