: उप्र उद्योग व्यापार मंडल के निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष बने मुकुंद मिश्रा, टीएन अग्रवाल को मिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष का पद
Mon, Sep 9, 2024
आगरा व्यापार मंडल की अगुवायी में संपन्न हुआ उप्र उद्योग व्यापार मंडल प्रांतीय अधिवेशन
आगरा के नाम दर्ज हुयी बड़ी उपलब्धि, नितेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, राजकुमार, कन्हैया लाल और संदीप गुप्ता प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल
प्रांतीय अधिवेशन के समापन से पूर्व 75 जिलों से आए प्रतिनिधियों ने रखीं अपनी समस्याएं, विदायी में मिला अभूतपूर्व सम्मान
प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा बाेले, विदेशी आनलाइन कंपनियों के लिए कानून लाए सरकार, झूठे दावों को रोकने के लिए बने एक्ट
आगरा। प्रदेश के व्यापारियों और उद्यमियों का सबसे बड़ा अधिवेशन आगरा में सफलता पूर्वक सम्पन्न हो गया और अपने समापन के साथ ताजनगरी को उपलब्धियों का ताज पहना गया। आगरा व्यापार मंडल की अगुवायी में वाटवर्क्स स्थित अग्रवन में आयोजित उप्र उद्योग व्यापार मंडल प्रांतीय अधिवेशन के द्वितीय दिवस हुए त्रिवार्षिक चुनाव प्रकिया पूर्ण की गयी। प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा को निर्विरोध पुनः अध्यक्ष और महामंत्री राजेंद्र गुप्ता और दिलीप सेठ चुना गया।
आगरा के व्यापार मंडल को नवीन उंचाइयां प्रदान करने के अनुभवों और योग्यता को देखते हुए टीएन अग्रवाल को प्रदेश का वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नितेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल और राजकुमार गुरनानी को मंत्री, कन्हैया लाल राठौड़ को संगठन मंत्री और संदीप गुप्ता को उपाध्यक्ष के पद पर चयनित किया गया। अधिवेशन में चुनाव परिणामों की जैसे ही घाेषणा की गयी ढोल नगाड़े और जयकारों की ध्वनि गूंज उठी। आगरा से चयनित छहों पदाधिकारियों समेत प्रदेश कार्यकारिणी को बधाइयां देने का तांता लग गया। प्रदेश कार्यकारिणी में चुने गए आगरा के छहों पदाधिकारी आगरा व्यापार मंडल को संगठित और व्यवस्थित करने में जुटे हुए हैं। अध्यक्ष टीएन अग्रवाल के नेतृत्व में ही आगरा व्यापार मंडल को 22 वर्ष बाद ताजनगरी में प्रांतीय अधिवेशन की अगुवायी करने का अवसर प्राप्त हुआ।
वाटरवर्क्स स्थित अग्रवन में आगरा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित प्रांतीय अधिवेशन में हुए त्रिवार्षिक चुनाव में निर्वाचित हुए मध्य में उप्र उद्योग एवं व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्र और प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता। साथ है प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष टीएन अग्रवाल, महामंत्री दिलीप सेठ, मंत्री नीतेश अग्रवाल और राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता।
अध्यक्ष पद का दायित्व पुनः प्राप्त होने पर मुकुंद मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के व्यापारियों ने पूर्ण रूप से समर्थन दिया है और अपना विश्वास जताया है। उनके इस विश्वास पर खरे उतरने का प्रयास करते हुए व्यापारियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का पुरजोर प्रयास रहेगा। व्यापारियों का उत्पीड़न रोकना प्राथमिकता रहेगी। यदि समस्या का समाधान सरकार नहीं करती है तो लोकतंत्र के माध्यम से संघर्ष करके व्यापारियों को न्याय दिलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रांतीय अधिवेशन में विदेशी आनलाइन कंपनियों की बढ़ती संख्या स्थानीय व्यापार के लिए नुकसान का कारण बन रही हैं। इस समस्या के संबंध में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से वार्ता करने वाले हैं। यदि मांगे नहीं मानी गयीं तो हम दिल्ली के रामलीला मैदान में भी बड़ा कार्यक्रम करेंगे। विदेशी कंपनियां आएं, हम विरोध नहीं करते लेकिन झूठे विज्ञापन और ब्रांडिंग करते हैं उनका मुकाबला भारतीय व्यापारी नहीं कर पा रहा है। इसलिए मंत्री जी से आग्रह है कि इसके एवज में एक्ट बनाकर उन कंपनियों को नियामक कानून में लाया जाए।
चौथी बार प्रांतीय महामंत्री चुने गए राजेंद्र गुप्ता बोले कि उप्र उद्योग व्यापार मंडल 250 करोड़ व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करता है। हमारा संगठन लोकतांत्रिक रूप से कार्य करता है। निर्विरोध चुनने के लिए सभी का आभार करता हूं। व्यापारियों की समस्या को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जाएगा।
प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए टीएन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश ने विश्वास के साथ जो पद दिया है उसे निभाउंगा। अंतिम समय तक व्यापारियों के अधिकार के लिए संघर्ष करता रहूंगा।
प्रदेश मंत्री चुने गए नितेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों और अधिकारियों के मध्य सामंजस्य बैठाते हुए चलेंगे। व्यापारियों के लिए हर संघर्ष करने को हम तैयार रहेंगे।
प्रदेश मंत्री चुने गए राजेश अग्रवाल ने कहा कि पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी व्यापारियों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास करूंगा।
प्रदेश संगठन मंत्री चुने गए कन्हैया लाल राठौड़ ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में जो दायित्व मिला है उसकी जिम्मेदारियों को अंतिम सांस तक निभाउंगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष चुने गए संदीप गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में हो रहे व्यापारियों के उत्पीड़न के खिलाफ अधिकारियों तक जाउंगा और व्यारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करूंगा।
योग्यता−अनुभव हैं चुनाव प्रक्रिया का आधार
उप्र उद्योग व्यापार मंडल के त्रिवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया बहुत ही सरल और पारदर्शी है। रविवार को अधिवेशन के प्रथम दिन 131 नामंकन पत्र मुख्य चुनाव अधिकारी शैलेंद्र शर्मा, सहायक चुनाव अधिकारी चारु चंद्र खरे, सूर्यकांत, राजेश गुप्ता को प्राप्त हुए थे। जिस पर प्रदेश कार्यकारिणी ने योग्यता और अनुभव के आधार पर विचार किया।
व्यापारियों ने अधिवेशन में रखीं समस्याएं
प्रांतीय अधिवेशन के दूसरे दिन 75 जिलों से आए व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अपनी−अपनी समस्याएं रखीं। मुज्जफर नगर व्यापार मंडल के जिला महामंत्री श्याम सिंह सैनी ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यापारियों के लिए पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि व्यापारी जीवन भर कर देता है, बदले में उसे सरकार ये सुविधा तो दे ही सकती है। उन्होंने कहा कि चुनावों के लिए मंडी समिति में दुकाने अधिकरण करना सरकार बंद करे। इससे व्यापारियों को बार− बार नुकसान होता है।
आगरा व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता ने कहा कि सरकार चार पहिया वाहनों के लिए 15 वर्ष की समय सीमा उनकी स्थिति के हिसाब से तय करे न कि समयावधि के आधार पर। मंत्री योगेश रखवानी ने कहा कि प्लास्टिक पॉलीथिन का प्रयोग व्यापारी न करें किंतु अनुचित कार्रवाइ के खिलाफ आवाज जरूर उठाएं।
व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए ये सम्मानित
दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन की व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए हेल्प आगरा, श्रीक्षेत्र बजाजा, लोकहितम संस्था को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न व्यवस्थाओं को संभालने के लिए महेश ग्वाला, अंशुल अग्रवाल, नंद किशाेर गोयल, योगेश रखवानी, साहूकार सिंह चाहर, सुनील अग्रवाल, रीतेश राठौड़, देवेंद्र अग्रवाल, राजेंद्र कुमार गुप्ता, राजेश सिंघल, मुकेश अग्रवाल, मनीष बंसल, जय पुरसनानी, संदीप गुप्ता, राजेश अग्रवाल, दुष्यंत गर्ग, नितेश अग्रवाल, राजीव गुप्ता, कन्हैया लाल राठौड़, भगवान दास बंसल, विष्णु अग्रवाल, विजय बंसल को सम्मानित किया गया।
: श्री अग्रवाल संघ ने किया जनकपुरी आयोजन समिति का स्वागत
Mon, Sep 9, 2024
आगरा । श्री अग्रवाल संघ की ओर से जनकपुरी आयोजन समिति की कार्यकारिणी व राजा जनक का प्रताप नगर स्थित बुर्जीवाला मंदिर पर स्वागत सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, महामंत्री राजेश जिंदल, कोषाध्यक्ष राजीव अग्रवाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने किया ।
अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि आज बड़े सौभाग्य की बात है कि उन्हें राजा जनक जनकपुरी कार्यकारिणी के स्वागत का अवसर प्राप्त हुआ। आगरा की प्रसिद्ध जनकपुरी में वे तन मन धन से अपना सहयोग हमेशा ही देते रहे है और आगे भी देते रहेंगे।
महामंत्री राजेश जिंदल ने बताया कि राम के काज में लगी पुरी जनकपुरी आयोजन समिति के अध्यक्ष सहित कार्यकारिणी का स्वागत किया गया। जनक बने प्रमोद वर्मा ने श्री अग्रवाल संघ के सभी पदाधिकारियों को शाहगंज में सहने जा रही जनकपुरी में परिवार सहित आने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर गौरव बंसल, दीपक अग्रवाल, रवि मंगल, रविशंकर बंसल, विशेष बंसल, हिमांशु गर्ग, शशिकांत अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, प्रदीप सिंघल, संदीप गोयल, सीए अंकुर अग्रवाल, अनूप गोयल, विजय गोयल, प्रभात गोयल आदि मौजूद रहे।
: खांसी-जुकाम की तरह मानसिक समस्याओं का भी उपचार
Mon, Sep 9, 2024
मानसिक तनाव होने पर चिकित्सक से करें संपर्क
टेलीमानस हेल्पलाइन नंबर- 14416 पर कर सकते हैं कॉल
10 सितंबर को जनपद में मनाया जाएगा विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस
आगरा। मंगलवार को जनपद में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर आत्महत्या की रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करने के लिए जनपद में विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 10 सितंबर को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस मनाया जाता है। जनपद में 10 से 16 सितंबर तक विश्व आत्महत्या रोकथाम सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत जनपद में पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पियूष जैन ने बताया कि विश्व आत्महत्या रोकथाम सप्ताह के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों में आत्महत्या के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही गत वर्ष शुरू हुए लेट्स टॉक अभियान के अंतर्गत किशोर-किशोरियों एवं बच्चों के मानसिक स्वास्त्य के लिए शैक्षणिक संस्थानों में अभियान भी संचालित किया जाएगा।
जिला अस्पताल की नैदानिक मनोवैज्ञानिक ममता यादव ने बताया कि मानसिक समस्या किसी को भी हो सकती है, इसका भी खांसी, बुखार सहित अन्य बीमारियों की तरह उपचार उपलब्ध है। यदि किसी को मानसिक तनाव हो तो वह टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 पर कॉल करके अपनी समस्या बता सकते हैं। टेलीमानस का उद्देश्य पूरे देश में चौबीसों घंटे निःशुल्क टेली मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसमें 24 घंटे काउंसलर उपलब्ध रहते हैं, जो काउंलिंग करते हैं। यहां पर कॉल करने वाले लोगों की पहचान को गोपनीय रखा जाता है।
ममता यादव ने बताया कि यदि किसी को काम में मन न लगना, लगातार तनाव रहना, अकेले रहना, जीवन समाप्त करने के विचार आना जैसी समस्या आएं तो जिला अस्पताल के कमरा नंबर 202 और 203 में परामर्श ले सकते हैं। उन्होंने लोगों को आत्महत्या प्रवृति और मानसिक समस्याओं के प्रति जागरुक होने की आवश्यकता है। यदि आपके आस-पास कोई आम से भिन्न व्यवहार करने लगे, जैसे- सामाजिक जीवन से कटना, सोशल मीडिया से अचानक दूर होना, लगातार अकेले रहना तो सचेत हो जाएं और उससे बात करने का प्रयास करें। उन्हें सुनें और अपने आसपास के नैदानिक मनोवैज्ञानिक या मनोचिकित्सक को दिखाएं।
तीन महीने तक लगातार दिखें ये लक्षण तो हो जाएं सचेत
घबराहट होना ।
किसी काम में मन न लगना।
अकेले रहना।
किसी से मिलने का मन न करना।
मन उदास रहना।
सब कुछ खत्म हो गया जैसे विचार आना