: रेट सलेक्शन कमेटी पहुंचा जूते से जीएसटी को 12 से घटाकर 5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव
Thu, Sep 12, 2024
आगरा। सरकार के शासनादेश के अनुसार जीएसटी काउंसिल की फिटमेंट कमेटी ने घरेलू जूते पर जीएसटी को 12 से घटाकर 5 प्रतिशत की मांग को स्वीकार कर लिया है। पेश किए तथ्यों को पर गौर करते हुए कमेटी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से माना कि 1000 रुपए के कम कीमत के जूतों पर जीएसटी 5 प्रतिशत होना चाहिए। प्रस्ताव को पास कर रेट सलेक्शन कमेटी को भेज दिया है।
आगामी 25 सितम्बर को विशेष बैठक बुलाई गई है जिसमें फैडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा को भी साक्ष्यों के साथ बुलाया गया है। विजय सामा ने कहा कि यह सब राज्य वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के प्रयासों के कारण सम्भव हो सका है। उन्हीं के सहयोग से आगरा के उद्योग जूता व्यापार को आक्सीजन मिलने की उम्मीद जागी है। हर गरीब मजदूर, दलित, मध्यमवर्गीय की आवाज सुरेश खन्ना जी बने हैं। यह हमारे लिए खुशी की बात है और पूरा फैडरेशन सुरेश खन्ना जी का आभारी है। विजय सामा ने फैडरेशन के सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि हमने संगठित होकर अपनी मांग को मजबूती से रखा, इसी कारण हम अपनी बात को केन्द्र सरकार तक पहुंचाने में सफल हो सके। उम्मीद है जल्दी ही हमारी मांग को स्वीकार भी कर लिया जाएगा।
: जनकपुरी में आईएमए पांच दिन लगाएगा जागरूकता शिविर
Thu, Sep 12, 2024
आगरा। कोठी मीना बाजार, शाहगंज में आयोजित होने जा रहे जनकपुरी महोत्सव में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) आगरा द्वारा 5 दिन तक जागरूकता व स्वास्थ शिविर लगाया जाएगा। जिसमें जनकपुरी महोत्सव के दौरान आवश्यकता पड़ने पर मरीजों की जांच व परीक्षण के साथ जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कोठी मीना बाजार के आस-पास के क्षेत्र के अस्पतालों में आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को इलाज मुहैया कराया जाएगा। यह निर्णय आज जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति व आईएमए के पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया। इस अवसर पर डॉक्टर संध्या जैन अनिल अग्रवाल सुधा बंसल राजेंद्र बंसल, अरुण चतुर्वेदी, दीपक गोयल, डॉ. जेएन टंडन डॉक्टर संजय सिंह डॉक्टर अलका सेन डॉक्टर संदीप फौजदार डॉक्टर ऋषि बंसल आदि मौजूद थे।
: जनकपुरी के विकास कार्यों में बाधा बनी बारिश
Thu, Sep 12, 2024
जनकमहल का काम प्रभावित, बल्लियां लगाने का काम रुका
त्रिपाल लगाकर तैयार किए जा रहे थर्माकॉल के फ्रेम
आगरा। जनकपुरी महल व क्षेत्र में किए जाने वाले विकास कार्यों के लिए बारिश बाधा बन गई है। लगातार बारिश होने से क्षेत्र के विकास कार्य व जनक महल निर्माण कार्य रुक गया है। कोठी मीना बाजार मैदान में जगह-जगह पानी भर गया है, जिससे जनक महल के लिए की गई समतल भूमि में फिर गड्ढे बन गए हैं। वहीं क्षेत्र में नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले नाली, खरंजे व सड़क निर्माण कार्य भी नियमित नहीं हो पा रहा है।
श्रीजनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जनकपुरी महल के मंच का निर्माण शुरु कर दिया गया था, जो दो दिन से लगातार बारिश के कारण प्रभावित हो गया है। परन्तु निर्धारित समय पर जनक महल तैयार करने के लिए त्रिपाल डाल कर थर्माकॉल फ्रेम तैयार किए जा रहे हैं। जिससे बारिश बंद होने पर तुरन्त तेज गति से काम शुरु हो सके और समय पर जनकमहल बनकर तैयार हो जाए। वहीं जनक महल सजने की जगह पर जमीन को समतल बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा कंक्रीट वाला मलवा एकत्र कर दिया गया, जिसे बारिश रुकते ही गड्ढों वाली जगह पर डाल कर जेसीबी द्वारा समतल किया जाएगा।
जनकपुरी आयोजन समिति ने किया जनक महल स्थल का निरीक्षण
आगरा। आयोजन समिति के सदस्यों ने जनकपुरी महल स्थल का निरीक्षण किया। कहा कि बारिश के कारण बेशक काम में कुछ विलम्ब हो रहा है, लेकिन क्षेत्रीय लोगों व समिति के सभी सदस्यों का उत्साह और उमंग श्रीराम की सेना की तरह है। जो जनकपुरी महोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। इस अवसर पर मुख्य रूप से अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, संयोजक, गौरव राजावत, राहुल चतुर्वेदी, हेमन्त भोजवानी, अनुराग उपाध्याय, महामंत्री राहुल सागर, मुनेन्द्र जादौन, मीडिया प्रभारी राजीव शर्मा नौजूद थे।