: 14 जुलाई से पवित्र श्रावण मास में होगा नवदिवसीय गौ महिमा महोत्सव
Thu, Jun 19, 2025
सूरसदन में बहेगी शिवमहापुराण की पावन कथा गंगाधारा, अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पूज्य श्री रसराज जी करेंगे शिवमहापुराण कथामृत की वर्षा
काशी के विद्वानों द्वारा होगा सवालाख पार्थिव रुद्राभिषेक पूजन एवं नित्य गौ आराधना व गोदान
अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भजन गायक बाबा चित्र विचित्र एवं साध्वी पूनम दीदी करेंगी रसमयी भजन प्रस्तुति
देशभर से पधारेंगे गौ वैज्ञानिक, देंगे गोसेवकों को गोपालन, जैविक कृषि एवं गौ उत्पाद निर्माण प्रशिक्षण
आगरा। अनंतकोटी ब्रह्माण्ड नायक भक्तवत्सल भगवान् श्रीगौरीशंकर की महती करुणा एवं कृपा से श्रावण मास के पवित्र अवसर पर परमपूज्य श्रीमज्जगद्गुरु द्वाराचार्य अग्र- मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्र दास देवाचार्य महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद तथा आपके कृपापात्र परम गौ उपासक पूज्य संत गोपेश कृष्णदास (गोपेश बाबा) के परम मार्गदर्शन, संरक्षण एवं नित्य सानिध्य में भारतीय देशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्द्धन के निमित्त हिन्दू जनजागरूकता एवं एकजुटता के ध्येय के साथ भगवान् शिव की पावन भूमि आगरा महानगर में नवदिवसीय गौ महिमा महोत्सव का समायोजन किया जा रहा है। यह दिव्य महोत्सव सूरसदन सभागार में आयोजिता किया जाएगा। इस महोत्सव में नित्य शिवमहापुराणकथा, सवालाख पार्थिव रुद्राभिषेक, विशिष्टसंत आशीर्वचन, भजनसंध्या तथा नित्य गोविज्ञान विद्वत संगोष्ठी एवं विविध गौ आध्यात्मिक कार्यक्रमों का समायोजन किया जाएगा।
परमपूज्य श्रीमज्जगद्गुरु द्वाराचार्य मलूकपीठाधीश्वर श्रीराजेंद्र दास जी महाराज के परम कृपापात्र पूज्यश्री रसराज जी महाराज अपनी अमृतमयी दिव्य वाणी से सभी आगरावासियों को शिवमहापुराण की रसमयी कथामृत का पान करायेंगे। नवदिन तक चलने वाले इस आयोजन में रसराज जी शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों पर जनकल्याणार्थ एवं गोरक्षार्थ मार्मिक विवेचन करेंगे।
इस दिव्य गौ महिमा महोत्सव का शुभारंभ विशाल मंगल कलश यात्रा से किया जाएगा जिसमें आगरा नगर की 1500 श्रद्धालु महिलाएँ सहभागी होंगी। इस विशाल शोभायात्रा द्वारा नगरवासियों को इस महोत्सव से जोड़ा जाएगा एवं सभी को इस कथा में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रत्येक दिन मानवता के हित में देश भर से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संत महापुरुष आगरा के भक्त-श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे और गौ माता की सेवा-पूजा की प्रेरणा संग गौ महिमा का उपदेश करेंगे।
काशी के विद्वानों द्वारा होगा सवालाख पार्थिव रुद्राभिषेक पूजन एवं नित्य गौ आराधना व गोदान
श्रावण मास के पवित्र अवसर पर होने जा रहे इस महोत्सव को दिव्य बनाने एवं नगरवासियों को महादेव की महती कृपा प्रदान कराने के उद्देश्य से काशी के विद्वान आचार्यों के द्वारा यजमानों को प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंग के अभिषेक का अवसर प्राप्त होगा। कुल सवालाख पार्थिव शिवलिंगों का अभिषेक होगा। इसी क्रम में नित्य वैदिक पद्धति से गौ समाराधना भी चलेगी जिसमें नित्य गौ पूजन व गोदान होगा।
देशभर से पधारेंगे गौ वैज्ञानिक, देंगे गोसेवकों को गोपालन, जैविक कृषि एवं गौ उत्पाद निर्माण प्रशिक्षण
इस गौ महिमा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन आम गोपालकों एवं किसानों को आर्थिक रूप से लाभान्वित करने की दृष्टि से शिक्षित व प्रशिक्षित किया जाएगा। देशभर से गौ वैज्ञानिक एवं गौ उत्पाद व्यवसायी पधारेंगे जो गोसेवकों को पंचगव्य उत्पाद निर्माण, गो आधारित चिकित्सा एवं जैविक कृषि तथा गोपालन एवं गोशाला प्रबंधन की शिक्षा देंगे।
पूज्य श्री गोपेश बाबा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में सम्पूर्ण होगा गौ महिमा महोत्सव
गौ महिमा महोत्सव का यह दिव्य आयोजन प्रसिद्ध गोरक्षक बाबा गोपेश कृष्ण दास जी महाराज के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में सम्पूर्ण होगा। पूज्य गोपेश बाबा के नेतृत्व में देशभर में लगभग 15000 गोरक्षक नित्य गोसेवा एवं गोरक्षा में लगे हुए हैं। देशभर में लगभग 2 लाख गायों की सेवा गोपेश बाबा के द्वारा की जाती है ।
जन जागरूकता हेतु संतों- महंतों संग अतिथिवन में समाजसेवी आयोजकों व गोसेवकों ने किया गौ महिमा महोत्सव का आमंत्रणपत्र जारी
इस आयोजन की तैयारी के साथ-साथ प्रचार-प्रसार भी शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में गुरुवार को अतिथिवन में आगरा और वृंदावन के संतों-महंतों संग समाजसेवी आयोजकों व गोसेवकों द्वारा भक्ति और सेवा भाव के साथ जन जागरूकता के लिए इस आयोजन के आकर्षक आमंत्रण पत्र विमोचन किया गया।
इस दौरान श्री धाम वृंदावन से सनातन केसरी जी महाराज, अरविंद बाबा, आत्मानंद प्रभु, ऋषि रंजना गौड़ और विजय ओझा के साथ आगरा से पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले, सुमन गोयल, पूर्व पार्षद कुंदनिका शर्मा, आगरा पब्लिक स्कूल के चेयरमैन महेश शर्मा, नितेश अग्रवाल सर्राफ, हरिओम गोयल, विश्वनाथ भारद्वाज, वीके मित्तल, कुमकुम उपाध्याय, सुधीर आर्य, प्रवीण भारद्वाज, प्रशांत लवानिया, इंद्रदीप जैन, संजय श्रीवास्तव, नितेश बंसल, प्रियंका ठाकुर, राजेश दुबे, उमादत्त शर्मा, अरुण जैन, निर्मल जैन, पिंकी जैन और पूजा जैन, आलोक अग्रवाल (बीएम हॉस्पिटल) एवं पूर्व पार्षद अमित ग्वाला भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
: ललित कला संस्थान के रजत जयंती समारोह 'ललितोत्सव' में मुखरित होंगी ललित कलाएं
Thu, Jun 19, 2025
संस्थापक निदेशक प्रो. (डॉ.) चित्रलेखा सिंह के 80 वें जन्मदिवस पर आयोजित 'चित्रांजलि' प्रदर्शनी में उनके चित्रों में मुखर होगी रचनात्मकता और कल्पना संसार।
आगरा। डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय आगरा के ललित कला संस्थान के पच्चीसवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रजत जयंती समारोह 'ललितोत्सव' का आयोजन संस्कृति भवन स्थित संस्थान सभागार में 20 जून 2025 को सांय 4.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक किया जा रहा है। इस भव्य समारोह में आगरा के अलावा बाहर से भी कला मर्मज्ञ, कला समीक्षक और कलाकार पधार रहे हैं। मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी होंगी। विशिष्ट अतिथियों में मेवाड़ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अशोक कुमार गदिया और निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल, पूर्व सांसद डॉ. महेश चंद्र शर्मा, आईजी (बीएसएफ) मनोहर बाथम, चितकारा यूनिवर्सिटी के डीन डॉ. रंजन मलिक शामिल होंगे। स्वागत ललित कला संस्थान के *निदेशक प्रो. संजय चौधरी करेंगे।
शुरुआत दीप मल्लिका से होगी। इसके बाद 'चित्रांजली' का शुभारंभ होगा, जो ललित कला संस्थान की संस्थापक निदेशिका प्रो. (डॉ.) चित्रलेखा सिंह की जीवन यात्रा की एक गुंफित कला माला है। इससे संबंधित कैटलॉग भी लॉन्च किया जायेगा। उनकी एक "वेबसाइट का शुभारंभ* भी होगा। रसोत्सव कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) चित्रलेखा सिंह के ऊपर कनाडा के फिल्मकार मुनीर मानी निर्देशित 'सोल ऑफ़ कलर्स' डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म की स्क्रीनिंग होगी। 'मेरे सहयात्री मेरे पथ प्रदर्शक' नामक पुस्तक का विमोचन भी होगा। अभिनंदन ग्रंथ 'रंगों और रेखाओं की मेघा प्रो.(डॉ.) चित्रलेखा' के प्रकाशन की घोषणा होगी। जिसका संपादन डॉ. महेश चंद्र धाकड़ द्वारा किया जायेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम 'रसोत्सव' में हरिओम गंधर्व और साथी कलाकारों द्वारा 'पधारो म्हारे देश' संगीतमयी प्रस्तुति दी जाएगी। कुंजलता मिश्रा के निर्देशन में कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण पर केंद्रित ओडिसी नृत्य पेश किया जायेगा। प्रवीण परिहार द्वारा सुमिता शर्मा के निर्देशन में 'काव्य कथक नृत्य' की प्रस्तुति होगी। सोनू पहाड़िया का विशेष नृत्य और देवादित्य चक्रवर्ती का सितार वादन होगा। प्रो. राजेश सैनी द्वारा मूक अभिनय किया जाएगा।
प्रो. (डॉ.) चित्रलेखा सिंह ने बताया, "उन्होंने जीवन के 80 वर्षों की यात्रा को ललित कलाओं के लिए समर्पित किया है। आसपास के अनुभवों और संवेदनाओं को रचनात्मकता और कल्पना संग समेटा है, जो 'चित्रांजलि' प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों में महसूस होगा। ललित कलाओं को समर्पित 'विलेज ऑफ आर्ट' नए स्वरूप में कार्यों की शुरुआत करेगा, जो उनकी अब एक खास पहचान है।"
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में संस्थान के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार, संस्कार भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी नंद नंदन गर्ग, वरिष्ठ कलाकार डॉ. वंदिनी सकारिया भी थे।
: 50% महिला भागीदारी से ही साकार होगा आत्मनिर्भर भारत का सपना : विजया रहाटकर
Thu, Jun 19, 2025
राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष विजया रहाटकर ने डावर फुटवियर यूनिट का किया दौरा
"शक्ति संवाद - महिला कर्मियों की बात" कार्यक्रम के तहत महिला कर्मचारियों से की बातचीत
आगरा। "शक्ति संवाद - महिला कर्मियों की बात" कार्यक्रम के तहत बुधवार को डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज में एक विशेष आयोजन हुआ, जिसमें राष्ट्रीय महिला आयोग, भारत सरकार की माननीय अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने फैक्ट्री का दौरा कर वहां कार्यरत महिला कर्मचारियों से संवाद किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि फैशन और कपड़ा उद्योग के बाद जूता उद्योग देश का सबसे तेज़ी से बढ़ता क्षेत्र है, जिसमें रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि भारत में प्रति व्यक्ति फुटवियर की खपत दो से तीन जोड़ी तक है, जिससे स्पष्ट होता है कि यह क्षेत्र निरंतर प्रगति कर रहा है और भविष्य में और ऊंचाइयों को छूएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण हेतु चलायी जा रही योजनाओं जैसे जनधन योजना, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, आयुष्मान भारत और तीन तलाक कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं ड्रोन उड़ा रही हैं, "लखपति दीदी" बन रही हैं और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाएं हैं, इसलिए उद्योगों में उनकी भागीदारी भी समान रूप से 50 प्रतिशत होनी चाहिए तभी विकसित और आत्मनिर्भर भारत का हमारा सपना पूरा होगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद (DCFLI), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के चेयरमैन पूरन डावर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि इंडस्ट्री में महिलाओं की भागीदारी 50% तक हो। उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत में जूता उद्योग में 80-85% तक महिलाएं कार्यरत हैं, जबकि उत्तर भारत में यह आंकड़ा अभी बहुत कम है। उन्होंने कहा कि जूता उद्योग में अधिकांश कार्य महिलाएं आसानी से कर सकती हैं और केवल 1-3 महीने की ट्रेनिंग ही पर्याप्त है।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब नारी शक्ति को और अधिक मज़बूत किया जाए। इसके लिए आवश्यक है कि महिलाओं के कौशल विकास हेतु नियमित रूप से कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डेलिना खोंगदुप, संयुक्त सचिव बी. राधिका चक्रवर्ती, प्रधान निजी सचिव रामावतार सिंह, त्रिशूली क्रिएशंस की श्रुति कौल और पल्लवी महाजन की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
धन्यवाद ज्ञापन एफमैक उपाध्यक्ष गोपाल गुप्ता एवं राजेश सहगल ने किया। अतिथियों का स्वागत डावर फुटवियर के प्रबंधक राजीव मिश्रा एवं शालिनी शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के ब्रजेश शर्मा, अजय शर्मा एवं डॉ. राम नरेश शर्मा ने संभाली। कार्यक्रम का संचालन डॉ. तरुण शर्मा ने किया।