: क्लबफुट के लिए डॉक्टरों को किया प्रशिक्षित
Sat, Dec 23, 2023
अनुष्का फाउंडेशन द्वारा जिला अस्पताल में सहायक पर्यवेक्षण हुआ आयोजित
आगरा। क्लबफुट को खत्म करने के लिए अनुष्का फाउंडेशन द्वारा जिला अस्पताल में सहायक पर्यवेक्षण आयोजित हुआ। इसमें दो आर्थाेपेडिक डॉक्टरों और एक कास्टिंग तकनीशियन को अनुष्का फाउंडेशन के मास्टर ट्रेनर डॉ. नीरज अग्रवाल द्वारा प्रशिक्षित किया गया।
डॉ. नीरज ने बताया कि अनुष्का फाउंडेशन राज्य सरकार और विभिन्न चिकित्सा कर्मचारियों के सहयोग से क्लबफुट से पीड़ित बच्चों को उपचार प्रदान कर रहा है। क्लबफुट एक जन्म दोष है जो भारत में 800 नवजात शिशुओं में से एक को प्रभावित करता है। इलाज न किए जाने या अधूरा इलाज दिए जाने से बच्चे गंभीर रूप से प्रभावित हो सकते हैं और उन्हें आजीवन विकलांगता का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, उचित उपचार से क्लबफुट का पूरी तरह से इलाज संभव है और आजीवन विकलांगता से आसानी से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि क्लबफुट को खत्म करने के लिए अनुष्का फाउंडेशन ने अपने क्लबफुट कार्यक्रम को लागू करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सरकार के साथ साझेदारी की। संगठन क्लबफुट और उनके उपचार कार्यक्रम के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) योजना, आशा कार्यकर्ताओं, स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य चिकित्सा कर्मचारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। इस दौरान सपोर्टेड सुपरविजन में आरबीएसके के डीईआइसी मैनेजर रमाकान्त शर्मा एवम अनुष्का फाउंडेशन के ब्रांच मैनेजर विशाल सक्सेना और राज कुमार मौजूद रहे।
: आईएमए के शीत उत्सव में बिखरे भारतीय संस्कृति के सतरंगी रंग
Thu, Dec 21, 2023
फिल्मी तरानों पर थिरके डॉक्टर, कैटवॉक में बिखरे फैशन के जलवे
आईएमए द्वारा आयोजित शीतकालीन उत्सव में बिखरे खुशियों व उमंग के रंग, डॉ. पंकज नगायच को कनकलाता मेडल प्रदान कर किया गया सम्मानित
आगरा। फिल्मी तराने, डांस का धमाल और कैटवॉक पर बिखरे फैशन के सतरंगी रंग। विभिन्न रंगों के साथ अनेकता में एकता के संदेश को पिरोए भारतीय कला और संस्कृति की छटा। कुछ ऐसा ही उत्साह और उमंग से भरपूर नजारा था आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) द्वारा आयोजित शीत उत्सव में। जहां मरीजों की बीमारियों से घिरे रहने वाले शहर के डॉक्टरों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक की कला व संस्कृति के माध्यम से भारत के अनेकता में एकता के संदेश के साथ विभिन्न रंगों को एक मंच पर बिखेरा।
फतेहाबाद रोड स्थित हरे कृष्णा रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ अध्यक्ष डा मुकेश गोयल, सचिव डा पंकज नगायच,पूर्व अध्यक्ष डा ओ पी यादव, अध्यक्ष निर्वाचित डा अनूप दीक्षित, कोषाध्यक्ष डा योगेश सिंघल, सांस्कृतिक सचिव डा कविता भटनागर ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम संयोजक व सचिव डॉ. पंकज नगायच ने कार्यक्रम को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को समर्पित करते हुए कहा कि भारत की विशेषता अनेकता में एकता की कड़ियों को पिरोना ही उद्देश्य है। जिससे देश में एकता और सम्वृद्धि का विस्तार हो। कार्यक्रम के प्रारम्भ में अभिश्री गुप्ता व दिशा गुप्ता ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद शुरु हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का धमाल जहां पधारो म्हारे देश… और रेशम का रूमाल जैसे गीतों पर राजस्थान के तो वहीं भागड़ा और गरबा की प्रस्तुति में पंचाब और गुजरात की लोक कलाओं के रंग बिखरे नजर आए। कश्मीर के बुमरो-बुमरो… व गोवा-गोवा वाले बीच पे, ब्लू है पानी-पानी… गीत पर जब डॉक्टरों के कदम थिरके तो मानों भारत के विभिन्न प्रांतों की संस्कृति और कला एक मंच पर जीवन्त हो उठी।
बंगाल की कला के रंगों को डॉ. साक्षी मिश्रा, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. गुंजन, डॉ. काव्या, डॉ. संचिल, डॉ. अर्चना ने बंगाली नृत्य और एसएन मेडिकल कालेज की डॉ. शिखा प्रकाश, डॉ. अपराजिता गोयल, डॉ. अर्पिता सक्सेना, डॉ. अलका यादव ने दक्षिण भारत के नृत्य की प्रस्तुति से सभी का दिल लुभा लिया। गोवा की कला और संस्कृति के रंगों को डॉ. शम्मी कालरा, डॉ. विनय गुप्ता, डॉ. मनीषा गुप्ता, डॉ. रश्मि सक्सेना, डॉ. अंजना पांडे, डॉ. राशि गुप्ता, डॉ. गौरव राजपाल, डॉ. मीनाक्षी गोयल, डॉ. खुशबू माहेश्वरी, डॉ. जली गुप्ता, डॉ. कौस्तुभ साने ने बिखेरा। रैम्प वॉक पर फैशल के रंगों को डॉ. हिमांशु, डॉ. मनोज अग्रवाल, डॉ. अशांक गुप्ता, डॉ. अतुल बंसल, डॉ. धर्मेन्द्र शर्मा, डॉ. अनुपम गुप्ता, डॉ. योगेश सिंघल, डॉ. अनूप दीक्षित, डॉ. आरएम पचौरी, डॉ. ओपी यादव, डॉ. पंकज नगायच, डॉ. मुकेश गोयल, डॉ. कविता भटनागर ने बिखेरे। संचालन .डा स्मिता और डा कविता ने किया।
डॉ. नगायच को प्रदान किया कनकलाता मेडल
आगरा। आईएमए उप्र द्वारा शाहजहांपुर में आयोजित कार्यक्रम में आगरा ब्रांच के सचिव डॉ. पंकज नगायच को विशेष मेम्बरशिप ड्राइव के लिए कनकलाता मेडल प्रदान किया गया था, जिसे आज कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा डॉ. पंकज नगायच को प्रदान किया गया। इसके साथ आईएमए आगरा ब्रांच द्वारा डायबिटीज जागरूकता के साप्ताहिक कार्यक्रम के लिए विशेष ब्रांच की ट्राफी अध्यक्ष डॉ. मुकेश गोयल व सचिव डॉ. पंकज नगायच को प्रदान की गई। कार्यक्रम में पिछले कुछ समय में खोए आईएमए के साथियों को दो मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।
: हाल में ही आयोजित होम्यो विजडम में डॉ राजेंद्र सिंह हुए सम्मानित
Tue, Dec 19, 2023
आगरा। ताजनगरी आगरा में आयोजित एक दिवसीय होम्योपैथी सेमिनार आयोजित किया गया था जिसमें शहर के वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक डॉ राजेन्द्र सिंह को कई सम्मानों से सम्मानित किया गया।
वसुंधरा राजे होमियोपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय ग्वालियर ने होम्यो विजडम में हाई अचीवर अवार्ड से सम्मानित किया गया। महाविद्यालय परिवार की तरफ से कहा गया कि डॉ. राजेंद्र सिंह इस महाविद्यालय के छात्र भी रहे हैं वर्तमान में प्रबंधन समिति में भी उपाध्यक्ष के पद पर काफी समय से काम कर रहे हैं डॉ राजेंद्र सिंह, महाविद्यालय के उन दो चिकित्सकों में से एक हैं जिन्होंने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ होम्योपैथिक फिजिशियंस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पहली बार जगह बनाई है आईआईएचपी देश के होमियोपैथिक चिकित्सको का 75 वर्ष पुराना संगठन है जो कि देश में होम्योपैथी के लिए दिन रात काम करता है
इस उपलब्धि के लिए आईआईएचपी आगरा यूनिट ने भी उन्हें सम्मानित किया था। साथ ही होम्यो विजडम के समापन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रो एस पी सिंह बघेल द्वारा होम्यो विजडम एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उसी दिन आईआईएचपी उत्तर प्रदेश का संयोजक भी डॉ. राजेंद्र सिंह को बनाया गया था