: आईपीएल 2025 का रोमांच अब आगरा में 24 और 25 मई को जीआईसी ग्राउंड में होगा फैन पार्क का आयोजन
Fri, May 23, 2025
आगरा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए ख़ुशी की बात है कि इस बार टाटा आईपीएल 2025 अपने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ने को तैयार है और इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आईपीएल फैन पार्क का आयोजन इस बार पहले से कहीं ज्यादा भव्य, जोशीला और दिलचस्प होने वाला है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित यह अनूठा फैन पार्क देशभर के 50 शहरों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें से एक गर्व से आगरा भी है। आगरा के क्रिकेट प्रेमियों को यह सुनहरा अवसर मिलेगा कि वे 24 और 25 मई को जीआईसी ग्राउंड, आगरा में फैन पार्क का हिस्सा बनें और लाइव मैचों का आनंद जायंट स्क्रीन पर उठा सकें।
फैन पार्क में न केवल रोमांचक क्रिकेट एक्शन देखने को मिलेगा, बल्कि फेस पेंटिंग, सीटियाँ, चीयरिंग, मस्ती, पागलपंती और फैन्स के लिए ढेरों मजेदार स्टंट्स भी होंगे। एंट्री फ्री है, जिससे कोई भी फैन इस अनुभव से वंचित नहीं रहेगा।
मौके पर म्यूज़िक, मर्चेंडाइज, फूड स्टॉल्स, और आधिकारिक आईपीएल स्पॉन्सर्स की खास एक्टिविटीज़ भी होंगी जो इस अनुभव को और भी खास बना देंगी। फैन पार्क का उद्देश्य है कि हर क्रिकेट प्रेमी को ऐसा महसूस हो जैसे वे स्टेडियम में ही बैठकर अपनी पसंदीदा टीम को चीयर कर रहे हों।
इस आयोजन को सफल बनाने में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस आयोजन की जानकारी देते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने बताया कि, "हम आगरा वासियों को यह बेहतरीन अनुभव दिलाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस बार आईपीएल का जादू हर किसी पर चढ़कर बोलेगा।"
साथ ही, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के आजीवन सदस्य पूरन डावर ने भी बताया कि, "इस तरह के आयोजनों से न केवल शहर के क्रिकेट प्रेमियों को खुशी मिलती है बल्कि युवाओं में खेल भावना को भी बढ़ावा मिलता है।"
: स्नान यात्रा में श्रीहरि का पंच नदियों के जल व पंचगव्य के 251 कलशों से होगा अभिषेक
Thu, May 22, 2025
श्रीजगन्नाथ मंदिर द्वारा 11 जून को आयोजित किया जाएगा श्रीजगन्नाथ महाभिषेक (स्नान यात्रा) महोत्सव
बहन सुभद्रा व भाई बलराम संग गजानन स्वरूप में दर्शन देंगे भगवान जगन्नाथ, इसके उपरान्त 15 दिन तक रहेंगे मंदिर के पट बंद
आगरा। 11 जून को स्नान यात्रा (जगन्नाथ जी के प्राक्ट्योत्सव) में पंच नदियों के जल व पंचगव्य से विधि विधान के साथ भगवान जगन्नाथ का अभिषेक किया जाएगा। इस मौके पर भगवान जगन्नाथ बहन सुभद्रा व भाई बलराम संग गजानन स्वरूप में दर्शन देंगे। 11 जून को श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन), कमला नगर द्वारा श्रीजगन्नाथ महाभिषेक स्नान यात्रा महोत्सव का आयोजन महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में किया जाएगा। यह जानकारी इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने मंदिर परिसर में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में दी।
सभी भक्तों को महोत्सव के लिए आमंत्रित करते हुए जानकारी दी कि 11 जून को मंगला आरती व राज भोग के उपरान्त श्रीजगन्नाथ भगवान शोभायात्रा मृदंग और मंजीरों संग हरि कीर्तन करते हुए महाराजा अग्रसेन भवन के लिए प्रस्थान करेगी। जहां षोड़श उपचार (16 प्रकार की सामग्री भगवान को अर्पित करने) के बाद भगवान का पंच नदियों के जल, पंचामृत, पंचगव्य व फलों के रस के 251 कलशों से अभिषेक होगा। अभिषेक के उपरान्त गजानन स्वरूप में भगवान का श्रंगार सतरंगी पोशाक व पुष्पों से किया जाएगा। इस अवसर पर उड़ीसा के भक्तों द्वारा भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
समाजसेवी नितेश अग्रवाल ने बताया कि भगवान का श्रंगार भक्तों द्वारा तैयार पोशाक से व भोग भक्तों द्वारा घरों में तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों से लगाया जाएगा। 11 जून के बाद श्रीजगन्नाथ मंदिर के पट भक्तों के लिए बंद हो जाएंगे। इसके उपरान्त भगवान लगभग 15 दिन बाद भक्तों को नयन उत्सव में दर्शन देंगे। 26 जून को नयन उत्सव व 27 जून को बल्केश्वर महादेव महादेव मंदिर से भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कान्ता प्रसाद अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, राहुल बंसल, आशु मित्तल, नवीन सिंघल, विकास बंसल (लड्डू भाई), शैलेश बंसल, अनूप अग्रवाल, विभु सिंघल, दिनेश अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, विपिन अग्रवाल, सूरज प्रभु, अदिति गौरांगी आदि उपस्थित थे।
11 जून को यह होंगे कार्यक्रम
हरिनाम संकीर्तन - दोपहर 1 बजे
महाभिषेक - दोपहर 2 से 6 बजे
प्रवचन - सायं 6 बजे
सांस्कृतिक कार्यक्रम - सायं 7 बजे
महाआरती - सायं 8 बजे
महाप्रसादी - सायं 8 बजे से 10 बजे
: मनपसंद साधन चुनें, परिवार नियोजन में भागीदार बनें
Tue, May 20, 2025
आज मनाया जाएगा खुशहाल परिवार दिवस
गर्भनिरोधक साधन अपनाने से खुशहाल होता है परिवार
आगरा । परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत समुदाय में परिवार नियोजन के बारे में जागरूकता लाने तथा स्वीकार्यता बढ़ाने को लेकर जनपद में हर माह की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाता है। सभी शहरी व ग्रामीण स्वास्थ्य इकाइयों पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस में लक्ष्य दंपत्ति को परिवार नियोजन की सेवा एवं परामर्श दिया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थाई साधनों को अपनाने के लिये प्रेरित किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन के स्थाई व अस्थाई साधनों के बारे में शिक्षित करना हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लक्ष्य दंपत्ति से अपील करते हुए कहा है कि अगर आपका परिवार पूरा हो गया है और आपको बच्चा नहीं चाहिए तो खुशहाल परिवार दिवस के अवसर पर नजदीकी स्वास्थ्य इकाई में जाकर अपना मनपसंद साधन चुनें और परिवार नियोजन में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन के प्रति आसपास के लोगों को भी जागरूक करने में सहयोग करें क्योंकि गर्भनिरोधक साधन को अपनाने से परिवार स्वस्थ और खुशहाल बनता है।
परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर ऐसी महिलाएं जिनका प्रसव विगत एक वर्ष में हुआ है और वह उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली (एचआरपी) की श्रेणी में रही हैं, नव विवाहित दम्पति जिनका विवाह विगत एक वर्ष में हुआ हो ,योग्य दंपत्ति जिनके तीन या उससे अधिक बच्चे हों, ऐसे लोगों को परिवार नियोजन के साधन अपनाने के बारे में जागरूक किया जाएगा। परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ने बताया कि परिवार नियोजन के काउंसलर खुशहाल परिवार दिवस पर आने वाले दम्पति व अन्य लोगों को परिवार नियोजन के साधनों के बारे जानकारी देते हुए उन्हें इसे अपनाने के लिये प्रेरित करेंगे। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। खुशहाल परिवार दिवस पर परिवार नियोजन के बास्केट ऑफ च्वॉइस, स्थायी व अस्थायी साधनों की जानकारी, भ्रांतियों को दूर करने, सेवाओं की उपलब्धता ,स्वीकार्यता ,प्रोत्साहन राशि की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने अपील करते हुए कहां है कि खुशहाल परिवार दिवस पर परिवार नियोजन के साधनों को अपनाकर अपने परिवार को स्वस्थ बनाएं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछनेरा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस का उद्देश्य परिवार नियोजन के महत्व को बढ़ावा देना और लोगों को इसके बारे में जागरूक करना है। इस दिवस के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के साधनों के बारे में जानकारी दी जाती है और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा लक्ष्य दंपत्ति के परिवारों को छोटा व स्वस्थ रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
खुशहाल परिवार दिवस के मुख्य उद्देश्य
परिवार नियोजन के महत्व को बढ़ावा देना।
लोगों को परिवार नियोजन के साधनों के बारे में जागरूक करना।
परिवारों को छोटा और स्वस्थ रखने के लिए प्रोत्साहित करना।
मातृ और शिशु मृत्यु दर को कम करना।
परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना।