: शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से स्वस्थ बनाता है योग
Wed, Sep 11, 2024
एसीई ग्रुप ऑफ कालेज में योग पर गोष्ठी आयोजित कर विद्यार्थियों को योग के लिए किया प्रेरित
आंखों को स्वस्थ रखने के साथ अवसाद और तनाव को दूर रखने का योग भी सिखाया
आगरा। योग का अर्थ है जुड़ना। शरीर, दिमाग और आत्मा को एक दूसरे के कनेक्ट करना है योग। हठ योग के अनुसार आत्मा से परमात्मा से मिलना है योग। एसीई ग्रुप ऑप कालेज में योग पर आयोजित गोष्ठी में विद्यार्थियों को योग की व्याख्या समझाते हुए योग एक्सपर्ट भावना शर्मा ने यह बात कही। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष कालेज के चेयरमैन संजय गर्ग, कोकिला गर्ग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का स्वागत कालेज के निदेश संयम अग्रवाल ने किया।
संजय गर्ग ने कहा कि तन, मन और दिमाग स्वस्थ रहेगा तभी देश की युवा पीढ़ी देश को विकास की ओर अग्रसर कर सकती है। भावना शर्मा ने बताया कि सम्पूर्ण रूप से स्वस्थ बनाता है योग। मानसिक, शारीरिक ही नहीं सामाजिक रूप से भी स्वस्थ बनाता है। कोई देखने में हष्ठ पुष्ट है तो इसका अर्थ यह नहीं कि वह स्वस्थ है। यदि आपकी निर्णय लेने की क्षमता और आपकी सोच अच्छा नहीं और नकारात्मकता है तो आप स्वस्थ नहीं है। इस समस्या से योग ही दूर कर सकता है। योग को बचपन से ही अपनाना चाहिए।
हमारा शरीर एक इमारत की तरह है। इसकी नींव अच्छी होगी तभी लम्बे समय तक मजबूती से टिक पाएगी। युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, यदि वह मानसिक, शारीरिक व सामाजिक स्तर पर स्वस्थ होंगे तभी हमारा देश भी सुदृढ़ रह पाएगा। ज्ञान, आदि मुद्रा अवसाद और तनाव से दूर रखने में काफी मदद करती है। कम्प्यूटर और मोबाइल के युग में खुद को स्वस्थ रखने के लिए भी योग सिखाया। हमारे शरीर से चार स्तम्भ हैं स्टेमिना, स्ट्रैंथ, स्टेबिलिटी और स्ट्रैचिंग के बारे में बताया। इन चारों स्तम्भ को मजबूत रखने के लिए योग आवश्यक है। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्राचार्य शोभिता, रितिका, नवीन आदि उपस्थित थे।
: केसरिया श्रंगार में श्रीवरद वल्लभा महागणपति ने दिए दर्शन, कल होगा मेवा का श्रंगार
Tue, Sep 10, 2024
आगरा− फिरोजाबाद रोड स्थित श्रीवरद वल्लभा मंदिर में दक्षिण भारतीय पूजन पद्वति से मनाया जा रहा है गणेश चतुर्थी महोत्सव
प्रतिदिन सैंकड़ों भक्त ले रहे दर्शन लाभ, आरती के समय उमड़ रहा आस्था का सैलाब
संध्या काल मंदिर के बाहरी परिक्षेत्र की गयी विद्युत सजावट करती है आकर्षित
आगरा। शहर में एकमात्र दक्षिण भारतीय पूजन पद्वति का अनुसरण करने वाला श्रीवरद वल्लभा मंदिर गणेश उत्सव के पावन दिनों में आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
मंगलवार को श्रीगणेश चतुर्थी महोत्सव के चौथे दिन श्रीवरद वल्लभा महागणपति जी ने भक्तों को केसरिया श्रंगार से श्रंगारित होकर दर्शन दिए। भगवा रंग की धाेती, अष्टकोणिय तिलक, केसरिया फूलबंगला और स्वर्ण आभूषण से सुशाेभित गजानन अपनी अप्रतिम सौंदर्य आभा से भक्तों को निहाल कर रहे थे। चतुर्थ दिवस का नित्य अभिषेक राकेश गर्ग और हवन सेवा दीपक गर्ग की ओर से रहा।
मंदिर परिक्षेत्र में की गयी आकर्षक विद्य़ुत सजावट दूर से ही भक्तों को अपनी ओर खींचती है। मंदिर में प्रवेश करते हुए शांति की अनुभूति और फिर अपने आराध्य के दर्शन कर आध्यात्मिक प्रगति स्वयं ही प्राप्त होती है।
मंदिर संस्थापक हरिमोहन गर्ग ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन पूजन पद्वति दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार ही होती है। उत्सव के दिनों में ये पूजन प्रकार लोगों को आकर्षित करता है। उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रतिष्ठित प्रतिमा का महाभिषेक 11 द्रव्यों से किया जाएगा। इसके बाद मेवा का श्रंगार होगा।
: करें वृद्धों का सम्मान तो स्वयं खुश हो जाएंगे भगवान
Tue, Sep 10, 2024
स्वास्तिक वेलफेयर ट्रस्ट ने की राधाष्टमी पर वृद्धजन सेवा
भोजन प्रसादी संग वृद्धाें ने लिया राधारानी के भजनों का आनंद
वृद्धाश्रम की गौशाला में की गयी गौसेवा और लगवाए गए पौधे
आगरा। श्रीकृष्ण की आराध्य शक्ति राधा रानी के प्रेम और सेवा के आदर्शाें को अपनाते हुए स्वास्तिक हैंडराइटिंग वेलफेयर ट्रस्ट ने राधाष्टमी पर वृद्धजन, गौ और पर्यावरण सेवा की। कैलाश मंदिर रोड, सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में रहने वाले 350 बुजुर्गों और मानसिक दिव्यांगों के साथ राधाष्टमी उत्सव मनाया। सर्वप्रथम यमुना मैया के तट पर ठाकुर श्रीकृष्ण और राधारानी के चित्र के समक्ष दीपदान किया गया। इसके बाद वृद्धाें के लिए पकवान भाेजन की व्यवस्था की गयी। ट्रस्ट की सदस्याओं ने सभी वृद्धों को भाेजन परोसा और इसके बाद सभी ने राधारानी के भजनों का जमकर आनंद लिया। वृषभान दुलारी राधे रानी…राधे किशाेरी दया करो…जैसे भजनों से वृद्धाश्रम में भक्तिमय माहौल बन गया और मायूस वृद्धों के चेहरों पर अपनत्व की मुस्कुराहट छा गयी।
अध्यक्ष विनीता मित्तल ने बताया कि संस्था हर माह गौ सेवा और पर्यावरण सेवा भी करती है। जिसके अंतर्गत वृद्धाश्रम की गौशाला में चारे की व्यवस्था की गयी और परिसर में 11 छायादार और फलदार पौधे रोपित किये गए। कार्यक्रम में अध्यक्ष विनीता मित्तल, सचिव श्रुति दास, कोषाध्यक्ष रुचि सिंघल, पल्लवी अग्रवाल, रेनू सिंह, गीता सैनी, शिखा गौतम, तनु गुप्ता, मधुलिका सिंह, निधि गाबा, अंजली अग्रवाल, एकता अग्रवाल, आकृति अग्रवाल, ज्योतिषा मित्तल आदि उपस्थित रहीं।