आगरा। कैलाश मेले के अवसर पर ॐ श्री शिव रूद्राक्ष सेवा समिति ट्रस्ट, आगरा द्वारा सावन के तीसरे सोमवार को पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर केयर हॉस्पिटल, सिकंदरा में 19वें विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन में आस्था, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। उज्जैन से आए 30 सदस्यीय श्री महाकाल डमरू दल की विशेष प्रस्तुति ने वातावरण को शिवमय बना दिया। डमरुओं की गूंजती थाप, हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं पर पुष्प एवं इत्र वर्षा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के संरक्षक डॉ. संदीप अग्रवाल ने भगवान शिव के स्वरूप की आरती एवं महाप्रसाद का भोग लगाकर किया। इसके पश्चात दिनभर शिवभक्तों के लिए भंडारा चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भव्य झांकी के दर्शन करने के साथ महाकाल डमरू दल की प्रस्तुति का आनंद लिया।
डमरुओं की थाप से गूंज उठा आयोजन स्थल
उज्जैन की महाकाल नगरी से आए 30 सदस्यीय डमरू दल ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। एक साथ गूंजती डमरुओं की थाप और भगवान शिव के जयकारों से पूरा आयोजन स्थल गुंजायमान हो उठा। समिति की ओर से दर्शनार्थियों पर पुष्प एवं सुगंधित इत्र की वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। फूलों की पंखुड़ियों और इत्र की फुहारों के बीच श्रद्धालु भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आए।
समिति के संस्थापक संदीप सिंघल एवं सह-संस्थापक सचिन गोयल ने कहा कि कैलाश मेला भगवान शिव की आराधना और श्रद्धा का पर्व है। समिति का प्रयास रहता है कि यहां आने वाला प्रत्येक शिवभक्त केवल दर्शन कर वापस न लौटे, बल्कि उसे ऐसा आध्यात्मिक एवं आत्मीय अनुभव मिले, जिसे वह लंबे समय तक याद रखे। उज्जैन के महाकाल डमरू दल की प्रस्तुति और पुष्प-इत्र वर्षा इसी भावना का हिस्सा रही।
विविध व्यंजनों की प्रसादी बनी आकर्षण का केंद्र
समिति के अध्यक्ष सौरभ वर्मा एवं महामंत्री अविनाश राणा ने बताया कि भंडारे में शिवभक्तों के लिए विविध प्रकार के व्यंजनों की व्यापक व्यवस्था की गई। हलवा, पूड़ी-सब्जी, जलेबी, खीर, कचौड़ी, पोहा, उपमा, छोले-चावल, राजमा-चावल, मटर-ब्रेड, विभिन्न प्रकार के पकौड़े, हॉट चाट, पेटीज, पॉपकॉर्न, गुलाब जामुन, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, जीरा सोडा, कुल्फी एवं शरबत सहित अनेक प्रकार की प्रसादी वितरित की गई। बच्चों के लिए कुरकुरे, टेढ़े-मेढ़े चिप्स सहित अन्य खाद्य सामग्री की भी व्यवस्था की गई।
कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र गोयल ने बताया कि समिति की तैयारियां करीब दो माह पूर्व से शुरू हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि जो शिवभक्त सुबह घर से खाली पेट भगवान शिव की आराधना के लिए निकलता है, वह घर लौटते समय भूखा न जाए—यही समिति की सेवा भावना का मूल उद्देश्य है।
दिनभर गूंजते रहे हर-हर महादेव के जयकारे
भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की और समिति के सेवा कार्य की सराहना की। आयोजन स्थल पर दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे। शहर के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भी आयोजन में सहभागिता की।
आयोजन की व्यवस्थाओं में संस्थापक संदीप सिंघल, सह-संस्थापक सचिन गोयल, अध्यक्ष सौरभ वर्मा, महामंत्री अविनाश राणा, कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित यादव एवं सोनू मित्तल, उपाध्यक्ष मनोज सिंघल एवं सुमित गोयल, मंत्री नितिन गोयल, शैलेन्द्र वर्मा एवं अमन गोयल, सह-मंत्री कृष्णा अग्रवाल, शुभम वर्मा एवं देवेश गोयल, लेखा प्रमुख अतुल सिंघल, आनंद पंडित, टीटू सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।