: निक्षय वाहन से टीबी रोकथाम का संदेश घर-घर तक
Fri, Jan 10, 2025
जिलाधिकारी ने टीबी जागरूकता के लिए निक्षय वाहन किया रवाना
निक्षय वाहन एक मोबाइल यूनिट के रूप में घर-घर जाकर लोगों को टीबी के प्रति करेगा जागरूक
आगरा। जिलेभर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहचान और उपचार के लिए 100 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत 31 दिसंबर से की जा चुकी है, ये अभियान 24 मार्च 2025 तक चलेगा। इसी क्रम में शुक्रवार को कैंप कार्यालय से जिलाधिकारी अरविन्द मल्लपा बंगारी (आईएएस) ने टीबी जागरूकता के लिए निक्षय वाहन की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य लोगों को टीबी के लक्षणों, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना है। निक्षय वाहन एक मोबाइल यूनिट के रूप में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगा और उन्हें टीबी के बारे में जानकारी प्रदान करेगा ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव द्वारा अपने संबोधन में टीबी हारेगा देश जीतेगा से शुरुआत करते हुए कहा कि सभी लोग 100 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाए ताकि आने वाले समय में आपके शहर व गांव सहित ग्राम पंचायत को टीबी जैसी बीमारी से मुक्त किया जा सके। निक्षय वाहन के माध्यम से टीबी की रोकथाम के लिए घर-घर तक जागरूकता के संदेश दिए जाएंगे।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि यह वाहन जन जागरूकता के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न हिस्सों में घूमेगा और टीबी के बारे में जानकारी प्रदान करेगा साथ ही निक्षय वाहन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें शामिल हैं टीबी की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है, शुगर की जांच की सुविधा उपलब्ध है, एचआईवी की जांच की सुविधा उपलब्ध है, ब्लड प्रेशर की जांच की सुविधा उपलब्ध है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए CY-टीबी जांच व 16 चैनल वाले टूनाट मशीन से टीबी के संभावित मरीजों की तुरंत एक्स रे कर जांच एवं उपचार किया जाएगा।
निक्षय वाहन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं,
टीबी की जांच और उपचार
शुगर की जांच
एचआईवी जांच
ब्लड प्रेशर की जांच
टूनाट मशीन से टीबी जांच
सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे
: 45 वर्ष बाद श्री मनः कामेश्वर नाथ मंदिर मठ का प्रयागराज महाकुंभ में लगने जा रहा है शिविर
Fri, Jan 10, 2025
घोड़े, ऊंट और गणेश जी की सवारी संग बाबा मनः कामेश्वर नाथ का डोला प्रयागराज को रवाना
प्रदोष काल में होगा नगर प्रवेश
आगरा। ऊंट, घोड़े, ढोल-ताशे और बम भोले की जय जयकार। आगरा से लेकर प्रयागराज तक गूंजती हुयी चली, बाबा मनः कामेश्वर नाथ की सवारी चली… 45 वर्ष बाद आगरावासियों के गौरवांवित होने का अवसर प्रदान करते हुए श्रीमनः कामेश्वर मंदिर मठ का महाकुंभ में लगने जा रहे शिविर के लिए आगरा से बाबा के डोले ने धूमधाम के साथ प्रस्थान किया।
शुक्रवार को वैदिक विधान पूजन संग महंत योगेश पुरी ने श्रीमनः कामेश्वर नाथ बाबा की आरती उतार कर डोले को प्रस्थान करवाया। डोले की अगुवायी प्रथम पूज्य गणेश जी की सवारी कर रही थी। सवारी से आगे ऊंट, घोड़े चल रहे थे। एक दर्जन बैंड बाजों के साथ श्रीमनः कामेश्वर बाबा के स्वरूप के डोले ने नगर भ्रमण किया। दरेसी, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, बेलनगंज, छत्ता बाजार होते हुए बाबा का डोला प्रयागराज महाकुंभ के लिए प्रस्थान कर गया। आगरा से करीब 50 वाहन श्रद्धालुओं को लेकर साथ-साथ गए। डोले के संग श्रद्धालु झूमते गाते हुए नगरवासियों को महाकुंभ का आमंत्रण देते हुए चले।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि संगम नगरी प्रयागराज में 13 जनवरी से महाकुंभ की शुरूआत होने जा रही है। 13 जनवरी से महाकुंभ शुरू होगा और 26 फरवरी तक चलेगा। 1980 के बाद ये पहला अवसर है जब आगरा से श्रीमनःकामेश्वर मंदिर मठ का शिविर महाकुंभ में लग रहा है। डेढ़ महीने तक चलने वाले महाकुंभ में गंगा-यमुना और सरस्वती के त्रिवेणी संगम पर आस्था की डुबकी लगाने के लिए सभी नगरवासी आमंत्रित हैं।
वैदिक विधान से होगी बाबा की स्थापना
महंत योगेश पुरी ने बताया कि श्रीमनःकामेश्वर बाबा का डोला शनिवार को प्रदोष काल में संगम नगरी में प्रवेश करेगा। द्वार एवं कुंभ पूजन मंगलाचरण और वैदिक मंत्रों के साथ नगर प्रवेश होगा। बाबा के स्वरूप एवं ध्वज की प्रतिष्ठा की जाएगी। प्रतिदिन रुद्रार्चन एवं पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक होगा।
निःशुल्क रहेगी भोजन व्यवस्था
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि महाकुंभ के दौरान लगने वाले मंदिर के शिविर में दो समय का भोजन एवं नाश्ता पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। महाकुंभ विश्व का सबसे बड़ा आयोजन है, इसलिए महाकुंभ में संस्कृत भाषा का अधिक से अधिक प्रचार मठ द्वारा किया जाएगा।
शिविर की ये रहेगी विशेषता
महाकुंभ में श्रीमनःकामेश्वर मंदिर मठ का शिविर संगम स्थल प्लाट नंबर 50, सेक्टर 9 में लगा है। शिविर को 100 गुना 150 वर्गफीट में तैयार किया गया है। शिविर में 50 बिस्तर की डोरमेट्री के साथ बाबा का भव्य मंदिर होगा। सत्संग हॉल में मंदिर के महंत योगेश पुरी विराजमान रहेंगे और यहीं संत-महात्माओं के बैठने के स्थान के साथ आध्यात्मिक परिचर्चा होगी। भोजनालय भी बनाया गया है। भोजन के लिए सभी सामग्री से भरा ट्रक गुरुवार को ही प्रस्थान कर गया था। 20 से 25 सेवायत हर समय उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही आगरा के चिकित्सकों का दल भी समय-समय पर अपनी सेवाएं देगा।
: श्रीखाटू श्याम जी मंदिर में स्कैनर क्यूआर कोड सेवा शुरू
Fri, Jan 10, 2025
मंदिर दान में पारदर्शिता लाने के लिए आरंभ की गयी क्यूआर कोड सेवा
पुत्रदा एकादशी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, फूल बंगले में विराजे बाबा
आगरा। पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर श्रीखाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पावन तिथि पर स्कैनर क्यूआर कोड की सुविधा का शुभारंभ किया गया।
रंग बिरंगे फूलों के मध्य विराजे श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए वर्ष 2025 की पहली एकादशी पर श्रद्धालुओं का तांता पूरे दिन लगा रहा। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के मध्य दान दक्षिणा के लिए पारदर्शिता रहे एवं किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े इसके लिए क्यूआर कोड स्कैनर की शुरुआत की गयी।
अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने बताया कि इस नवीन सुविधा के माध्यम से भक्तजन मंदिर से जुड़ी जानकारी, दान प्रक्रिया और अन्य सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे। शुभारंभ के अवसर पर श्रीखाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल, हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, कृष्णा पंडित, साउथ इंडिया बैंक की ब्रांच मैनेजर पायल मलिक आदि उपस्थित रहीं।