: तीर्थ बटेश्वर पहुंचे सीएम योगी ने सांस्कृतिक संकुल भवन-अटल प्रतिमा का किया लोकार्पण
Mon, Dec 25, 2023
आगरा. 25 दिसम्बंर 2023। आज सोमवार को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीर्थ बटेश्वर पहुंचे जहां सर्वप्रथम उन्होंने स्वर्गीय अटल जी की स्मृतियों को संजोए हुए सांस्कृतिक संकुल भवन और उसके सामने बने अटल जी की प्रतिमा का बटन दबाकर लोकार्पण किया। इसके बाद सीएम योगी ने अटल बिहारी वाजपेयी के परिजनों व करीबियों से मुलाकात कर उनका शॉल उड़ा कर सम्मान किया।
इसके बाद सीएम योगी ने बटेश्वर स्थित ब्रह्मलाल मंदिर पहुंच विधिवत पूजन किया और वहां से पैदल चलते हुए हेलीपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने बटन दबाकर बृज हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत की। बताते चलें कि यह देश की पहली हेलीकॉप्टर सेवा है जो आपको आगरा और गोवर्धन तीर्थ स्थल का ऊपरी भ्रमण-दर्शन कराएगी। फिर सीएम योगी ने तीन दिवसीय अटल किसान मेला एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद वे कार्यक्रम मंच की ओर चले गए।
: अटल देह तज कर कहां चल दिए, अटल गीत गंगा ये बहती रहेगी…
Mon, Dec 25, 2023
अटल उद्यान में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस की पूर्व बेला पर अटल गीत गंगा आयोजन समिति द्वारा 12वें अटल गीत गंगा कार्यक्रम का किया गया आयोजन
स्व. अटल जी के गीतों को स्वर प्रदान कर व कवि सम्मेलन आयोजित कर दी गई श्रद्धांजलि, अटल गीत के सम्मान से साहित्यकारों को किया सम्मानित
आगरा। व्यथित गीत कविता ये कहती रहेगी, ये शब्दों की लौ संग दहती रहेगी। अटल देह तजकर कहां चल दिए, अटल गीत गंगा ये बहती रहेगी…। कवियत्री रुचि चतुर्वेदी की ये पंक्तियां भावपूर्ण श्रद्धांजलि थी भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को। उनके जन्मदिवस की पूर्व बेला पर आज अटल गीत गंगा आयोजन समिति व आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा 12वें अटल गीत गंगा कार्यक्रम का अटल उद्यान में आयोजित किया गया। जहां श्रद्धां के रूप में स्व. अटल जी की रचनाओं को स्वर प्रदान करने के साथ कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि कैबिनेट राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने स्व. अटल जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित व माल्यापर्ण कर किया। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम के संयोजक अशोक चौबे व नागेन्द्र दुबे ने इलायची की माला पहनाकर किया। इस अवसर अटल गीत सम्मान से सोम ठाकुर व कुसुम चतुर्वेदी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठता, ईमनदारी और आशा निराशा के भंवर से युवाओं को उबरने की सीख देती स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की रचनाएं जब प्रख्यात गायक सुधीर नारायण के संगीतमय स्वरों में लिपटकर आयीं तो हर हरफ तालियों की गड़गड़ाहट उनका स्वागत करती नजर आयी। सुधीर नारायण ने स्व. अटल जी की रचनाओं ठन गई मौत से ठन गई…, जीवन की डोर छोड़ छूने तो मचली…, झुकी न अलके, छपी न पलकें…, गूंजी हिन्दी विश्व में, स्वप्न हुआ साकार… की प्रस्तुति ने मानो दर्शकों के समक्ष टल की यादों को फिर से जीवन्त कर किया ।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, विधायक विजय शिवहरे, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पूर्व सांसद प्रभुदयाल खंडेलवाल, राज्य महिला आयोजग की सदस्य निर्मला दीक्षित, भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, डॉ. रंजना बंसल, बबिता चौहान, एडीए सचिव गरिमा सिंह, अधिशासी अभियन्ता पूरन कुमार, शिव शंकर शर्मा, बबिता चौहान, बीना लवानियां, डॉ. रामबाबू हरित, प्रमोद गुप्ता, मोहित जैन, संजीव चौबे, अनिल चौधरी, कैलाश मंदिर के महन्त निर्मल गिरि आदि उपस्थित थे।
भारत की माटी है चंदन और अबीर….
कवि सम्मेलन में सोम ठाकुर ने मेरे भारत की माटी है चंदन और अबीर, सौ सौ नमन करूं मैं भैया सौ सौ नमन करूं…, व्यंगकार अनुज त्यागी ने बॉलीवुड के हीरो हैं वो छवि है उनकी आला, फैन को लागे तीर भी उनके हाथ में जैसे भाला…, शिखा सिंह ने मुख देखता ही रहा विश्व और थी उतारी, परमाणु शक्ति माता भारती के तल पर…, पदन गौतम ने नीर से विरल थे वो, सौम्य थे सरल थे वो खिले हुए कमलों का हार थे अटल जी…, रामेन्द्र त्रिपाटी ने शब्द मसीहा चला गया है, भारत के आकाश में, परमपिता को लेने पहुंचा है अपने विश्वास में…, मोहित सक्सेना ने भारत के भाल पर जब कील गाढ़ी जा रही हो, कुरुसभा में रोज पांचाली उघाड़ी जा रही हो…, रचनाएं प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। संचालन रुचि चतुर्वेदी ने किया।
आज से अटल उद्यान बना सेल्फी प्वाइंट
आगरा। अटल गीत गंगा आयोजन समिति व एडीए के प्रस्ताव सेल्फी प्वाइंट का नाम बदलकर अटल उद्यान रखने के प्रस्ताव पर मोहर लगाते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि अटल जी के नाम पर उद्यान है तो जल्दी ही इसका लोकार्पण जोर शोर से किया जाएगा। इतना ही नहीं अटल उद्यान का लगभग दो करोड़ की धनराशि से सौन्दर्यीकरण भी कराया जाएगा। अटल जी द्वारा देश में सड़कों का विस्तार देने की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा शेरशांह शेरी के बाद अटल जी ही थे जिन्होंने हर शहर को गांव से सड़कों द्वारा जोड़ा। एडीए द्वारा आज अटल उद्यान में स्व. अटल जी की स्थायी तस्वीर का भी लोकार्पण किया गया।
: कान्हा की नगरी में 63 जोड़ों ने किया एकादशी उद्यापन
Sat, Dec 23, 2023
•
वृन्दावन में आयोजित किया गया सामूहिक एकादशी उद्यापन समारोह,
•
63 जोड़ों ने किया उद्यापन, यज्ञ के साथ कल होगा समापन
आगरा। एकादशी महारानी के जयकारों संग 26 कथाएं और श्रीहरि का सत्संग। हर तरफ भक्तिमय आनन्द और उत्साह और श्रीराधे के जयकारे। कुछ ऐसा ही दृष्य था आज कान्हा की नगरी वृन्दावन में माथुर वैश्य एकादशी उद्यापन समिति द्वारा माथुर वैश्य भवन में आयोजित सामूहिक एकादशी उद्यापन समारोह में। जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों के (कर्नाटक, राजस्थान, आंध्र प्रदेश पंजाब, मध्य प्रदेश, उप्र, गुजरात, महाराष्ट्र आदि) 63 जोड़ों ने भाग लिया।
माथुर वैश्य सामूहिक गान, गद्दी व कलश पूजन मंत्रोच्चारण व विधि विधान के साथ सम्पन्न कराया। इसके उपरान्त 26 ब्राह्मणों द्वारा 63 जोड़ों के समक्ष एकादशी उद्यापन की 26 कथाओं का विस्तार पूर्वक वर्णन किया। प्रत्येक माह में कृष्ण व शुक्ल पक्ष व अधिक मास की दो कथाओं सहित 26 कथाओं के महात्म्य को समझाया। पूजन के उपरान्त ब्रह्म भोज हुआ। शाम को संध्या आरती से पूर्व भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें यजमानों सहित उनके परिजनों व समिति के सदस्यों ने श्रद्धा भाव के साथ भाग लिया।
व्यवस्थाएं एकादशी उद्यापन समिति की संयोजिका कुमकुम गुप्ता ने सम्भाली। बताया कि 24 दिसम्बर को यज्ञ के साथ उद्यापन सम्पन्न होगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से मीनाक्षी, संध्या, मनीषा, पूनम, नीलिमा, रूबी, अनीता, क्षमा, मृदुला, शिमला, अन्ना, रीना, स्वदेश, रमा, मण्डलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, अध्यक्ष अशोक, महामंत्री सुनील, दिलीप गिंदौलिया, कल्याणदास, कुलदीप गुप्ता, रघुनाथ, राकेश, विनोद सर्राफ, मनोज, पवन, बालकिशन, विनोद, अचल सर्राफ, पंकज, चंद्रकान्त, संजीव, नरेश, दिलीप, लल्लाजी, संजीव आदि मौजूद थे।