: गोकुल में मचा उल्लास, नंद के आनंद भयो
Wed, Oct 29, 2025
• श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के चौथे दिन नंदोत्सव, पूतना उद्धार और डांडिया नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति
• स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर के निर्देशन में जीवंत हुई गोकुल की भक्ति और प्रेममयी झांकी
आगरा। “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोषों से गूंज उठा पूरा लीला स्थल। वाटर वर्क्स स्थित गौशाला प्रांगण में चल रहे श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के चौथे दिन मंगलवार को आयोजित नंदोत्सव, पूतना उद्धार एवं डांडिया नृत्य संध्या में भक्तिभाव, उल्लास और आनंद का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री रास बिहारी कृपा सेवा ट्रस्ट वृंदावन के प्रसिद्ध लीला निर्देशक स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर के दिव्य निर्देशन में प्रस्तुत इस मंचन ने दर्शकों को गोकुल की आनंदमयी भक्ति में डुबो दिया।
स्वरूपों की आरती नेशनल चैंबर के अध्यक्ष संजय गोयल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, योगेंद्र सिंघल, शलभ शर्मा और अतुल गुप्ता, संजय गोयल, संजय आगरा स्टील, विवेक जैन, मनोज गुप्ता, अशोक हरियाणा, मनोज बंसल, राजेंद्र अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, मुकुंद, संजय चेली के साथ श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजय गर्ग, अशोक गोयल, शेखर गोयल ने की।
कार्यक्रम का आरंभ नंदोत्सव के उल्लासमय दृश्य से हुआ। ज्यों ही यह समाचार फैला कि “नंद के घर आनंद भयो, नंदलाल पैदा भए”– पूरा ब्रज आनंदित हो उठा। गोप-गोपिकाएँ बधाइयाँ गाने लगीं, ढोल-मंजीरों और बांसुरी की धुनों पर लोग थिरक उठे। मक्खन-मिश्री की बधाइयाँ लुटाई गईं, महिलाएँ सिर पर कलश लिए नाच उठीं और कलाकारों ने गोकुल के उत्सव का ऐसा जीवंत चित्रण किया मानो स्वयं द्वापर युग उतर आया हो।
इसके पश्चात मंचित हुई पूतना उद्धार लीला। कथानुसार, पूतना राक्षसी के रूप में श्रीकृष्ण को मारने आई थी, किंतु भगवान ने उसके विष सहित प्राण हर लिए और उसे मोक्ष प्रदान किया। इस दृश्य में स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर के निर्देशन में कलाकारों ने मातृत्व, दया और उद्धार की भावना को अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया।
यह प्रसंग दर्शकों के लिए यह संदेश लेकर आया कि भगवान की शरण में आने वाला कोई भी प्राणी, चाहे वह शत्रु ही क्यों न हो, उद्धार का पात्र बन जाता है।
वाटर वर्क्स स्थित गौशाला प्रांगण में श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्री कृष्ण लीला में पूतना वध की लीला का मंचन करते कलाकार।
संध्या का समापन डांडिया नृत्य से हुआ। रंगीन परिधानों में सजे गोप-गोपिकाओं ने श्रीकृष्ण भजनों की धुन पर डांडिया खेला। ढोलक, मंजीरा और बांसुरी की लय पर पूरा परिसर झूम उठा। दर्शक भी इस भक्ति और उल्लास के प्रवाह में शामिल हो गए। हर ओर केवल प्रेम, संगीत और श्रीकृष्ण नाम की गूंज सुनाई दी।
बुधवार को लगेगा विशाल रक्तदान शिविर
समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को लीला स्थल पर “काले खान मदन मोहन लीला” का मंचन किया जाएगा, जिसमें एक भक्त और भगवान के भावनात्मक संबंध का वर्णन किया जाएगा। साथ ही भक्तों के लिए “फूलों की होली” का भव्य आयोजन होगा, जिसमें वृंदावन की पारंपरिक रंगभरी रास का आनंद लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि लीला स्थल पर बुधवार की सुबह 10:30 बजे से 1:30 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने शहरवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान कर मानवता की सेवा में भाग लें।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विजय रोहतगी, अशोक गोयल, शेखर गोयल, गिर्राज बंसल, ब्रजेश अग्रवाल, लक्ष्मण शर्मा, विष्णु अग्रवाल, केसी अग्रवाल, अनीश अग्रवाल, केके अग्रवाल, अनूप गोयल, विनीत अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
: दीपों की रौशनी, भजनों की स्वर लहरियाँ और डांडिया की थापों से गूंजा अन्नकूट महोत्सव
Mon, Oct 27, 2025
अन्नकूट महोत्सव संग प्रभु-प्रिय डांडिया एवं भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धा और आनंद का सैलाब
श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार द्वारा आयोजित हुआ भव्य समारोह
आगरा। सोमवार को कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन भवन भक्ति, उल्लास और रंगारंग संस्कृति के सुरों से आलोकित हो उठा, जब श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार द्वारा अन्नकूट महोत्सव संग प्रभु-प्रिय डांडिया एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। दीपों की जगमगाहट, सुगंधित पुष्पों की सज्जा और भजनों की मनमोहक धुनों ने श्रद्धालुओं को अध्यात्म और आनंद के सागर में डुबो दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संरक्षक महंत कपिल नागर, मुख्य अतिथि उप्र लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, चंद्रमोहन बंसल, संतोष मित्तल, अमित पाराशर, विकास गोयल द्वारा दीप प्रज्वलन और गिरिराज जी पूजन से हुआ। इस पावन क्षण में संस्थापक नितेश अग्रवाल, विशाल बंसल, अजय सिंघल ने गिरिराज महाराज के चरणों में नमन किया।
भक्ति और संगीत से ओतप्रोत भजन संध्या में सदस्य भजनों पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। इसके पश्चात शुरू हुए प्रभु-प्रिय डांडिया उत्सव में सदस्यों ने रंग-बिरंगे परिधानों में थिरकते हुए भक्ति और आनंद का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम संयोजक महेंद्र जैन, दिनेश अग्रवाल, विजय बंसल और गिरीश अग्रवाल ने सभी का स्वागत किया। भवन में सजे पुष्पों, दीपमालाओं और आकर्षक विद्युत सज्जा ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक आभा से आलोकित कर दिया।
संस्थापक नितेश अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अन्नकूट महोत्सव हमारी आस्था और प्रेम का उत्सव है। गिरिराज महाराज की कृपा से यह आयोजन हर वर्ष भक्ति और उल्लास का संदेश लेकर आता है। भजन संध्या और डांडिया के माध्यम से हम आनंद और अध्यात्म को एक सूत्र में पिरोते हैं, ताकि समाज में एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।
कार्यक्रम के समापन पर गिरिराज जी का भव्य अन्नकूट भोग लगाया गया। सामूहिक प्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर आशी अग्रवाल, ज्योति, विकास वर्मा, नीरज मित्तल, विकास जैन, रवि गोयल आदि उपस्थित रहे।
: कंस कारागार में जन्मे नंदलाल, हरि अवतरित हुए अधर्म का नाश करनिहार…
Mon, Oct 27, 2025
श्रीकृष्ण लीला मंचन में हुआ अधर्म पर धर्म की विजय का दिव्य चित्रण
रास बिहारी कृपा सेवा ट्रस्ट वृंदावन के स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर के निर्देशन में जीवंत हुई द्वापर की झांकी
आगरा। भक्ति, भाव और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण वातावरण में सोमवार को श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण लीला में मंचित हुआ वसुदेव देवकी विवाह, आकाशवाणीएवं कारगार में श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग, जिसने श्रद्धालुओं को द्वापर युग की अद्भुत यात्रा पर पहुँचा दिया।
प्रसिद्ध लीला निर्देशक स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर (रास बिहारी कृपा सेवा ट्रस्ट, वृंदावन) के दिव्य निर्देशन में प्रस्तुत इस मंचन में संवाद, संगीत और अभिनय का ऐसा संगम देखने को मिला कि दर्शक भावविभोर हो उठे।
महिला शांति सेना की अध्यक्ष वत्सला प्रभाकर, शीला बहल, श्रुति सिन्हा, रीता कपूर, निधि जैन, मंजू खंडेलवाल द्वारा श्रीकृष्ण स्वरूप की आरती उतारी। मंचन का शुभारंभ कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, व्यापारी नेता रवि प्रकाश अग्रवाल और डॉ कुंदनिका शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, लीला संयोजक शेखर गोयल, पार्षद मुरारी लाल गोयल, गिर्राज बंसल आदि उपस्थित रहे। योगेंद्र सिंघल द्वारा लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया।
लीला का आरंभ हुआ कंस द्वारा वसुदेव और देवकी के विवाह के दृश्य से। जब कंस के रथ पर आकाशवाणी हुई, “अरे कंस, जिसकी तू रक्षा कर रहा है, वही तेरे मृत्यु का कारण बनेगा”, तो वातावरण में सिहरन दौड़ गई।
कंस का क्रोध, देवकी-वसुदेव का कारागार में बंद होना, रोहिणी का ब्रजगमन और बलराम जी का जन्म – सबकुछ अत्यंत भावपूर्ण ढंग से मंचित हुआ।
इसके पश्चात दृश्य परिवर्तित हुआ। गौरूप पृथ्वी माता, देवताओं सहित क्षीरसागर में भगवान विष्णु के पास पहुंचीं। देवताओं की स्तुति और भगवान का यह वचन, “मैं वसुदेव के यहाँ अवतरित होकर अधर्म का नाश करूँगा”, सुनते ही लीलास्थल जयघोषों से भर गया। नारद आगमन दृश्य में भक्ति और संवाद का अद्भुत संतुलन देखने को मिला। कंस के अत्याचार, देवकी की छह संतानो का वध और मातृत्व के दर्द से भरे संवादों ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। मंचन का चरम क्षण तब आया जब कारागार में श्रीकृष्ण का प्राकट्य हुआ।
बांसुरी की मधुर ध्वनि, मंद प्रकाश और पुष्प वर्षा के बीच शिशु कृष्ण के दर्शन होते ही पूरा प्रांगण “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के उद्घोषों से गूंज उठा। वसुदेव जी द्वारा शिशु कृष्ण को यमुना पार कर गोकुल ले जाने के दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। योगमाया के जन्म, कंस द्वारा कन्या वध का प्रयास और योगमाया का अष्टभुजा रूप में आकाश गमन करते हुए भविष्यवाणी करना, इस लीला ने यह संदेश दिया कि सत्य सदा अजेय रहता है।
अध्यात्म और मानव सेवा की मिसाल श्री कृष्ण लीला
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि यह मंचन केवल अभिनय नहीं, बल्कि आत्मा को स्पर्श करने वाला धर्म–सत्य का उद्घोष है। जब अधर्म बढ़ता है, तब भगवान अवतार लेकर संतों की रक्षा करते हैं, यही संदेश हर लीला में निहित है। उन्होंने बताया कि मंगलवार, 28 अक्टूबर को नंदोत्सव, पूतना उद्धार लीला और डांडिया नृत्य संध्या का भव्य आयोजन होगा। दर्शक अगले दिन “गोकुल की उल्लासमयी भक्ति यात्रा” के साक्षी बनेंगे। 29 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से 1:30 बजे तक पहली श्री कृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत लीला स्थल पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। प्राचीन सीताराम मंदिर वजीरपुरा के महंत अनंत उपाध्याय और पंडित मुकेश शर्मा प्रथम रक्तदाता होंगे।
ये रहे उपस्थित
वत्सला प्रभाकर, श्रुति सिन्हा, पार्षद पूजा बंसल, सुजाता अग्रवाल, रेनू गर्ग, प्रीति अग्रवाल, शीला बहल, अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महामंत्री विजय रोहतगी, गिर्राज बंसल,अशोक गोयल, शेखर गोयल, अनीश अग्रवाल, मनोज बंसल, अनूप गोयल, लक्षमण शर्मा, विनीत अग्रवाल, धर्मेंद्र चौधरी, केके अग्रवाल, तनु गुप्ता आदि उपस्थित रहीं।