: अंतरिम बजट: कॉर्पाेरेट स्टार्टअप को मिलेगा लाभ, सौर ऊर्जा पर दिया बल
Fri, Feb 2, 2024
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी द्वारा पेश किया गया अंतरिम बजट 2024 एक मिला-जुला बजट रहा। वित्त मंत्री ने अपने बजट में पूर्व वर्षों में किए गए कार्यों का व्याख्यान किया। अंतरिम बजट होने के कारण टैक्स दरों में कोई बदलाव नहीं किए गए अर्थात टैक्स पेयर्स को कोई खास छूट प्रदान नहीं की गई। वित्त मंत्री ने बजट 2024 के माध्यम से टैक्स पेयर्स को वही छूट प्रदान की जो उन्होंने बीते वर्षों में प्रदान की थी जैसे कि नई कर प्रणाली में 7 लाख रुपए तक की छूट पूर्ण रूप से दी गई थी, उसमे कोई परिवर्तन नहीं किया गया।
सी.एस. भरत हासानी ने कहा कि सरकार द्वारा बजट 2024 के माध्यम से कॉर्पाेरेट स्टार्टअप्स को कुछ लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई और पेंशन फंड के निवेश को बढ़ाने का साहस दिखाया गया। इसके साथ ही 31 मार्च 2024 को समाप्त हो रही आईएफएससी इकाइयों की आय पर कर छूट को 31 मार्च.2025 तक बढ़ाया गया है। कंपनियों के मामले में मौजूद कॉरपोरेट टैक्स जो कि 22% और नए मैनुफेक्चरर्स कंपनियों के लिए 15% था, उसे ही सामान रखा गया, जिससे व्यापारिक संबंधों को स्थिरता मिले।
आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए बजट में, किसान, युवा, स्वास्थय, महिला और सौर ऊर्जा पर बल दिया गया। एक करोड़ परिवारों को 300 यूनिट नि:शुल्क बिजली रूफटॉप सोलराइजेशन द्वारा प्रदान करना, किसान उत्थान के लिए आधुनिक तकनीक और डेयरी उद्योग के उत्थान के लिए योजनाओं के साथ कुल मिलाकर अंतरिम बजट एक मिला-जुला चुनावी बजट के रूप में प्रस्तुत हुआ।
: 300 से ज्यादा एनकाउंटर वाले प्रशांत कुमार बने कार्यवाहक डीजीपी, योगी ने दी बधाई
Wed, Jan 31, 2024
उत्तर प्रदेश के डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार को बुधवार को कार्यवाहक डीजीपी पद पर नियुक्त किया गया है। दरअसल आपको बताते चलें कि बुधवार को कार्यवाहक डीजीपी विजय कुमार रिटायर हुए हैं। कार्यवाहक डीजीपी विजय कुमार के रिटायर होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार को कार्यवाहक डीजीपी बना दिया है। प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश के तेजतर्रार आईपीएस में से एक गिने जाते हैं।
नवागत कार्यवाहक डीजीपी प्रशांत कुमार 1990 बैच के आईपीएस हैं। और बिहार के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि नवागत कार्यवाहक डीजीपी प्रशांत कुमार सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के बेहद करीब और पसंदीदा भी है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश के मुखिया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार को कार्यवाहक डीजीपी बनाया है। कार्यवाहक डीजीपी प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश का एक ऐसा नाम जिसकी वजह से अपराधी थर-थर कांपते हैं।
नवागत कार्यवाहक डीजीपी प्रशांत कुमार ने उत्तर प्रदेश में 300 से ज्यादा एनकाउंटर किए हैं। विकास दुबे जैसे दुर्दांत अपराधियों का खात्मा करने वाले और यूपी में तहलका मचाने वाले प्रशांत कुमार को कार्यवाहक डीजीपी बनाया गया है। कार्यवाहक डीजीपी का चार्ज लेने के बाद प्रशांत कुमार सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने उनके आवास पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यवाहक डीजीपी प्रशांत कुमार को उनके उज्जवल भविष्य की बधाई दी। माना जा रहा है कि कार्यवाहक डीजीपी प्रशांत कुमार के चार्ज लेने के बाद अब प्रदेश की पुलिस की कार्यप्रणाली में अंतर आएगा और पुलिस व्यवस्था में बदलाव के साथ-साथ एक्शन भी नजर आएगा।
: डीएम ने जलनिगम अधिशासी अभियंता पर दिए कार्यवाही के निर्देश
Sat, Jan 27, 2024
आगरा। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति तथा वाणिज्य बंधु समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक में औद्योगिक क्षेत्र-फाउण्ड्री नगर, आगरा में प्रकाश व्यवस्था, सड़क निर्माण / मरम्मत, साफ-सफाई विषयक बिंदु पर विचार किया गया, जिसमें बताया गया कि टोरंट पॉवर के विद्युत पोल सड़क के बीच में आ रहे हैं। जिलाधिकारी ने टोरंट अधिकारियों से कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा डीवीवीएनएल के समन्वय से पोल हटाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम द्वारा उद्यमियों को दिए गए संपत्ति कर नोटिसों को निरस्त करने के प्रकरण पर अलग से नगरायुक्त की अध्यक्षता में बैठक कर समाधान के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज को वाटरवर्कस तथा भगवान टॉकीज फ्लाईओवर पर बसों के अभी भी ठहराव पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा जुर्माना लगाना तथा अन्य प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में सिकंदरा इंडस्ट्रियल साइट-सी में जल निगम द्वारा पाइप लाइन डालने के बाद समुचित रोड मरम्मत न करने तथा नए कनेक्शन में प्रगति न होने तथा बैठक से अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता के वेतन पर रोक लगाने तथा कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए।
वहीं वाणिज्य बंधु समिति की बैठक में बेलनगंज लोहे के पुल पर लाइटिंग की व्यवस्था सुचारू रूप से न होने से दुर्घटना की आशंका बने रहने के प्रकरण पर बताया गया कि रेलवे को कार्य आगणन/ड्राइंग प्रेषित किया गया है। स्वीकृत के बाद कार्य प्रारंभ किया जाएगा। नामनेर चौराहे पर डिवाइडर हटाने के प्रस्ताव पर यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि डिवाइडर हटाए जाने से समस्या समाधान नहीं होगा की रिपोर्ट दी गई। जिलाधिकारी ने एसीपी को मौके पर जाकर स्थिति देख कर ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में खतैना रोड लोहा मंडी थाने के बगल से जलकल विभाग द्वारा पाइप लाइन डालकर 04 माह से सड़क रीस्टोर न करने के प्रकरण में बताया गया कि सीसी डालकर मरम्मत कार्य करा दिया गया है, जल्द डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि संजय पैलेस में जनकपुरी आयोजन के बाद कुछ कार्य साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग के कार्य शेष रह गए थे जिन्हें अभी तक पूर्ण नहीं किया गया है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस हेतु आगणन तैयार किया गया है निविदा आदि का कार्य पूर्ण कर कार्य पूर्ण करा दिया जाएगा।
बैठक में पंकज अग्रवाल मंडल अध्यक्ष पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने बताया कि जेनरेटर उद्योग फाउंड्री नगर के व्यापारियों को बेलनगंज बाजार में सामान क्रय करने आना जाना रहता है लेकिन यमुना के लोहे के पुल पर दोनों तरफ भारी ट्रकों से आवागमन अवरुद्ध होने से व्यापार प्रभावित होता है। इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने एसीपी ट्रैफिक को मौके पर जाकर समस्या समाधान की कार्य योजना बनाने यातायात नियमित करने तथा वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए। पंकज अग्रवाल ने बताया कि मल्होत्रा नर्सिंग होम सामने एमजी रोड पर मार्ग में पोल होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल पोल हटाने के निर्देश दिए। बैठक में तिवारी गली रावतपाड़ा में सीवर की समस्या तथा एमजी रोड पर भिखारियों की समस्या को रखा, जिलाधिकारी ने संबंधित को इस हेतु जरूरी दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी वाणिज्य बंधुओं से पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्ण रोक लगाने तथा जन जागरूकता के प्रयास करने की सभी से अपील की।
बैठक में एडीए सचिव गरिमा सिंह, अपर नगरायुक्त सुरेन्द्र यादव संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, एसीपी ताज सुरक्षा अरीब अहमद , पंकज अग्रवाल, विजय सामा, आगरा व्यापार मंडल के सदस्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।