: मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से विश्व एड्स दिवस पर निकाली गयी जनजागरूकता रैली
Fri, Dec 1, 2023
आगरा, 01 दिसंबर 2023। विश्व एड्स दिवस आज शुक्रवार को मनाया गया। कार्यक्रम में जागरुकता रैली निकालकर लोगों को एड्स से बचाव के लिए प्रेरित किया गया। इस बीच स्वास्थ्य कर्मियों व एनजीओ के प्रतिनिधियों ने जागरुकता वाले नारे लगाए। सीएमओ डॉ.अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ह्यूमन इम्युनो डिफिशियंसी वायरस (एचआईवी) शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को धीरे-धीरे कम करता है और समय से पहचान कर उपचार न शुरू करने से इस क्षमता को नष्ट भी कर देता है। सिर्फ मनुष्य में पाए जाने वाले इस वायरस का एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में संक्रमण संक्रमित रक्त या असुरक्षित यौन संपर्क के जरिये ही हो सकता है। ऐसे मरीज के साथ रहने, खाने, सोने, हाथ मिलाने, चुंबन करने या उसके इस्तेमाल किये गये बिस्तर व शौचालय का इस्तेमाल करने से संक्रमण नहीं होता है।
सीएमओ ने बताया कि एचआईवी पॉजिटिव गर्भवती महिलाओं की शीघ्र पहचान के लिए प्रसवपूर्व देखभाल के हिस्से के रूप में गर्भवती महिलाओं के बीच परिधि स्तर की एचआईवी जांच की सुविधा प्रदान की जाती है, साथ ही माता-पिता से बच्चे में संचरण की संभावना को कम करने के लिए उन्हें पीपीटीसीटी सेवाओं से जोड़ा जाता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से जागरुकता रैली को रवाना किया गया। इसके बाद सभागार में गोष्ठी में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने कहा कि एचआईवी संक्रमण की आखिरी अवस्था को एक्वायर्ड इम्युनो डिफिशियंसी सिंड्रोम (एड्स) कहते हैं। यह ऐसी अवस्था है जिसमें एचआईवी के साथ साथ कई बीमारियों के लक्षण दिखने लगते हैं। इस अवस्था में मनुष्य बीमारियों से लड़ने की ताकत पूरी तरह से खो देता है। एड्स एक लाइलाज बीमारी है। पूर्ण और सही जानकारी ही इसका एक मात्र उपचार है। एचआईवी की समय से पहचान कर एंट्री रेट्रो वायरल ट्रीटमेंट (एआरटी) औषधियों का सेवन किया जाए तो मरीज अच्छा, लम्बा और स्वस्थ जीवन जी सकता है।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि एचआईवी-एड्स के बारे में व्यापक ज्ञान वृद्धि करना, एचआईवी-एड्स के बारे में जानकारी का रोचक तरीके से प्रचार-प्रसार करना और जिला एड्स नियंत्रण सोसाइटी आगरा द्वारा प्रदत्त सेवाओं की मांग में वृद्धि करना है। राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर 1097 का व्यापक प्रचार करना, स्वास्थ्य संबंधित मुद्दों पर सूचना के आदान-प्रदान के लिए इंटरेक्टिव मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में कुल 361 एचआईवी पॉजिटिव मरीज हैं, इनमें से कुल 318 मरीज ऑन एआरटी इलाज पर चल रहे हैं। जिनको एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के ART सेंटर से नियमित रूप में निःशुल्क दवाईयां उपलब्ध कराई जाती हैं।
एड्स के लक्षण
• वजन घटना
एक महीने से अधिक बुखार आना
एक महीने से अधिक दस्त
यह भी हैं सामान्य लक्षण
सीएमओ ने बताया कि लगातार खांसी, चर्म रोग, मुंह एवं गले में छाले होना, लगातार सर्दी एवं जुकाम, लसिका ग्रंथियों में सूजन व गिल्टी होना, याददाश्त खोना, मानसिक क्षमता कम होना और शारीरिक शक्ति का कम होना एड्स के सामान्य लक्षणों में शामिल है ।
भेदभाव से डरते हैं मरीज
रैली में आए आउट रीच वर्कर नौशाद का कहना है कि भेदभाव से एड्स के मरीज समाज में डर कर रहते हैं। उन्होंने बताया कि काउंसलिंग के समय हम मरीज को साहस देते हैं कि आपको एचआईवी का संक्रमण हुआ है, उसके बाद जानकारी देते हैं। एचआईवी एक संक्रमण है और एड्स एक अवस्था है, उपचार के दौरान नियमित दवा खाने से बेहतर जिंदगी जी सकते हैं।
: एस०एन० मेडिकल कालेज, आगरा में की गयी टूटी पसलियों की जटिल सर्जरी
Wed, Nov 29, 2023
आगरा। 25 वर्षीय मरीज की सड़क दुर्घटना में पसलियाँ टूटकर फेफडें में जा धंसी। मरीज असहनीय दर्द व साँस लेने में अत्यंत परेशानी के साथ इमरजेंसी में भर्ती हुआ। मरीज की करीब 9 पसलियाँ दांयें फेफड़े में टूट कर धंस गयी थी।
मरीज की जाँचों के उपरान्त उसे सुपर स्पेशलिस्ट, डॉ. सुशील सिंघल (सी०टी०वी०एस०) द्वारा सर्जरी कर कृत्रिम पसली लगायी गयी और प्लेटिंग कर रिबफिक्सेशन किया गया। ऑपरेशन के उपरान्त मरीज को कोई दर्द नहीं है एवं फेफड़े में कोई संक्रमण नहीं है। वर्तमान में मरीज स्वस्थ है।
डॉ. सुशील ने बताया कि इस प्रकार का ऑपरेशन जिसमें मरीज का रिबफिक्सेशन एवं स्टेबलाइजेशन किया गया है, आगरा एवं आस-पास के क्षेत्रों में पहली बार हुआ है। इस ऑपरेशन में डॉ. श्रिया श्रीवास्तव एवं डॉ. यशवर्धन का सहयोग रहा।
प्रधानाचार्य डॉ. प्रशान्त गुप्ता द्वारा बताया गया कि वर्तमान में एस०एन० मेडिकल कॉलेज, आगरा के सुपर स्पेशलिस्ट सर्जन द्वारा मरीजों की जटिलतम सर्जरी की जा रहीं हैं, जिससे आगरा एवं आस-पास के मरीज लाभांवित हो रहे हैं।
यह भी हुए कार्यक्रम
एस०एन० मेडिकल कालेज, आगरा में यू०जी०सी० एवं महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा के दिशा निर्देशानुसार ‘‘फिट इण्डिया सप्ताह’’ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। 28 नवम्बर को इन्डोर गेम्स जैसे- टेबिल टैनिस, कैरम, चैस आदि का आयोजन किया गया एवं एवं 30 नवम्बर को कबड्डी मैच का आयोजन किया जायेगा। इन खेलों में एम०बी०बी०एस० बैच 2023 के छात्र-छात्रओं द्वारा भाग लिया गया। 19 नवम्बर को प्रातः 06.30 बजे मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें एम०बी०बी०एस० 2023 बैच के छात्र-छात्राओं द्वारा भाग लिया गया।
डा० प्रशान्त गुप्ता, प्रधानाचार्य, एस. एन. मेडिकल कॉलेज आगरा द्वारा छात्र-छात्राओं को फिटनेस की शपथ दिलाई गयी। कार्यक्रम का संचालन डॉ.दिव्या श्रीवास्तव एवं डॉ. हरेन्द्र शर्मा द्वारा किया गया।
: आगरा आर्थाेपेडिक सोसाइटी ने किया Hip 360 Degree पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
Sun, Nov 26, 2023
आगरा। आगरा आर्थाेपेडिक सोसाइटी द्वारा उत्तर प्रदेश आर्थाेपेडिक एसोसिएशन के तत्त्वावधान में Hip 360 Degree पर आज होटल अमर, फतेहाबाद रोड़, आगरा में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
आगरा आर्थाेपेडिक सोसाइटी अध्यक्ष डा० संजय प्रकाश, सह अध्यक्ष डा० अतुल कुलश्रेष्ठ, डा० अश्वनी सडाना एवं आयोजन सचिव डा0 अमृत गोयल (विभागाध्यक्ष, अस्थि रोग विभाग, स० ना० मेडिकल कालेज, आगरा), वर्कशॉप समयन्वयक डा० संजय धवन के द्वारा सफल आयोजन किया गया।
Hip 360 Degree पर एक दिवसीय कार्यशाला में उपस्थित डॉक्टर्स
कार्यशाला के मुख्य अतिथि डा० अतुल श्रीवास्तव, डा० अनूप अग्रवाल, प्रेसिडेंट यू.पी.ओ.ए. एवं विशिष्ट अतिथि, प्रो० (डा०) प्रशांत गुप्ता डीन एवं प्रधानाचार्य, एस०एन० मेडिकल कालेज उपस्थित रहे।
आगरा आर्थाेपेडिक सोसायटी के अध्यक्ष डा० अरून कपूर, सचिव डा० राकेश मोहनिया द्वारा बताया कि कार्यशाला में मुम्बई के डा० डी०डी० तन्ना, डा० राम चड्डा, नई दिल्ली एम्स एवं मौलाना आजाद मेडिकल कालेज के विषय विशेषज्ञ, डा० ललित मैनी, डा० समर्थ मित्तल, डा० सी०पी० पाल, डा० सन्दीप कुमार, और अन्य प्रख्यात वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा कूल्हे के विभिन्न जटिल रोगों एवं खराब फैक्चर पर अपने-अपने व्याख्यान दिये एवं कार्यशाला में आस-पास के जिलों भरतपुर, सैफई, कन्नौज, लखनऊ, अलीगढ़ से एवं देशभर से लगभग 150 अन्य विषय विशेषज्ञों ने कार्यशाला में प्रतिभाग लिया।
इस कार्यशाला में एस०एन० मेडिकल कालेज, अस्थि रोग विभाग के डा० विवेक मित्तल, डा० ब्रजेश शर्मा, डा० रजत कपूर, डा० के० एस० दिनकर, डा० रविकान्त, डा० हेमन्त चाहर, डा० मयूर गुप्ता एवं डा० यशवर्धन शर्मा ने भी अपना योगदान दिया।
इस एक दिवसीय कोर्स के लिये आगरा आर्थाेपेडिक्स सोसाइटी के संरक्षक वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डा० एस०सी० साहू, डा० हरीश चद्रा, डा० के०के० प्रूथी, डा० संजय चतुर्वेदी, डा० विपुल अग्रवाल, डा० अरून गुप्ता डा० अनुपम गुप्ता एवं अतुल अग्रवाल आदि चिकित्सकों ने भी प्रतिभाग किया।
रिपोर्ट-प्रमोद कुशवाह